
अमेरिकी कोर्ट में चलेगा AI-171 हादसे का केस, पीड़ित परिवार ने बनाया कानूनी कार्रवाई का प्लान
एयर इंडिया AI-171 हादसे में भाई को खोने वाली तृप्ति सोनी ने पारदर्शी जांच की मांग की और अमेरिका में कानूनी कार्रवाई की योजना बनाई। सरकार से सहयोग न मिलने पर सवाल उठाए, वो चाहती हैं सच्चाई सामने आए और पीड़ित परिवार को इंसाफ मिले।
अहमदाबाद के एयर इंडिया के विमान AI-171 हादसे में अपने भाई स्वप्निल सोनी को खोने वाली तृप्ति सोनी ने इस त्रासदी की पारदर्शी जांच की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने अमेरिका में कानूनी कार्रवाई शुरू करने की योजना का ऐलान किया है। तृप्ति का कहना है कि इस हादसे के पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए वह कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

हादसे की सच्चाई की तलाश
तृप्ति ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि वह इस मामले को अमेरिका की अदालत में ले जाने की योजना बना रही हैं, क्योंकि यह एक प्रोडक्ट लायबिलिटी (उत्पाद दायित्व) का मामला हो सकता है। उन्होंने कहा, 'अमेरिकी कानून प्रोडक्ट लायबिलिटी के मामलों में बहुत सख्त हैं। लेकिन इसके लिए हमें यह जानना जरूरी है कि यह हादसा क्यों हुआ। हम फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर के कच्चे डेटा के लिए याचिका दायर करने पर विचार कर रहे हैं।'
हालांकि, तृप्ति ने भारत सरकार से अब तक कोई सहयोग न मिलने की शिकायत की। उन्होंने कहा, "हमें अभी तक सरकार से कोई समर्थन नहीं मिला है। हम चाहते हैं कि जांच पूरी तरह पारदर्शी हो और सच्चाई सामने आए।'
अधूरी जानकारी पर सवाल
तृप्ति ने जांच में अब तक सामने आए डेटा को अपर्याप्त और अस्पष्ट बताया। उनके मुताबिक, 'जो जानकारी अब तक दी गई है, वह बहुत चुनिंदा है और बिना किसी संदर्भ के। यह डेटा जवाब देने के बजाय और सवाल खड़े करता है।' उन्होंने मांग की कि जांच जल्द पूरी हो और हादसे के असल कारणों को जनता के सामने रखा जाए।
परिवार को इंसाफ की आस
स्वप्निल के परिवार को इस हादसे ने गहरे सदमे में डाल दिया है। तृप्ति ने कहा, 'एक पीड़ित परिवार के तौर पर हम चाहते हैं कि यह जांच जल्द खत्म हो और हमें सच्चाई का पता चले।' उन्होंने अमेरिकी अदालतों से न्याय की उम्मीद जताई और कहा, 'हमें भरोसा है कि अगर यह प्रोडक्ट लायबिलिटी का मामला बना, तो अमेरिकी कोर्ट इसे गंभीरता से लेगी और हमें इंसाफ मिलेगा।'
बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भयावह हादसे में 260 लोगों की जान चली गई, जिनमें 229 यात्री, 12 चालक दल के सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे।

लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




