
गुजरात के अमरेली में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन लोगों की जलकर मौत
गुजरात के अमरेली में देर रात एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकराने के बाद आग का गोला बन गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दमकल विभाग ने मशक्कत के बाद एक घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
गुजरात के अमरेली जिले में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। बगसरा के पास एक कार अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर से पेड़ से जा भिड़ी, जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना रात के अंधेरे में हुई।
रात 3 बजे आया इमरजेंसी कॉल
हादसे की सूचना सुबह करीब 3 बजे 112 इमरजेंसी नंबर पर मिली। कॉल करने वाले ने बताया कि बगसरा के पास एक कार में कई लोग फंसे हुए हैं। अमरेली फायर डिपार्टमेंट के इंचार्ज एसपी सरथेजा ने बताया कि उनकी टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंच गई।
कार में आग लग चुकी थी, लेकिन फायर फाइटर्स ने बहादुरी दिखाते हुए आग पर काबू पाया और विशेष उपकरणों से चार लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि इकलौते जिंदा बचे व्यक्ति को फौरन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे की तस्वीरें देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इतनी जोरदार टक्कर से साफ जाहिर है कि स्पीड काफी तेज थी और यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। पुलिस अब हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।
सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है एक दिन पहले ही यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 13 लोगों की जान गई थी। वहां भी कई वाहन आपस में टकराए थे। ऐसे दर्दनाक वाकये हमें बार-बार चेतावनी देते हैं कि सड़क पर जरा सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है।

लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




