सरेंडर के बाद गिरफ्तार हुए पाटन के विधायक, पुलिस पर हमले के आरोप में फंसे गुजरात के कांग्रेस नेता
गुजरात में कांग्रेस विधायक समेत 21 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पाटन पुलिस ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और हमला करने के आरोप में विधायक किरीट पटेल और अन्य पर मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि पटेल फरार थे।

गुजरात में कांग्रेस विधायक समेत 21 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पाटन पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और हमला करने के आरोप में विधायक किरीट पटेल और अन्य पर मामला दर्ज किया था। इस मामले में 12 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि पटेल फरार थे।
गुजरात के पाटन विधानसभा क्षेत्र के विधाय किरीट पटेल और सिद्धपुर के पूर्व विधायक चंदनजी ठाकोर को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि गुजरात कांग्रेस विधायक किरीट पटेल और 20 अन्य को 16 दिसंबर को पाटन जिले के एक विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमले के सिलसिले में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। विधायक पटेल ने पूर्व विधायक चंदनजी ठाकोर और लगभग 200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी की छात्र शाखा एनएसयूआई के सदस्यों के साथ हॉस्टल में शराब की खपत को लेकर हेमचंद्राचार्य उत्तर गुजरात विश्वविद्यालय (एचएनजीयू) में विरोध प्रदर्शन किया था।
अधिकारियों ने कहा कि अगले दिन पाटन 'बी' डिवीजन पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और हमला करने के आरोप में विधायक पटेल और अन्य पर मामला दर्ज किया गया। डीएसपी केके पंड्या ने कहा कि कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि पटेल और ठाकोर फरार थे।
पंड्या ने पत्रकारों को बताया कि स्थानीय पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के बाद हमने किरीट पटेल, चंदनजी ठाकोर और 19 अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। हम पहले ही 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुके हैं। इन सभी व्यक्तियों पर विश्वविद्यालय में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने और उन पर हमला करने का आरोप है।
विधायक पटेल और अन्य पर बीएनएस धारा 121-1 (लोक सेवक को उसके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने के लिए उसे चोट पहुंचाना), 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) और 224 (लोक सेवक को चोट की धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विपक्षी पार्टी के विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एचएनजीयू परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने 8 दिसंबर को विश्वविद्यालय के छात्रावास के कमरे में शराब पीते पकड़े गए तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। गुजरात में शराब पीना गैरकानूनी है। पाटन में जिला स्तरीय टूर्नामेंट से पहले लड़कों के छात्रावास के एक कमरे में रखे गए आनंद जिले के तीन बास्केटबॉल खिलाड़ियों को रेक्टर ने शराब पीते हुए पकड़ा था। पटेल ने दावा किया कि कर्मचारियों ने उन्हें पुलिस को सौंप दिया, लेकिन तीनों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक कुलपति केसी पोरिया के रूम में जाना चाहते थे। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से मना कर दिया। इस दौरान उनसे विधायक की उनके साथ बहस हो गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े एक वायरल वीडियो में पटेल को वीसी कार्यालय के बाहर एक पुलिसकर्मी का गर्दन पकड़ते हुए देखा जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।