
गुजरात में बनेंगे 9 हाई-स्पीड कॉरिडोर, CM पटेल ने दी बड़ी सौगात; जानिए किन इलाकों में होगा निर्माण
इस साल के बजट में मुख्यमंत्री ने सड़क नेटवर्क को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए गरवी गुजरात हाई-स्पीड कॉरिडोर परियोजना के तहत 1,367 किलोमीटर लंबे 12 नए हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की थी। जिनमें से 9 कॉरिडोर को मंजूरी दे दी गई है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के लोगों को एक बड़ी सौगात देते हुए सड़क निर्माण की कुल 124 परियोजनाओं के लिए 7,737 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। इन पैसों की मदद से राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों निर्माण करते हुए भारी यातायात वाली सड़कों पर सुरक्षा, गति और सुविधा को बढ़ाया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार ने 809 किलोमीटर लंबे 9 गरवी गुजरात हाई-स्पीड कॉरिडोर के लिए 5,576 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। साथ ही सड़कों को जलवायु-अनुकूल और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए 1,147 करोड़ रुपए का आवंटन भी किया और इसके अलावा राज्य की सड़कों की सतह की गुणवत्ता में सुधार के लिए 803 किलोमीटर लंबी 79 परियोजनाओं के लिए 986 करोड़ रुपए के आवंटन को भी मंजूरी दी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सड़क एवं भवन विभाग को पूरे गुजरात में सड़क सम्पर्क को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण सड़कों के एक मजबूत नेटवर्क के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक भी सुरक्षित और सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
किस सड़क के लिए कितना बजट आवंटित
- देहगाम-बयाद-लुनावाड़ा-संतरामपुर-ज़ालोद के 167.54 किमी के लिए 1514.41 करोड़ रुपए।
2. संतरोड-देवगढ़ बारिया-छोटा उदेपुर सड़क के बीच 64.05 किलोमीटर के रास्ते के लिए 1062.82 करोड़ रुपए।
3. संतरामपुर-मोरवा हदफ-संतरोड के बीच 49.90 किलोमीटर मार्ग के लिए 861.71 करोड़ रुपए।
4. ऊंझा-पाटण-शिहोरी-देवदार-भाभर के बीच 105.05 किमी लंबी सड़क के लिए 858.39 करोड़ रुपए।
5. अहमदाबाद-हरसोल-गंभोई-विजयनगर सड़क के 143.30 किलोमीटर के लिए 640.30 करोड़ रुपए।
6. कर्जन-दाभोई-बोडेली सड़क के 71.10 किमी रास्ते के लिए 331.16 करोड़ रुपए।
7. मेंदरदा-केशोद-मांगरोल के 48.55 km मार्ग के लिए 81.38 करोड़ रुपए।
8. बागोदरा-धंधुका-बरवाला-बोटाद के 92.23 किमी लंबे मार्ग के लिए 67.43 करोड़ रुपए।
9. बोटाद-ढासा-चावंड-अमरेली-बगसरा-बिल्खा-मेंदारदा के 67.30 किलोमीटर लंबे मार्ग के लिए 158.6 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इस बारे में सरकार की तरफ से जारी बयान के अनुसार इन नए हाई-स्पीड कॉरिडोर के निर्माण से सड़क परिवहन में तेजी आएगी और पीएम गति शक्ति फ्रेमवर्क के तहत लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार होगा, साथ ही परिचालन लागत में भी काफी कमी आएगी। बयान में बताया गया कि ये कॉरिडोर बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देंगे, आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेंगे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार और उद्योग को प्रोत्साहित करेंगे। इसके अलावा, प्रमुख शहरों के साथ बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रा आसान होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इतना ही नहीं गुजरात की सड़कों को जलवायु-अनुकूल और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए मुख्यमंत्री पटेल ने 1,147 करोड़ रुपए का आवंटन भी किया। इस दौरान इस पहल के तहत 271 किलोमीटर लंबी कुल 20 सड़क प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। इस दौरान बनने वाली सड़कें जलवायु-अनुकूल और तकनीकी रूप से एडवांस होंगी और इन सड़कों को प्लास्टिक के कचरे, व्हाइट टॉपिंग, जियो-ग्रिड व ग्लास ग्रिड, सीमेंट स्थिरीकरण, फ्लाई ऐश और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे नए तरीकों का उपयोग करते हुए बनाया जाएगा। ऐसे में बेहद टिकाऊ, लंबे समय तक चलने वाली सड़कें बनेंगी, जिनकी जीवन-चक्र लागत ना केवल कम होगी, बल्कि साथ ही ये बेहतर पर्यावरण अनुकूलता वाली भी होंगी।
विज्ञप्ति में कहा गया कि इस साल के बजट में मुख्यमंत्री ने सड़क नेटवर्क को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए गरवी गुजरात हाई-स्पीड कॉरिडोर परियोजना के तहत 1,367 किलोमीटर लंबे 12 नए हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित करने की एक प्रमुख योजना की घोषणा की थी। जिनमें से 9 कॉरिडोर को मंजूरी देकर, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है, जिससे लोगों के लिए जीवन को आसान बनाना सुनिश्चित होगा।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




