गुजरात में कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी और 7 अन्य पर FIR, पुलिस ने दंगा करने समेत ये धाराएं लगाईं
गुजरात के गांधीनगर के पेथापुर पुलिस स्टेशन में कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मेवाणी पर आरोप है कि उन्होंने थाने में हंगामा कर पुलिसकर्मियों को उनके सरकारी काम करने से रोका।

गुजरात में कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी तथा 7 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिग्नेश मेवाणी पर अपने समर्थकों के साथ गांधीनगर नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान पेथापुर पुलिस थाने के भीतर हंगामा करने, एक पुलिस इंस्पेक्टर के काम में बाधा डालने और समुदायों के बीच तनाव भड़काने के प्रयास के आरोप है।
एफआईआर के अनुसार, यह घटना कथित तौर पर 8 अक्टूबर को उस समय हुई जब वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस उम्मीदवार यूनुस परमार को पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उन पर और उनके सहयोगियों पर भाजपा के एक प्रचारक को धमकाने का आरोप था।
पेथापुर के पुलिस थाना अधिकारी (पीएसओ) ने पुष्टि की कि रविवार रात जिग्नेश मेवाणी और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एफआईआर में कौन-कौन सी धाराएं
पुलिस ने मेवाणी और सात अन्य लोगों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189(2), 191(2), 221, 351(2), 352 और गुजरात पुलिस एक्ट की धारा 135 के तहत गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा होने, दंगा करने, सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने, आपराधिक धमकी देने और शांति भंग करने के इरादे से जान-बूझकर अपमान करने का मामला दर्ज किया गया।
इंस्पेक्टर ने दर्ज कराई थी शिकायत
पेथापुर थाने में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर ए. एम. देसाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, 8 अक्टूबर को रात करीब 10 बजे पेथापुर के संजरी पार्क में भाजपा उम्मीदवार के प्रचारक भावेश भावसार को कथित तौर पर परमार और उनके सहयोगियों ने धमकी दी थी। आरोप है कि उन्होंने भावसार को उस इलाके में चुनाव प्रचार करने या प्रवेश करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। एफआईआर के अनुसार, इसके बाद परमार और अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ पेथापुर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत सौंपी गई थी।
देसाई ने अपनी शिकायत कहा कि जब वह अपनी आधिकारिक ड्यूटी के तहत शिकायत के सिलसिले में परमार से पूछताछ कर रहे थे, तो मेवाणी और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से भीड़ जमा की और थाने के राइटर रूम में घुस गए।
थाने के बाहर नारे लगाने का भी आरोप
शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने कथित तौर पर देसाई को उनके कानूनी कर्तव्यों का पालन करने से रोका, अपशब्दों का इस्तेमाल किया, हंगामा किया और परमार का बयान दर्ज करने से जबरन रोका। आरोपियों ने कथित तौर पर अन्य समर्थकों के साथ पुलिस स्टेशन के बाहर बैठकर ठाकोर समुदाय का नाम लेकर नारे लगाए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इन हरकतों का मकसद लोगों को पुलिस के खिलाफ भड़काना और पुलिस बल की बदनामी करना था, जिससे शांति भंग हुई और समुदायों के बीच तनाव पैदा हुआ।
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया और अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करने या उसे बढ़ावा देने के इरादे से उसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके कार्यों ने गांधीनगर के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट द्वारा जारी अधिसूचना का उल्लंघन किया।


