मुआवजे के लिए नहीं बनाया दबाव; विजय रूपानी की बेटी के दावे पर एयर इंडिया
Air India Ahmedabad Plane Crash: एअर इंडिया का कहना है कि उसने अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों पर अंतिम मुआवजा लेने का कोई दबाव नहीं डाला है। इससे पहले पूर्व सीएम विजय रूपानी की बेटी ने आरोप लगाया था कि एअरलाइन केस न करने की शर्त पर ही मुआवजे की पेशकश कर रही है।

एयर इंडिया का कहना है कि उसने AI-171 अहमदाबाद प्लेन क्रैश के पीड़ित परिवारों पर अंतिम मुआवजा स्वीकार करने के लिए कोई दबाव नहीं बनाया है। गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपानी की बेटी राधिका मिश्रा को दिए जवाब में एयरलाइन ने कहा कि परिवार अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं। राधिका ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को लिखे ई-मेल में आरोप लगाया था कि एअर इंडिया पीड़ित परिवारों को केस न करने की शर्त पर ही अंतिम मुआवजे की पेशकश कर रही है।
एयर इंडिया ने विमान हादसे में मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी की बेटी राधिका मिश्रा को दिए गए एक औपचारिक जवाब में कहा है कि किसी भी शोक संतप्त परिवार या व्यक्ति पर एक निश्चित समय सीमा के भीतर अंतिम मुआवजा पैकेज को स्वीकार करने के लिए 'कोई समय सीमा या दबाव' नहीं है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक 'इंतजार करने के लिए स्वतंत्र' हैं। एयरलाइन ने पीड़ितों के परिवारों पर आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने से पहले अंतिम मुआवजा पैकेज स्वीकार करने के लिए कोई दबाव नहीं डाला है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक; जान-माल के नुकसान पर संवेदना जताते हुए एयरलाइन ने जांच की समय-सीमा के बारे में कहा है कि जांच स्वतंत्र रूप से एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की ओर से की जा रही है। नतीजतन, एयर इंडिया को इस बात की कोई पूर्व जानकारी नहीं है कि अंतिम जांच रिपोर्ट कब सामने आएगी। एयरलाइन के अनुसार, अंतिम मुआवजा प्रक्रिया अक्टूबर 2025 में शुरू की गई थी। एयर इंडिया का कहना है कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खुली बातचीत में शामिल रही है जो अंतिम मुआवजा प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
टाटा समूह की मदद का भी जिक्र
बयान में कहा गया है कि परिवारों को तुरंत अंतिम मुआवजा प्रक्रिया में शामिल होने या जांच रिपोर्ट का इंतजार करने में से किसी एक को चुनने का कोई दबाव नहीं है। एयर इंडिया ने अपनी मालिक कंपनी टाटा समूह की ओर से दी जा रही मदद के बारे में बताया है। बताया गया है कि टाटा समूह के AI-171 मेमोरियल एंड वेलफेयर ट्रस्ट ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लगभग सभी लोगों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की मदद दे दी है। उसका यह भी कहना है कि यह मदद औपचारिक मुआवजे से पूरी तरह अलग है।
केस नहीं करने की शर्त पर मुआवजे की पेशकश का आरोप
‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में मारे गए गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी की बेटी राधिका मिश्रा ने टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को भेजे ईमेल में आरोप लगाया है कि एअर इंडिया पीड़ित परिवारों को अंतिम मुआवजे की पेशकश इस शर्त पर कर रही है जब वे एयरलाइन और दूसरी जुड़ी कंपनियों के खिलाफ भविष्य में कभी भी केस करने का अपना हक हमेशा के लिए छोड़ दें। बता दें कि इस अहमदाबाद में AI-171 प्लेन क्रैश में विजय रूपाणी समेत 242 यात्रियों की जान चली गई थी।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


