गुजरात में भाजपा नेता से 55 लाख रुपये की हो गई ठगी
भाजपा नेता ने बताया कि आरोपियों के साथ उनकी यह डील साल 2019 में हुई थी और आरोपियों ने उन्हें महाराष्ट्र या राजस्थान के किसी मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट कोटे से सीट दिलाने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

गुजरात में ठगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वो आम लोगों के साथ-साथ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को भी अपना शिकार बनाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला वडोदरा में सामने आया है, जहां पर पांच ठगों ने मिलकर एक भाजपा नेता से 55 लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों ने उनके बेटे का एडमिशन प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में कराने का झांसा देकर उन्हें चूना लगाया।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार ठगी की यह घटना 56 वर्षीय भाजपा नेता मुकेश दीक्षित के साथ हुई, जो कि वडोदरा म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के पूर्व पार्षद हैं और शहर भाजपा की मीडिया विंग के प्रमुख भी रह चुके हैं। भाजपा नेता ने बताया कि उन्होंने साल 2019 में यानी सात साल पहले आरोपियों को पैसे दिए थे। वहीं उनकी शिकायत पर पुलिस ने वडोदरा के रहने वाले अजितेश सारंगी, उसकी पत्नी तेजल, चंद्रेश याज्ञनिक और दिल्ली के रंजीत मुखिया और संजीव झा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्राइवेट कॉलेज में बेटे का एडमिशन कराना चाहते थे
दीक्षित के अनुसार उस साल हुई NEET परीक्षा में उनके बेटे की रैंक कम आई थी। इसके बाद उन्होंने प्राइवेट कॉलेजों में मैनेजमेंट कोटे से बेटे का एडमिशन कराने के लिए कोशिशें शुरू कीं और इसी दौरान वह आरोपियों के चंगुल में फंस गए। इन ठगों ने उनसे सम्पर्क किया और उनके बेटे को प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में सीट दिलाने का वादा करके उनसे 55 लाख रुपए ठग लिए।
मुख्य आरोपी ने मैनेजमेंट कोटे से एडमिशन कराने का भरोसा दिया
इस मामले में दर्ज FIR के मुताबिक, मुकेश दीक्षित ने अप्रैल 2019 में एक विज्ञापन देखा था जिसमें प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन में मदद का ऑफर दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने अजितेश कुमार सारंगी (मुख्य आरोपी) से संपर्क किया, जिन्होंने दीक्षित को मैनेजमेंट कोटा के जरिए शिवांग का एडमिशन मेडिकल कॉलेज में करवाने का भरोसा दिया।
आरोपी ने 60 लाख रुपए बताया था एडमिशन का खर्चा
दीक्षित ने बताया कि आरोपियों ने उनसे कहा था कि वे कर्नाटक, महाराष्ट्र या राजस्थान के किसी प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में सीट दिला सकते हैं और एडमिशन का खर्च करीब 60 लाख रुपए तक आएगा। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र और राजस्थान के किसी कॉलेज में बेटे का एडमिशन कराने के लिए कहा।
आरोपी बोले- इस साल सीट खाली नहीं, अगले साल हो जाएगा एडमिशन
पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़ित भाजपा नेता ने बताया कि मई और जून 2019 में आरोपी ने उन्हें एडमिशन प्रोसेस पूरा होने और मैनेजमेंट कोटे की कोई सीट नहीं बचने की जानकारी दी। इसके साथ ही आरोपी ने उन्हें इस बात का भरोसा दिया कि अगले साल मेरे बेटे का एडमिशन पक्के तौर पर हो जाएगा। हालांकि एक साल बाद भी ऐसा कुछ नहीं हुआ।
'पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने चेक दिए, जो कि बाउंस होते चले गए'
दीक्षित ने आगे कहा कि, ‘तब तक मैं कुल 55 लाख रुपए आरोपियों को दे चुका था, लेकिन वे अपना वादा पूरा नहीं कर पाए। वहीं जब मैंने पैसे वापस मांगे, तो वो सात साल तक मुझे परेशान करते रहे। आरोपियों ने पैसों के बदले जो चेक दिए, वह भी बाउंस हो गए। इसके बाद वे वडोदरा में अपना ऑफिस बंद करके भाग गए।’
पुलिस ने अदालत में केस दायर करने को कहा
धोखा खाने के बाद साल 2022 में दीक्षित पहली बार अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे, जिसके बाद उन्हें सिविल कोर्ट जाने के लिए कहा गया। लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान वे गंभीर रूप से बीमार होने की वजह से वह कोई ऐक्शन नहीं ले पाए, वहीं जब वे ठीक हुए तो उन्होंने फिर से लड़ने का फैसला किया। अब इस मामले में 1 सितंबर को पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
दीक्षित के मुताबिक उनके बेटे ने बाद में फिजियोथेरेपी का कोर्स किया, जबकि उनकी बेटी अभी अहमदाबाद के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज से पोस्ट-ग्रेजुएट कोर्स कर रही है।

