भाजपा के राज्यसभा सांसद को गुजरात हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस, कांग्रेस MLA ने लगाई है याचिका

पीटीआई, अहमदाबाद, गुजरात
Follow us on Google News
share

याचिका में दावा किया गया है कि इन अपराधों के दर्ज होने के बाद शुक्ला को समन भेजा गया था और उन्होंने शिकायत को रद्द कराने के लिए हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने कार्यवाही पर रोक नहीं लगाई है।

Gujarat HC issues notice to BJP Rajya Sabha MP for 'suppressing information' in nomination form
नॉमिनेशन फॉर्म में जानकारी छिपाने के आरोप के बाद भाजपा के राज्यसभा सांसद को गुजरात हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस।

गुजरात हाई कोर्ट ने राज्य से भाजपा के राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला को एक चुनावी याचिका के मामले में गुरुवार को समन जारी किया। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि शुक्ला ने अपने नामांकन पत्र में अपने खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों की जानकारी नहीं दी थी। जिसके बाद जस्टिस एसवी पिंटो की एकल बेंच ने इस मामले में शुक्ला को जवाब देने के लिए 26 अक्टूबर तक का समय देते हुए समन जारी किया। शुक्ला 11 जून को गुजरात से राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

यह चुनावी याचिका कांग्रेस विधायक तुषार चौधरी ने दायर की है, जिसमें उन्होंने शुक्ला पर जानकारी छुपाने का आरोप लगाते हुए संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) के लिए उनका निर्वाचन रद्द करने की मांग की है। इस दौरान चौधरी ने दावा किया कि राजेश शुक्ला ने नॉमिनेशन फॉर्म भरते समय अपने खिलाफ आपराधिक मामलों/पिछली गतिविधियों और कानूनी कार्यवाही से जुड़ी जानकारी छिपाई थी, इसलिए उनका नामांकन रद्द होना चाहिए।

कांग्रेस विधायक ने की निर्वाचन रद्द करने की मांग

याचिकाकर्ता का कहना है कि गलत हलफनामा दाखिल करना, गलत जानकारी देना और तथ्यों को छिपाना 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम' की धारा 123 (2) के तहत अनुचित प्रभाव डालने वाली भ्रष्ट प्रथाओं के दायरे में आता है। याचिका के अनुसार, आरपी एक्ट (RP Act) के प्रावधानों के तहत रिटर्निंग ऑफिसर को राज्यसभा सांसद का नॉमिनेशन रद्द कर देना चाहिए था।

विधायक ही दे सकता है सांसद के निर्वाचन को चुनौती

चौधरी ने बताया कि बिपिनचंद्र पटेल को जब जानकारी छिपाने के बारे में पता चला, तो वे उनके पास आए, क्योंकि शुक्ला के चुनाव को केवल गुजरात विधानसभा का कोई निर्वाचित सदस्य ही चुनौती दे सकता है। चौधरी ने आगे बताया कि सांसद ने अपने नॉमिनेशन पेपर के साथ दिए गए हलफनामे में कहा था कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।

शुक्ला के खिलाफ दर्ज मामलों में समन भी भेजा गया था

हालांकि, सांसद के दावे के उलट याचिकाकर्ता का दावा है कि असल में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 406, 420, 465, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया गया था। याचिका में दावा किया गया है कि इन अपराधों के दर्ज होने के बाद शुक्ला को समन भेजा गया था और उन्होंने शिकायत को रद्द कराने के लिए हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की थी, लेकिन कोर्ट ने कार्यवाही पर रोक नहीं लगाई है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsगुजरात न्यूज़भाजपा के राज्यसभा सांसद को गुजरात हाई कोर्ट से नोटिस,कांग्रेस MLA ने लगाई याचिका