जिस वंदे भारत ट्रेन से यात्रा कर रही थीं UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उस पर गुजरात में पथराव; पुलिस ने एक को दबोचा
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल केंद्र शासित प्रदेश दमन के प्रशासन द्वारा दमन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं।

गुजरात में सूरत के पास से गुजर रही मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार को एक व्यक्ति ने पथराव कर दिया, जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल भी मौजूद थीं। हालांकि जिस कोच पर पत्थर लगा, वह उस कोच से काफी दूर था जिसमें पटेल बैठी थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। घटना के बाद RPF की फुट पेट्रोल यूनिट ने पत्थरबाजी करने वाले आरोपी को दबोच लिया।
घटना की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया गया। वह मानसिक रूप से थोड़ा अस्थिर व्यक्ति है। उधर पश्चिमी रेलवे के वडोदरा डिवीजन के पुलिस अधीक्षक (SP) अभय सोनी ने बताया कि यह घटना सूरत जिले के उतरन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई और घटना के बाद उस व्यक्ति को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पकड़ लिया।
सोनी ने कहा, 'आरोपी शख्स के बैग में कुछ पत्थर मिले। पूछताछ के दौरान उसने RPF को बताया कि वह एक कुत्ते पर पत्थर फेंक रहा था।' घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी शख्स ने ट्रेन से पहले गुजरी एक मालगाड़ी पर भी पत्थर फेंके थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से थोड़ा अस्थिर लग रहा था और घटना के पीछे किसी जानबूझकर की गई हरकत या साजिश का कोई संकेत नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और पत्थर उस कोच पर नहीं लगे जिसमें पटेल यात्रा कर रही थीं।
सोनी ने कहा, 'इस घटना की वजह से ट्रेन के शीशे पर बस एक मामूली खरोंच आई है। किसी को कुछ नहीं हुआ। जिस कोच पर पत्थर लगा, वह उस कोच से काफी दूर था जिसमें पटेल बैठी थीं।' उन्होंने कहा कि उतरन पुलिस और रेलवे अधिकारी आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल केंद्र शासित प्रदेश दमन के प्रशासन द्वारा दमन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थीं।

