गुजरात के सुरेंद्रनगर में भीषण हादसा; बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, 7 की मौत
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर कई लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और मामले की जांच जारी है।

गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर उनकी शिनाख्त में जुट गई है। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और चीख-पुकार मच गई।
लखतर के पुलिस इंस्पेक्टर योगेश पटेल ने बताया कि यह घटना लखतर-विरामगाम हाईवे पर देर रात करीब 1.30 बजे उस समय घटी, जब तीर्थयात्रियों का एक ग्रुप राजकोट से बहुचराजी मंदिर में दर्शन करने के लिए पैदल जा रहा था।
मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल
उन्होंने बताया कि जिले के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इस घटना में छह तीर्थयात्री और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि घायलों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार
उन्होंने कहा यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्री पैदल जा रहे थे। वे बहुचराजी के एक मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरेंद्रनगर पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोगों में नाराजगी
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की अनियंत्रित गति को लेकर भारी रोष जताया है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


