
भाई और मां ने मिलकर युवती को मार डाला, भावनगर में मर्जी के खिलाफ करने जा रही थी शादी
संक्षेप: गुजरात के भावनगर में एक युवती की हत्या उसकी मां और भाई ने मिलकर कर दी। लड़की घरवालों की मर्जी के खिलाफ अपनी पसंद के लड़के से शादी करना चाहती थी।
गुजरात के भावनगर जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मां और भाई ने मिलकर अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। युवती अपने पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जिससे परिवार राजी नहीं था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
मामला भावनगर जिले के घोघा तालुका का है। यहां के एक गांव में 22 साल की पारुल सर्विया अपनी पसंद के लड़के से शादी करना चाहती थी। लेकिन घरवालों को ये मंजूर नहीं था। एक दिन जब पारुल अपने ब्वॉयफ्रेंड से इंस्टाग्राम पर चैटिंग कर रही थी, तभी उसके भाई प्रकाश ने उसे देख लिया। इसके बाद से घर में कलह शुरू हो गई। प्रकाश ने पारुल को कई बार मना किया कि वो उस लड़के से रिश्ता ना रखे लेकिन पारुल उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। पारुल ने यहां तक कह दिया था कि अगर घरवाले उसकी शादी उसकी पसंद के लड़के से नहीं करेंगे तो वो भाग जाएगी। बीते दिनों जब घरवालों ने जबरदस्ती की तो पारुल का भाइयों से झगड़ा हो गया। इतने में गुस्साए प्रकाश ने उसको चाकुओं से गोद डाला। चाकू से कई बार हमले में पारुल बुरी तरह घायल हो गई। कुछ देर के बाद पारुल की मौत हो गई। इस तरह एक परंपरा और घरवालों की जिद ने युवती की जिंदगी छीन ली।
हत्या करने के बाद घरवालों ने लाश को एक कुएं के पास छिपा दिया और उसी रात उसकी लाश लेकर चेक डैम के पास पहुंचे और उसी में फेंक दिया। बेटी के खून के धब्बों से बचने के लिए मां दया ने बेटी के ही कपड़े पहन लिए थे और उसे डैम में फेंक दिया।
इस घटना को लेकर मां और बेटे ने पिता को जानकारी देते हुए बताया कि पारुल चेक डैम के पास गई थी, तभी उसमें गिर गई। इसके बाद डैम के पास एक सड़ी-गली लाश में, जिसकी जांच करने पर पता चला कि वो पारुल की लाश थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला खुल गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लेखक के बारे में
Mohammad Azamलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




