अहमदाबाद में जहां हुआ था प्लेन क्रैश, वहां 105 करोड़ से बनेगा नया हॉस्टल; टाटा देगा इतने करोड़ की मदद

लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद, गुजरात
Follow us on Google News
share

ऐसे में यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रों की रहने की सुविधाओं में कोई रुकावट न आए और स्वास्थ्य क्षेत्र का बुनियादी ढांचा और अधिक मजबूत हो जाए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक नया हॉस्टल बनाने का फैसला किया है।

अहमदाबाद में जहां हुआ था प्लेन क्रैश, वहां 105 करोड़ से बनेगा नया हॉस्टल; टाटा देगा इतने करोड़ की मदद

अहमदाबाद में पिछले साल 12 जून को हुई विमान दुर्घटना में एयर इंडिया का एक विमान उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद मेघानीनगर इलाके में स्थित मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की बिल्डिंग से टकरा गया था। इस हादसे में उस इमारत को बुरी तरह नुकसान पहुंचा था और वह बेहद कमजोर हो गई थी। जिसके बाद अब राज्य सरकार ने इस इमारत के निर्माण को लेकर एक बड़ी जानकारी दी है। राज्य सरकार का कहना है कि वह यहां पर 105 करोड़ रुपए की लागत से नए अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल और कैंटीन ब्लॉक का निर्माण करेगी, जिसमें से करीब आधी रकम का भुगतान टाटा कंपनी करेगी।

इस बारे में जानकारी देते हुए मंगलवार को राज्य सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने कहा कि टाटा एयरलाइंस कंपनी विमान दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए 'अतुल्यम 1 से 4' ब्लॉक, कैंटीन और सब-स्टेशन की इमारत के मुआवजे के तौर पर स्वास्थ्य विभाग को 53.12 करोड़ का भुगतान करेगी। दरअसल एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा कंपनी के पास ही है इसी वजह से वह अपनी तरफ से इमारत के मुआवजे के तौर पर स्वास्थ्य विभाग को इस राशि का भुगतान करेगी।

'एयरलाइन कंपनी ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया'

मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने यह मुआवजा राशि तब मांगी थी, जब असरवा इलाके में अहमदाबाद सिविल अस्पताल के पास स्थित न्यू मेंटल कैंपस में 'अतुल्यम 1 से 4' हॉस्टल ब्लॉक, कैंटीन और सब-स्टेशन की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा था। पानसेरिया के अनुसार, एयरलाइन ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और आने वाले समय में पूरी मुआवजा राशि का भुगतान करने पर सहमति जता दी है।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश मामला; 105 करोड़ से बनेगा नया हॉस्टल व कैंटीन, टाटा देगा इतने करोड़ की मदद

हादसे के बाद छात्रों को छोड़ना पड़ा था हॉस्टल

नया हॉस्टल बनाने की जरूरत क्यों पड़ी, इस बात की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि विमान दुर्घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की इमारतों को संरचनात्मक रूप से गंभीर नुकसान पहुंचा था। घटना के समय उस हॉस्टल परिसर में कुल 92 छात्र रहा करते थे, और हादसे के बाद उन्हें वह जगह छोड़ना पड़ी। क्योंकि हादसे के बाद जब इमारतों का संरचनात्मक (स्ट्रक्चरल) ऑडिट कराया गया तो इन इमारतों को रहने के लिए असुरक्षित पाया गया, जिसके चलते उन्हें गिराने का फैसला ले लिया गया। ऐसे में यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रों की रहने की सुविधाओं में कोई रुकावट न आए और स्वास्थ्य क्षेत्र का बुनियादी ढांचा और अधिक मजबूत हो जाए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक नया हॉस्टल बनाने का फैसला किया है।

न्यू मेंटल केंपस में बनेगी नई इमारत

इसी सिलसिले में अहमदाबाद सिविल अस्पताल के पास 'न्यू मेंटल कैंपस' में 105 करोड़ रुपए की लागत से एक अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्टल और कैंटीन ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके अलावा चिकित्सा क्षेत्र में 48 नई सुपर स्पेशलिटी सीटों को जोड़ने की बात को ध्यान में रखते हुए, अगले तीन वर्षों के लिए कुल 236 सुपर स्पेशलिटी PG डॉक्टरों (जिनमें कुल 144 छात्र शामिल हैं) के लिए योजना बनाई गई है।

G+8 मंजिलों वाला होगा नया 'अतुल्यम' हॉस्टल

अधिकारियों ने बताया कि नया 'अतुल्यम 1 से 7' PG हॉस्टल G+8 मंजिलों वाला होगा और आधुनिक संरचना के साथ तैयार किया जाएगा। प्रत्येक नए हॉस्टल में प्रत्येक फ्लैट स्टूडियो अपार्टमेंट शैली के होंगे। जिनमें लिविंग रूम, अटैच्ड किचन, बेडरूम और शौचालय की सुविधाएं होंगी। इसके अलावा हॉस्टल में आग बुझाने का सिस्टम, R.O. प्लांट और एक मजबूत व आधुनिक जल निकासी प्रणाली जैसी सुविधाएं भी होंगी। इसके साथ ही यहां छात्रों की सुविधा के लिए बेसमेंट पार्किंग, PG छात्रों के लिए अलग आवास, आधुनिक मेस, जिम, मनोरंजन कक्ष और आकर्षक लैंडस्केपिंग की भी योजना बनाई गई है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।