
16 साल पहले सिर काटकर बक्से में भर दी थी लाश, अब सूरत से पकड़ा गया आरोपी
संक्षेप: दिल्ली के बिंदापुर इलाके में डेढ़ दशक पहले हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक व्यक्ति की सिरकटी लाश लोहे के बक्से में बरामद हुई थी।
दिल्ली के बिंदापुर इलाके में 16 साल पहले हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक व्यक्ति की सिरकटी लाश लोहे के बक्से में बरामद हुई थी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी अशिक अली (55), मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का निवासी है, जिसे गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि वह 2009 से फरार चल रहा था। अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 का इनाम घोषित कर रखा था। 2011 में उसे अदालत ने अपराधी घोषित किया था। 5 जनवरी 2009 को बिंदापुर इलाके में लोहे के एक बक्से में एक व्यक्ति की सिरकटी लाश मिली थी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान हरीश चंद उर्फ बब्लू के रूप में हुई थी।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि जांच के करने पर पता चला कि यह हत्या पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर की गई थी। उन्होंने बताया कि मृतक का रिश्तेदार बनारसी लाल अपने साथी अशिक अली के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद दोनों ने शव और सिर को अलग-अलग ठिकानों पर फेंक दिया था ताकि पहचान न हो सके। बनारसी लाल को घटना के बाद ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। बाद में कोर्ट ने बनारसी लाल को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। लेकिन इस मामले में आरोपी अशिक अली फरार चल रहा था और पिछले डेढ़ दशक से पुलिस को चकमा दे रहा था।
बीते चार नवंबर को दिल्ली पुलिस को उसके सूरत में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम गुजरात भेजी गई और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय पुलिस की सूचना के आधार पर 5 नवंबर को उसे सूरत के भईया नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि अली पिछले चार साल से सूरत में दर्जी का काम कर रहा था। पूछताछ में उसने कबूला कि पैसों के विवाद के चलते ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर हरीश की हत्या की थी। वारदात के बाद वह परिवार के साथ लगातार ठिकाने बदलता रहा ताकि पुलिस की पकड़ में न आए। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

लेखक के बारे में
Mohammad Azamलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




