गुजरात में गर्भवती महिला का बार-बार रेप, जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप; 3 भाइयों समेत 4 पर केस
गुजरात के बनासकांठा जिले में पांच महीने की गर्भवती 30 वर्षीय महिला ने तीन भाइयों समेत चार लोगों पर बार-बार दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है।

गुजरात के बनासकांठा जिले में पांच महीने की गर्भवती 30 वर्षीय महिला ने तीन भाइयों समेत चार लोगों पर बार-बार दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने धानेरा थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अख्तर रजबशाह फकीर, उसके भाइयों आरिफ रजबशाह फकीर और इलियास रजबशाह फकीर तथा उनके चाचा सलीमशाह जुमाशाह फकीर के रूप में हुई है। धानेरा पुलिस ने 20 अगस्त को महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।
पहले भी दर्ज कराया था यौन उत्पीड़न का केस
FIR के मुताबिक महिला पहले भी अप्रैल में अख्तर और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करा चुकी थी। पुलिस ने उस मामले में अख्तर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। महिला का आरोप है कि उस मामले में फरार चल रहे आरोपियों के भाइयों ने उसे जान से मारने और उसकी बेटियों को अगवा करने की धमकी दी।
इसके बाद कथित दबाव में उसने गुजरात हाई कोर्ट में समझौते को लेकर हलफनामा दाखिल किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को 16 जून को जेल से रिहा किया गया। इसके बाद महिला और अख्तर धानेरा तालुका के पेंगिया गांव चले गए। महिला को उम्मीद थी कि वहां दोनों शांतिपूर्वक रह सकेंगे।
गर्भावस्था के दौरान मारपीट और यौन उत्पीड़न का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बावजूद अख्तर ने उसके साथ कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म और मारपीट की। उसने यह भी आरोप लगाया कि अख्तर उस पर दूसरे पुरुषों से फोन पर संपर्क करने का दबाव बनाता था। मना करने पर आरोपी कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल करते थे।
FIR के अनुसार आरोपियों के पास महिला का एक निजी वीडियो था। महिला का आरोप है कि वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया गया। इसके बाद उसने अख्तर के भाइयों और चाचा पर भी बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह का आरोप
महिला ने चारों आरोपियों पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का भी आरोप लगाया है। उसका दावा है कि एक स्थानीय मौलवी को बुलाकर उसका निकाह कराया गया। महिला के मुताबिक निकाह के दौरान उसे नशीला पदार्थ मिला पेय पिलाया गया और उसका नाम बदलकर ‘फिजा’ कर दिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी उन बेटियों का भी जबरन धर्म परिवर्तन कराने की धमकी दी, जो अपने नाना-नानी के साथ रह रही थीं।
घर से निकाला, महिला हेल्पलाइन से मांगी मदद
FIR के मुताबिक 21 जुलाई को आरोपियों ने महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने एक दुकानदार से मदद मांगी और फिर 181 महिला हेल्पलाइन से संपर्क किया। बाद में वह अपनी मां की मदद से लखनी चली गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और गुजरात फ्रीडम ऑफ रिलिजन एक्ट के तहत दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, मारपीट और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर की जाएगी।

