माया के काम को मिस्टरबीस्ट का सलाम, यूट्यूब स्टार ने तोहफे में दिए 10000 डॉलर
गुजरात की माया गुप्ता की एक साल की कोशिश आखिरकार रंग लाई। वह अपने चैलेंज के 365वें दिन यूट्यूब स्टार मिस्टरबीस्ट से मिलने में सफल रहीं। मिस्टरबीस्ट ने न सिर्फ माया के काम को सराहा बल्कि तोहफे में 10000 डॉलर भी दिए।

कहते हैं न कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। कुछ ऐसा ही कर दिखाया गुजरात की माया गुप्ता ने। अपने एक साल के चैलेंज के आखिरी दिन वह यूट्यूब स्टार मिस्टरबीस्ट (असली नाम जिमी डोनाल्डसन) से मिलने में सफल रहीं। मिस्टरबीस्ट ने न सिर्फ माया के काम को सराहा बल्कि 10000 डॉलर (लगभग 9.5 लाख रुपए) तोहफे में दिए हैं। माया ने अपने आसपास के लोगों की मदद करने के साथ-साथ मिस्टरबीस्ट से मिलने की कोशिश में एक साल बिताया था।
माया आखिरकार अपने चैलेंज के 365वें दिन उस यूट्यूबर से मिलीं। इसके साथ ही उनका एक साल लंबा मिशन पूरा हो गया, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर भी दिखाया था। मुलाकात के दौरान मिस्टरबीस्ट ने कहा कि उन्होंने अपने समुदाय के लोगों को खाना खिलाने की उनकी कोशिशों पर ध्यान दिया था और वे उनके काम को सम्मान देना चाहते थे।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि यह माया हैं, जो पिछले एक साल से अपने आस-पास के लोगों को खाना खिला रही हैं और अपने सभी वीडियो में मुझे टैग करती रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैंने देखा कि पिछले एक साल में उन्होंने अपने समुदाय के लिए कितना अच्छा काम किया है। मैं उन्हें एक तोहफा देना चाहता था। इसके बाद उन्होंने माया को उनके सामुदायिक कार्यों में मदद के लिए 10000 डॉलर दिए। माया ने बताया कि वह इस पैसे को सिर्फ अपने पास रखने के बजाय दूसरों के साथ बांटना चाहती हैं और लोगों की मदद करना जारी रखना चाहती हैं।
माया गुप्ता कौन हैं?
माया गुप्ता ने गुजरात के सूरत से अपनी चुनौती की शुरुआत की। उनका लक्ष्य दुनिया के सबसे लोकप्रिय यूट्यूब क्रिएटर्स में से एक मिस्टरबीस्ट (MrBeast) से मिलना था। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @mayaforbeast का इस्तेमाल किया। वे अपने वीडियो में लगातार मिस्टरबीस्ट को टैग करती रहीं और उन तक पहुंचने की अपनी कोशिशों के बारे में अपडेट शेयर करती रहीं। पूरे साल उन्होंने अपने लोकल समुदाय के लोगों को खाना खिलाने के अपने काम का रिकॉर्ड रखा। जैसे-जैसे दिन बीतते गए, उनके मिशन को ऑनलाइन लोग पसंद करने लगे।
कैसे हुई मिस्टरबीस्ट से मुलाकात
माया को सितंबर में एक बड़ी कामयाबी मिली जब उन्होंने बताया कि मिस्टरबीस्ट ने उनसे उनका ईमेल एड्रेस और वाट्सएप डिटेल्स मांगी थीं। इस बात से उम्मीद जगी कि उनसे संपर्क करने की उनकी लगातार कोशिशें आखिरकार रंग लाएगी। मुलाकात होने से पहले वह अपने फॉलोअर्स के साथ अपडेट शेयर करती रहीं। उनकी 365 दिनों की मेहनत पूरी हुई और चैलेंज के आखिरी दिन उनकी मुलाकात हुई।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
मिस्टरबीस्ट से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया यूज़र्स ने माया गुप्ता को उनका साल भर का चैलेंज पूरा करने पर बधाई दी। साथ ही मिस्टरबीस्ट की तारीफ की कि उन्होंने उनके कम्युनिटी वर्क को पहचाना। एक यूज़र ने कमेंट किया कि बधाई हो माया। तुम इसकी हकदार हो। एक और यूज़र ने लिखा कि बधाई हो माया। इसके लिए मिस्टरबीस्ट का शुक्रिया। तीसरे यूज़र ने कहा कि आखिरकार माया का सपना सच हो गया। धन्यवाद।

