
गुजरात में गांधीनगर मेट्रो फेज-2 का PM मोदी ने किया उद्घाटन, 8 KM लंबे रूट पर होंगे ये 7 स्टेशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम को अहमदाबाद मेट्रो प्रोजेक्ट के फेज 2 के बचे हुए 7.8 किलोमीटर हिस्से का उद्घाटन के दौरान गांधीनगर के महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन से मेट्रो रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम को अहमदाबाद मेट्रो प्रोजेक्ट के फेज 2 के बचे हुए 7.8 किलोमीटर हिस्से का उद्घाटन के दौरान गांधीनगर के महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन से मेट्रो रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही अहमदाबाद और गांधीनगर शहरों के बीच एक अहम ट्रांसपोर्ट लिंक पूरा हो गया। यह बचा हुआ हिस्सा गांधीनगर के सेक्टर 10A को महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर से जोड़ता है। यह राज्य की राजधानी में इन दोनों स्टेशनों के बीच परिवहन सेवा की शुरुआत है। उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके डिप्टी हर्ष सांघवी भी मौजूद थे।
यह मेट्रो रूट अहमदाबाद और गांधीनगर को जोड़ने वाली मेट्रो के फेज-2 का हिस्सा है, जिसमें सचिवालय कॉम्प्लेक्स, अक्षरधाम मंदिर, पुराना सचिवालय, सेक्टर 16 और 24 शामिल हैं। पीएम मोदी ने सितंबर 2024 में दोनों शहरों को जोड़ने वाली मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया था।
नए रूट पर 7 स्टेशन
गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के मुताबिक, यह मेट्रो रूट शहर के मॉडर्न ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम में एक बड़ा कदम है। इस प्रोजेक्ट के तहत, 7 मेट्रो रेल स्टेशनों - महात्मा मंदिर, सेक्टर-24, सेक्टर-16, ओल्ड सेक्रेटेरिएट, अक्षरधाम, सेक्रेटेरिएट और सेक्टर-10 - के उद्घाटन के साथ 7.8 किलोमीटर का हिस्सा आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
यात्रियों को अब मोटेरा से महात्मा मंदिर तक 28.25 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट पर तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।

अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी
सीएमओ के अनुसार, इस मेट्रो रूट के खुलने से अहमदाबाद और गांधीनगर दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित यह प्रोजेक्ट राज्य के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, जो आत्मनिर्भर भारत और आधुनिक शहरी ट्रांसपोर्टेशन एजेंडा को आगे बढ़ाएगा।
हर दिन बढ़ रही यात्रियों की संख्या
वार्ता की रिपोर्ट के अनुसार, मेट्रो रेल के प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग के निदेशक आनंद सिंह बिष्ट ने बताया कि अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो रेल का लोकार्पण अक्टूबर-2022 में अहमदाबाद में किया गया था। बाद में सितंबर-2024 में प्रधानमंत्री ने मोटेरा से सेक्टर-1 तथा जीएनएलयू और गिफ्ट सिटी तक की मेट्रो रेल सेवा का लोकार्पण किया था। आज मोदी के करकमलों से बाकी बचे फेज-2 के 7.8 किलोमीटर लंबे और 7 मेट्रो स्टेशनों को कवर करने वाली मेट्रो रेल का उद्घाटन किया गया। फेज-1 में 35 हजार यात्री हर दिन मेट्रो रेल में यात्रा करते थे। आज फेज-1 और 2 सहित अहमदाबाद-गांधीनगर को जोड़ने वाले स्टेशनों के बीच रोजाना लगभग 1.60 लाख यात्री यात्रा कर रहे हैं, जो 60 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है।
सौराष्ट्र और कच्छ भारत की ग्रोथ के एंकर रीजन : मोदी
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने सौराष्ट्र और कच्छ के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस (VGRC) का उद्घाटन किया। मोदी ने इस क्षेत्र को भारत की ग्रोथ का "एंकर रीजन" बताया और कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स के लिए इस इलाके में इन्वेस्ट करने का यह अच्छा मौका है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि "विकास भी विरासत भी" का मंत्र पूरे देश में गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि जो दो दशक पहले एक सपने के तौर पर शुरू हुआ था, वह अब तक 10 वाइब्रेंट गुजरात समिट्स के साथ एक भरोसेमंद ग्लोबल बेंचमार्क बन गया है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि VGRC का उद्देश्य राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों की "अछूती क्षमता को परफॉर्मेंस में बदलना" है। उन्होंने कहा कि गुजरात की क्षमता दुनिया को दिखाने के लिए शुरू किया गया वाइब्रेंट समिट, अब इन्वेस्टमेंट से आगे बढ़कर ग्लोबल ग्रोथ और पार्टनरशिप के लिए एक प्लैटफॉर्म बन गया है, जो कॉर्पोरेट्स, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशन्स को एक साथ लाता है।
प्रधानमंत्री ने सौराष्ट्र और कच्छ की क्षमता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये इलाके सिर्फ मौके की जगह नहीं हैं, बल्कि भारत की ग्रोथ का मुख्य आकर्षण बन गए हैं। उन्होंने कहा कि अकेले राजकोट में 2.5 लाख से अधिक एमएसएमई, चल रहे हैं, जो मशीन टूल्स और ऑटो पार्ट्स से लेकर रॉकेट में इस्तेमाल होने वाले कंपोनेंट्स तक प्रोडक्ट्स बनाते हैं।
पीएम मोदी ने इस मौके पर सौराष्ट्र और कच्छ के सात जिलों में 13 नए स्मार्ट इंडस्ट्रियल एस्टेट्स की घोषणा की और राजकोट जिले में 336 एकड़ में फैले एक मेडिकल डिवाइस पार्क का ई-उद्घाटन किया।
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने किया मेट्रो में सफर
उद्घाटन के बाद गुजरात के लोगों को आधुनिक और तेज ट्रांसपोर्ट देने की प्रतिबद्धता के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने रविवार को गांधीनगर में मेट्रो के फेज-2 रूट पर मेट्रो ट्रेन से यात्रा की। यात्रा के दौरान, सीएम ने यात्रियों और छात्रों से बातचीत की और मेट्रो सेवा पर उनका फीडबैक लिया।

लेखक के बारे में
Praveen Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




