
एक दिन के लिए पुलिस हटा दो, दौड़ा-दौड़ाकर मारा जाएगा; भाजपा नेताओं से केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यदि एक दिन के लिए पुलिस हटा दी जाए तो गुजरात में भाजपावालों को किसान दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे और जीना हराम कर देंगे।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यदि एक दिन के लिए पुलिस हटा दी जाए तो गुजरात में भाजपावालों को किसान दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे और जीना हराम कर देंगे। गुजरात के सुरेंद्र नगर जिले में 'किसान महापंचायत' को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने भाजपा पर तीखे हमले किए और कहा कि इस पार्टी को घमंड हो गया है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने बहुत मलाई खा ली है, अब इन्हें लूटने नहीं देंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसानों में भाजपा के खिलाफ बहुत गुस्सा है और यदि एक दिन के लिए पुलिस हटा ली जाए तो उनका जीना हराम कर दिया जाएगा। दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा, ‘30 साल से खेरुतों (किसानों) ने भाजपा को वोट दिया, भर-भरकर वोट दिया। 30 साल से आपने इसलिए वोट दिया कि हमारे बच्चों को जेल भेजेंगे ये लोग। आज इनको अहंकार हो गया है। आज किसानों के अंदर इतना गुस्सा है। ये बीजेपी वाले एक नंबर के कायर हैं। पुलिस को आगे करते हैं। मैं कहता हूं एक दिन के लिए पुलिस का सहारा छोड़ दो। ये किसान बीजेपीवालों को घर से निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे। ऐसा मारेंगे कि इनको शरण नहीं मिलेगी। एक दिन पुलिस को पीछे कर दो... एक दिन के लिए पीछे कर दो पूरे गुजरात में बीजेपी वालों का जीना हराम कर देंगे।’ अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 400 से ज्यादा मंडियों में सारे किसान एकत्रित हो गए। 400 मंडियों में आंदोलन चल रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा वालों को ट्रंप धमकी देता है और उसके सामने इनकी नहीं चलती। आप प्रमुख ने बिना किसी का नाम लिए कहा कहा,'बीजेपी वाले इतने कायर हैं, रोज ट्रंप इनको धमकी देता है। ट्रंप धमकाता है, कहता है अमेरिका से आने वाले कपास पर इंपोर्ट ड्यूटी हटा दो, भाजपा वाले हटा देते हैं। ट्रंप कहता है रूस से तेल मत खरीदना, बीजेपी वाले खरीदना बंद कर देते हैं। ट्रंप कहता है इंडिया-पाकिस्तान का वॉर मैंने खत्म कराया, बीजेपी वालों की हिम्मत नहीं। ट्रंप कहता है कान पकड़कर ऊपर खड़े हो जाओ, ट्रंप कहता है नीचे बैठ जाओ, बैठ जाते हैं। ट्रंप के सामने पैंट गीली हो जाती है बीजेपी वालों की। ट्रंप के सामने इनकी नहीं चलती। गरीब किसानों को जेल भेजते हैं। शर्म करो, अगर मर्द के बच्चे हो तो ट्रंप को धमकी देकर दिखाओ।'

लेखक के बारे में
Sudhir Jhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




