पहाड़ी से 11 साल के बच्चे को खींच ले गया शेर, परिवार के साथ जा रहा था मंदिर; शरीर के टुकड़े मिले

लाइव हिन्दुस्तान, खेड़ा/गुजरात
Follow us on Google News
share

गुजरात की गिरनार पहाड़ी से 11 साल के बच्चे को एक शेर खींच ले गया। वह अपने परिवार के साथ पहाड़ी पर स्थित मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। तलाशी के दौरान उस जगह से लगभग 100 मीटर दूर बच्चे के शरीर के कुछ हिस्से मिले। सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शेर ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया।

asiatic lion gujarat

गुजरात में एक दर्दनाक घटना सामने आया है। गिरनार पहाड़ी पर रविवार सुबह अपने परिवार के साथ चढ़ते समय कथित तौर पर एक शेर 11 साल के बच्चे को खींच ले गया और मार डाला। इसके बाद अधिकारियों ने तीर्थयात्रा रोक दी और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। यह घटना सुबह करीब 5:45 बजे तीर्थयात्रा मार्ग की 50वीं सीढ़ी के पास हुई। खेड़ा जिले के मोडाज गांव का यह परिवार पहाड़ी पर चढ़ रहा था, तभी सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शेर ने अचानक हमला कर दिया।

खींचकर पास के जंगल में ले गया

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, शेर बच्चे को खींचकर पास के जंगल में ले गया। बाद में उस जगह से लगभग 100 मीटर दूर बच्चे के शरीर के कुछ हिस्से मिले। शरीर के इन हिस्सों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस घटना के तुरंत बाद वन विभाग ने श्रद्धालुओं को गिरनार की सीढ़ियों का इस्तेमाल करने से रोक दिया और ट्रैकर्स, वन रक्षकों और पशु चिकित्सा टीमों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया।

चार घंटे में पकड़ा गया शेर

लगभग चार घंटों के भीतर अधिकारियों ने उस शेर को पकड़ लिया जिस पर बच्चे पर हमला करने का शक था। एहतियात के तौर पर इलाके में देखे गए दो और शेरों को भी पकड़ा गया और उन्हें सक्करबाग चिड़ियाघर भेज दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शेर ने जांच के दौरान उल्टी की और उल्टी में बच्चे के शरीर के कुछ हिस्से मिले। इससे इस बात का शक और पक्का हो गया कि वही इस घटना में शामिल था। बाकी दो शेरों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत घटनास्थल से पंजे के निशान, घसीटने के निशान और अन्य सबूत इकट्ठा किए गए हैं।

पहाड़ी पर कई मंदिर हैं

गुजरात में जूनागढ़ के पास स्थित गिरनार पहाड़ी, पश्चिमी भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां कई प्राचीन जैन और हिंदू मंदिर हैं। इनमें मशहूर अंबाजी मंदिर और दत्तात्रेय मंदिर शामिल हैं। इस पहाड़ी हर दिन हजारों श्रद्धालु इन मंदिरों तक पहुंचने के लिए लगभग 10000 सीढ़ियां चढ़ते हैं।

अमरेली में 21 साल के युवक को मार डाला था

इससे पहले बुधवार को अमरेली जिले में शेर के हमले में 21 साल के एक युवक की मौत हो गई थी। उप वन संरक्षक चिराग अमीन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ऐसी आशंका है कि जब शेर और शेरनी संबंध बना रहे थे तो युवक अपने दोस्त के साथ मिलकर दोनों को परेशान कर रहा था। इससे गुस्साए शेर ने उस पर हमला कर दिया।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।