मुश्किल में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप, गुजरात की अदालत ने दिया आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश
अपनी शिकायत में शिकायतकर्ता कमलेश रावल ने यह भी बताया कि, कश्यप ने इससे पहले 8 जनवरी, 2020 को भी हिंदुओं के लिए एक आपत्तिजनक पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर जातिवादी तथा आपराधिक मानसिकता रखने का आरोप लगाया था।

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता, निर्देशक व अभिनेता अनुराग कश्यप सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समुदाय को लेकर की गई एक टिप्पणी को लेकर एकबार फिर मुश्किल में फंस गए हैं। गुजरात की एक अदालत ने इस मुद्दे को लेकर शनिवार को उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश दे दिया। यह आदेश सूरत में JMFC (जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास) ए.एस. जानी की अदालत ने जारी किया। कोर्ट ने स्थानीय वकील और विश्व हिंदू परिषद के नेता कमलेश रावल द्वारा दायर एक निजी शिकायत को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए कश्यप के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज करने को कहा।
सूरत की अदालत ने अपने आदेश में नोट किया कि यह मानने का पर्याप्त कारण है कि आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट को इस तरह से वायरल किया गया जिससे कि एक विशेष समुदाय की मानहानि हुई। इस दौरान कोर्ट ने अनुराग कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), धारा 352 (सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और धारा 353 (2) (झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाने) के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया।
फिल्म ‘फुले’ के ट्रेलर रिलीज से जुड़ा है पूरा विवाद?
यह मामला पिछले साल को उस वक्त सामने आया था, जब 16 अप्रैल को 'ऑल इंडिया ब्राह्मण समाज' ने हिंदी फिल्म 'फुले' के ट्रेलर रिलीज पर आपत्ति जताई थी। इसी का जवाब देते हुए अनुराग कश्यप ने कथित रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर ब्राह्मण समुदाय को अपमानित करने वाला एक बयान पोस्ट किया था। वहीं जब उनकी पोस्ट पर अन्य लोगों ने आपत्ति जताई, तो कश्यप ने अपने जवाबी पोस्ट में भी समुदाय को अपमानित करने वाला जवाब दिया था।
एक बार नहीं दो बार दिया आपत्तिजनक बयान
इसके बाद शिकायतकर्ता कमलेश रावल जो कि खुद भी ब्राह्मण समुदाय से आते हैं, उन्होंने कश्यप की पोस्ट को लेकर आपत्ति जताते हुए अदालत का रुख किया, और कहा कि इस पोस्ट से पूरे ब्राह्मण समुदाय की बदनामी हुई है। रावल ने अदालत को बताया कि कश्यप ने यह हरकत एक बार नहीं बल्कि दो-दो बार की। उन्होंने बताया कि उनके आपत्तिजनक बयान का विरोध करने वाली एक पोस्ट पर दिया गया कश्यप का जवाब भी आपत्तिजनक था, और यह पूरे ब्राह्मण समुदाय को अपमानित महसूस कराने की एक कोशिश थी।
अपनी शिकायत में रावल ने कहा कि 'पूरे ब्राह्मण समुदाय ने आरोपी के पोस्ट का विरोध किया है। क्योंकि इस तरह के पोस्ट से विभिन्न जातियों और समुदायों के बीच दुश्मनी फैलने का खतरा पैदा होता है।'
‘समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका’
शिकायतकर्ता ने कश्यप के बयान पर गहरी आपत्ति जताते हुए अदालत में यह भी दलील दी कि उनके इस कृत्य का समाज पर गहरा और नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। रावल ने कहा कि 'क्योंकि आरोपी फिल्में बनाने के व्यवसाय में है और एक अभिनेता भी है। भारत में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई फिल्में देखता है और अभिनेताओं की नकल करने की कोशिश करता है। ऐसे में उन पर भी इसका असर पड़ने की पूरी आशंका है।'
गैर-जमानती वारंट भी हो चुका है जारी
अपनी शिकायत में कमलेश रावल ने यह भी बताया कि, कश्यप ने इससे पहले 8 जनवरी, 2020 को भी हिंदुओं के लिए एक आपत्तिजनक पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर जातिवादी तथा आपराधिक मानसिकता रखने का आरोप लगाया था। रावल के मुताबिक इस मामले में आरोपी को कई बार समन भी भेजे गए थे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था। ऐसे में कश्यप के अदालत में हाजिर न होने और जवाब न देने के कारण कोर्ट ने उनके खिलाफ एक गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया था।
कश्यप ने यूजर को जवाब देते हुए कही थी आपत्तिजनक बात
दरअसल अनुराग कश्यप की जिस पोस्ट को लेकर ये सारा विवाद शुरू हुआ था, उसमें उन्होंने कहा था कि 'फिल्म 'धड़क 2' की स्क्रीनिंग के दौरान सेंसर बोर्ड का कहना था कि देश में जातिवाद खत्म हो गया है। लेकिन अब ब्राह्णणों को ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले से समस्या हो गई है। अगर जातिवाद खत्म हो गया है तो किसी को फुले से समस्या नहीं होनी चाहिए।' इसी पोस्ट में आगे उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, समाज के जातिवाद और ब्राह्मण समुदाय पर कई कटाक्ष किए थे। जिससे ब्राह्मण समुदाय ने गहरी आपत्ति जताई थी।
वहीं कश्यप की इसी पोस्ट पर जब 'हरअदरसाइड' नाम के यूज़र ने कमेंट करते हुए लिखा- 'ब्राह्मण तुम्हारे बाप हैं, जितना तुम्हारी उनसे सुलगेगी, उतना सुलगाएंगे' तो उसे जवाब देते हुए कश्यप ने लिखा था, 'ब्राह्मण पर मैं मुतूंगा...कोई प्रॉब्लम?'
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


