बीमार पत्नी से मिलने के लिए मांगी थी राहत, आसाराम से गुजरात HC ने क्या कहा?
गुजरात हाईकोर्ट ने आसाराम की पत्नी की बीमारी के आधार पर मांगी गई 20 दिन की अंतरिम जमानत खारिज कर दी है। अदालत ने उन्हें वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पत्नी से बात करने की अनुमति मांगने की सलाह दी।

गुजरात हाईकोर्ट से आसाराम को तगड़ा झटका लगा है। अदालत ने आसाराम की 20 दिन की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। आसाराम ने अपनी 83 वर्षीय पत्नी की गंभीर हालत का हवाला देते हुए मानवीय आधार पर यह राहत मांगी थी। अदालत ने कहा कि वे जेल अधीक्षक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पत्नी से बातचीत करने की अनुमति मांग सकते हैं। आसाराम जोधपुर जेल में बंद हैं। वह गांधीनगर और जोधपुर के दो अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
क्या बोली अदालत?
आसाराम ने अहमदाबाद के नरोदा में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती 80 साल से ज्यादा उम्र की पत्नी से मिलने की इच्छा जताई थी। इसके लिए उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट से गुहार लगाई थी। जस्टिस गीता गोपी और एल एस पीरजादा की बेंच ने बुधवार को आसाराम को 20 दिन की अस्थायी जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता आसाराम जेल सुपरिटेंडेंट से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी पत्नी से बात करने की इजाजत के लिए गुजारिश कर सकता है।
क्या लगाई थी गुहार?
आसाराम ने गुजरात हाई कोर्ट से मानवीय आधार पर रिहाई की गुहार लगाई थी। उन्होंने अपनी दलीलों में कहा था कि उन्हें अपनी पत्नी की सेहत की चिंता है। इस पर अदालत ने कहा कि वह वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी पत्नी से बात कर सकते हैं। इसके लिए जेल सुपरिटेंडेंट से इजाजत मांगी जा सकती है।
इन मामलों में सजा काट रहे आसाराम
बता दें कि गांधीनगर की एक अदालत ने 2013 के रेप केस में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सजा के खिलाफ आसाराम की अपील पर हाई कोर्ट में सुनवाई चल रही है। आसाराम साल 2013 में राजस्थान के जोधपुर में अपने आश्रम में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप के एक और मामले में भी उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
एक महीने में दूसरी बार झटका
अदालत ने सुनवाई के दौरान पाया कि डॉक्टरों और स्थानीय पुलिस की रिपोर्ट से पता चलता है कि मरीज पर इलाज का अच्छा असर हो रहा है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि उन्हें दो-तीन दिनों में छुट्टी दे दी जाएगी। अदालत ने आगे कहा कि हमें याचिकाकर्ता की याचिका मंजूर करने की कोई वजह नजर नहीं आती। यदि वह अपनी पत्नी से बात करना चाहता है तो जेल सुपरिटेंडेंट से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात करने की मंजूरी के लिए गुहार लगा सकता है। एक महीने में यह दूसरी बार है जब हाई कोर्ट ने आसाराम को अस्थायी जमानत देने से इनकार कर दिया है।

