
यात्रिगण ध्यान दें! 21 और 22 अक्टूबर को अहमदाबाद मंडल की ये पैसेंजर ट्रेनें नहीं चलेंगी
पश्चिम रेलवे ने सोमवार को बताया कि गुजरात के अहमदाबाद मंडल की कुछ पैसेंजर ट्रेनें 21 और 22 अक्टूबर को निरस्त रहेंगी। मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे ने परिचालन कारणों से इन पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त किया है।
गुजरात के अहमदाबाद मंडल की कुछ पैसेंजर ट्रेनें 21 और 22 अक्टूबर को निरस्त रहेंगी। पश्चिम रेलवे की ओर से यह जानकारी दी गई है। मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिम रेलवे ने परिचालन कारणों से अहमदाबाद मंडल की कुछ पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त किया है। 21 और 22 अक्टूबर को रद्द की गई इन गाड़ियों में ट्रेन संख्या 69185/69186 अहमदाबाद-विरमगाम-अहमदाबाद मेमू, ट्रेन नंबर 59481/59482 महेसाणा-भीलड़ी-महेसाणा पैसेंजर ट्रेन शामिल है।

यही नहीं ट्रेन संख्या 59509/59510 महेसाणा-विरमगाम-महेसाणा पैसेंजर, ट्रेन संख्या 59511/59512 महेसाणा-विरमगाम-महेसाणा पैसेंजर, ट्रेन संख्या 59475/59476 महेसाणा-पाटन-महेसाणा पैसेंजर और ट्रेन संख्या 59483/59484 महेसाणा-पाटन-महेसाणा पैसेंजर ट्रेनें भी इन दो तारीखों पर निरस्त रहेंगी।
रेलवे का यह कदम ऐसे वक्त में सामने आया है जब यूपी, एमपी, झारखंड, बंगाल और बिहार के प्रवासी लोग छठ पर्व के मौके पर अपने घरों को लौट रहे हैं। इससे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का भारी लोड देखा जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को रेल भवन (दिल्ली) में बने 'वॉर रूम' का दौरा किया। उन्होंने देश भर के मुख्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही की समीक्षा की।
'वॉर रूम' में लगे कई मॉनिटरों पर देश भर के प्रमुख स्टेशनों की सीधी तस्वीरें दिखाई जाती हैं। यह इंटरनेट और खास जगहों पर लगाए गए कैमरों की मदद से संभव होता है। अपने दौरे के दौरान रेल मंत्री ने लगातार काम कर रहे कर्मचारियों की तारीफ की और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं। रेल मंत्रालय ने त्योहारों के कारण होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें पर्याप्त सुविधाएं देने के लिए सभी स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं।

लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


