भारत की पहली बुलेट ट्रेन की झलक सामने आई, रेल मंत्रालय ने जारी की फोटो
भारत भी बुलेट ट्रेन की रफ्तार से दौड़ने वाला है। देश की पहली बुलेट ट्रेन कैसी होगी, इसकी पहली झलक रेल मंत्रालय द्वारा जारी की गई है। ये बुलेट ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई रूट के लिए प्लान की गई है।

भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की पहली झलक अब सार्वजनिक हो गई है। नई दिल्ली स्थित रेल मंत्रालय भवन के गेट नंबर-4 पर इस हाई-स्पीड ट्रेन की तस्वीर लगाई गई है, जिसमें ट्रेन का आधुनिक और एयरोडायनामिक डिजाइन दिखाया गया है। यह वही ट्रेन होगी, जिसे भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा के लिए इस्तेमाल किए जाने की तैयारी है।
अहमदाबाद से मुंबई के बीच बनने वाला यह हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर कुल 508 किलोमीटर लंबा होगा और 12 स्टेशनों को जोड़ेगा। इनमें मुंबई (बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स), ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद/नडियाद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2017 में अहमदाबाद के साबरमती में इस 1.1 लाख करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी थी। तब से यह प्रोजेक्ट देश के सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है।
इस कॉरिडोर की खास बात यह है कि इसमें कुल आठ पहाड़ी सुरंगें बनाई जा रही हैं। इनमें से सात महाराष्ट्र में हैं, जिनकी कुल लंबाई 6.05 किलोमीटर होगी। वहीं गुजरात में एक 350 मीटर लंबी सुरंग बनाई जाएगी। इसके अलावा मुंबई में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसमें 7 किलोमीटर लंबा अंडरसी टनल सेक्शन शामिल है। यह भारत की पहली समुद्र के नीचे बनने वाली रेलवे सुरंग होगी।
हाल ही में मुंबई के विक्रोली में रेल टनल बोरिंग मशीन (TBM) का विशाल कटरहेड उतारा गया। 13.6 मीटर व्यास और करीब 350 टन वजन वाला यह कटरहेड भारत का सबसे बड़ा रेल टनल बोरिंग सिस्टम माना जा रहा है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के अनुसार, इसका इस्तेमाल हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की भूमिगत सुरंगों की खुदाई में किया जाएगा।
खबर अपडेट हो रही है...


