हम पंजाब भी गए; अभिजीत दीपके को अब गुजरात को लेकर हो रही एक हैरानी
कॉकरोच जनता पार्टी ने भाजपा शासित कई राज्यों में स्कूल ठीक करो मुहिम चलाने के बाद अब गुजरात को लेकर इशारा किया है तो यूपी में भी घुसने की बात कही है।

आम आदमी पार्टी शासित पंजाब और कांग्रेस की सरकार वाले कर्नाटक, झारखंड में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की टीमें भेजने पर मजबूर किए गए अभिजीत दीपके के निशाने पर क्या अब गुजरात आने वाला है? सीजेपी के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने एक सवाल उठाते हुए ऐसा संकेत दिया है।
अभिजीत दीपके ने कहा है कि जिन राज्यों को लेकर उन पर सवाल उठाए जा रहे थे, वे वहां गए। लेकिन उन्हें हैरानी इस बात को लेकर है कि कोई उन्हें गुजरात जाने को क्यों नहीं कह रहा है। दीपके ने कहा, ‘'आप पंजाब क्यों नहीं जाते हैं?' हम गए। 'आप झारखंड क्यों नहीं जाते?' हम गए। 'आप कर्नाटक क्यों नहीं जाते?' हम गए। हैरानी है कि कोई अभी तक गुजरात के बारे में नहीं पूछ रहा है।’ माना जा रहा है कि दीपके संभवत: खुद या अपनी टीम को गुजरात भेजकर वहां के स्कूलों का ऑडिट करा सकते हैं।
दीपके और उनकी टीमों ने इससे पहले महाराष्ट्र, राजस्थान, यूपी, पश्चिम बंगाल और दिल्ली जैसे राज्यों में स्कूल ठीक करो अभियान चलाया जहां भाजपा की सरकारें हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर जब उनके पंजाब और विपक्षी पार्टियों के शासन वाले राज्यों में नहीं जाने को लेकर सवाल उठाए गए तो तीन राज्यों के कुछ स्कूलों का दौरा भी किया गया। हालांकि, पंजाब के वीडियो को लेकर सीजेपी पर और सवाल उठने लगे, जिसमें 'आप' सरकार के एक मॉडल स्कूल को दिखाकर इसकी तारीफ की गई थी।
सीजेपी पर सवाल उठाए गए कि वे भाजपा शासित राज्यों के टूटे-फूटे और बदहाल स्कूलों को दिखा रहे हैं जबकि पंजाब में दो साल पहले ही बने एक स्कूल को दिखाकर उसकी तारीफ की गई। सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों ने इसे आम आदमी पार्टी सरकार का विज्ञापन और पीआर बताकर सीजेपी को घेरा। गौरतलब है कि सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके और कई बड़े नेता पहले आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं।
यूपी में भी मुहिम किया तेज
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने यूपी में स्कूल ठीक करो अभियान को तेज करने में जुट गई है। सीजेपी के सह संयोजक सौरभ दास ने मंगलवार को नोएडा के एक स्कूल के शौचालय की स्थिति को दिखाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। कुछ देर बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया कि उनके ऑडिट के बाद गौतमबुद्ध नगर के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। वहीं, आशुतोष रांका ने यूपी में सीजेपी की गतिविधियां तेज होने की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘योगी जी, अगर यही करना है तो यूपी के सारे स्कूल बंद करने पड़ेंगे। कॉकरोच यूपी में घुस चुके हैं।’


