बम की झूठी धमकियां, 5 लाख फर्जी Gmail अकाउंट; गुजरात पुलिस गूगल से करेगी पूछताछ
गुजरात पुलिस बम की झूठी धमकियों के लिए इस्तेमाल किए गए 5 लाख से ज्यादा फर्जी जीमेल अकाउंट्स के मामले में गूगल से पूछताछ करेगी। गिरोह ने सुरक्षा को बाईपास किया था।

गुजरात पुलिस बम की झूठी धमकियों से जुड़े 5 लाख से अधिक फेक जीमेल अकाउंटों के मामले में गूगल से सुरक्षा खामियों के आरोपों को लेकर पूछताछ करेगी। हाल ही में पुलिस ने 2 संदिग्धों को गिरफ्तार कर 2022 से चल रहे अंतर राज्यीय ईमेल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ये फेक अकाउंट बम की झूठी धमकियां देने और वित्तीय धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। अब गुजरात पुलिस सुरक्षा खामियों की औपचारिक जांच करेगी।
5 लाख से अधिक जीमेल अकाउंट बनाए
एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि गूगल से अपराधियों द्वारा सुरक्षा उपायों को बायपास करने के बारे में पूछताछ करेगी। गुजरात पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जिसने सरकारी कार्यालयों को बम की झूठी धमकियां भेजने के लिए 5,00,000 से अधिक फेक जीमेल खाते बनाए और चलाए थे। पुलिस ने अपनी जांच में पाया है कि अपराधी वेब डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म, Firebase का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और खातों से पैसे उड़ाने के लिए कर रहे हैं।
बम की धमकियां दी
गुजरात पुलिस ने ईमेल गैंग के दो गुर्गों को दबोचा है। गैंग अंतर-राज्यीय स्तर पर बम की धमकियां भेज रहा था। पुलिस ने 2022 से इस्तेमाल की जा रहीं 5,13,847 जीमेल आईडी और पासवर्ड का पता लगाया। अब गूगल भी गुजरात पुलिस की जांच के दायरे में आ गया है। गुजरात पुलिस के वरिष्ठ साइबर क्राइम अधिकारी विवेक भेदा ने बताया कि अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे फेक जीमेल अकाउंट्स की संख्या बहुत ज्यादा है।
गूगल से पॉलिसी बदलने के लिए कहा जाएगा
गुजरात पुलिस के वरिष्ठ साइबर क्राइम अधिकारी विवेक भेदा ने बताया कि हम Google को पत्र लिखेंगे। गूगल से पॉलिसी में बदलाव करने के लिए कहा जाएगा ताकि अपराधी सुरक्षा उपायों को भेद ना सकें। गुजरात पुलिस जल्द गूगल को औपचारिक रूप से जांच के दायरे में शामिल करने की योजना बना रही है। गूगल से इस बारें में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई लेकिन तुरंत कोई जवाब नहीं दिया गया।
10 सितंबर को मिला था धमकी वाला मेल
इससे साफ नहीं हो सका है कि गूगल को किन कानूनी आरोपों या दंड का सामना करना पड़ सकता है। आंकड़े बतलाते हैं कि भारत में साइबर क्राइम के कारण हर साल 2 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान होता है। भारतीय एजेंसियां साइबर अपराधियों की ओर से इस्तेमाल की जा रहीं तकनीकी प्लेटफॉर्मों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। गुजरात पुलिस ने उक्त मामले में जांच तब शुरू की जब 10 सितंबर को बम की धमकी वाला ईमेल मिला।
ब्रिक्स समिट के सहयोगी देशों को भी धमकाया
यह ईमेल ब्रिक्स समिट से कुछ दिन पहले मिला था। इसमें ब्रिक्स समिट के दौरान भारत का सहयोग करने वाले देशों को भी धमकी दी गई थी। हालांकि धमकियां झूठी निकलीं लेकिन इनकी जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए। गिरफ्तार आरोपियों में से एक बांग्लादेश के एक खरीदार के संपर्क में था। यह खरीदार अकाउंट्स के बैच खरीदता था और नकली ईमेल भेजने के लिए क्रिप्टोकरेंसी में पेमेंट करता था।
गूगल के सिक्योरिटी उपाय में बड़ी सेंधमारी
गुजरात पुलिस के वरिष्ठ साइबर क्राइम अधिकारी विवेक भेदा ने बताया कि पुलिस के लिए चिंता की एक बात यह भी है कि हर फेक जीमेल अकाउंट में 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' का इस्तेमाल किया गया। इसे गूगल का अतिरिक्त सिक्योरिटी स्टेप माना जाता है। यह सिक्योरिटी स्टेप गूगल खातों को सुरक्षित रखने में मददगार होता है। सवाल यह भी कि अपराधियों ने इतने सारे अकाउंट्स के लिए गूगल के सुरक्षा कवच को कैसे भेदा? यह भी एक जांच का विषय है।


