टाइम बम बनाया, ब्लास्ट का ट्रायल; ATS के हत्थे चढ़े जैश आतंकियों की खतरनाक थी प्लानिंग
गुजरात एटीएस ने जैश ए मौहम्मद से जुड़े 5 और आतंकियों को गिरफ्तार किया है। खुलासे हुए हैं कि इन्होंने टाइम बम बनाने की कोशिश की। कई बार ब्लास्ट का ट्रायल किया। इनकी प्लानिंग काफी खतरनाक थी।

गुजरात एटीएस ने पाकिस्तान के कुख्यात आतंकी ग्रुप जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े पांच और आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब कुल गिरफ्तारी 13 हो गई है। तीन जुलाई को 8 आतंकी गिरफ्तार हुए थे। जैश के इन आतंकियों की प्लानिंग बेहद खतरनाक थी। अधिकारियों के अनुसार, ये बम बनाने में एक्सपर्ट हैं। एक ने टाइम बम बनाने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं ये कई बार ब्लास्ट का ट्रायल कर चुके थे।
गुजरात एटीएस अधिकारियों ने बताया कि सभी आतंकी पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खड़ियाल गांव से पकड़े गए। इनकी पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कड़ीवाला उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती उर्फ शफी चापी और मोहम्मद हसन करडिया उर्फ हसन हैदरपुरी के रूप में हुई है। सभी को मेहसाणा जिले की अदालत में जज आरएम भाटिया के सामने पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 24 जुलाई तक एटीएस की कस्टडी में भेज दिया है।
टाइम बम बनाने की कोशिश, कई बार ब्लास्ट का ट्रायल किया
एटीएस ने जब इन आतंकियों को अदालत के सामने पेश किया तो सरकारी वकील पीआर दंतानी की तरफ अदालत को बताया गया कि इनमें एक ने कथित तौर पर टाइम बम बनाने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं इन्होंने कई बार(कम से कम सात से आठ बार) ब्लास्ट का ट्रायल भी किया। जांच एजेंसी की तरफ से बताया गया कि इनके पास अभी बम बनाने से जुड़ा सामान और अन्य सामग्री बरामद किया जाना बाकी है। इसी वजह से आगे की पूछताछ के लिए आरोपियों की रिमांड मांगी गई।
बम बनाने का सामान कहां से लाए? फंडिंग कहां मिली
जांच एजेंसी की तरफ से बताया कि अभी कई सवाल यक्ष बने हुए हैं। आतंकियों ने कथित तौर पर देसी टाइम बम का परीक्षण भी किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बम बनाने का सामान कहां से लाया गया? उसे कहां छिपाया गया और इन्हें फंडिंग कहां से और कैसे मिली?
बम बनाने में हैं एक्सपर्ट, कहां था निशाना
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि 3 जुलाई को गिरफ्तार आठ आतंकियों में शामिल मोहम्मद अमीन ने कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री इन पकड़े गए आरोपियों तक पहुंचाई थी। इन आतंकियों को बम बनाने की पूरी जानकारी है।
गुजरात और एमपी से हो चुकी गिरफ्तारियां
एटीएस ने इससे पहले गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये लोग जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम कर रहे थे और गुजरात में आतंकी संगठन का नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे। आतंकियों के खिलाफ यूएपीए की विभिन्न धाराओं और भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


