अहमदाबाद में 1 घंटे की बारिश से हाहाकार; सड़कें नदियां और कई जगह जाम, देखें कैसे हैं हालात
मौसम विभाग ने अहमदाबाद में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। एक घंटे की बारिश से शहर में हाहाकार मच गया। सड़कें नदियां नजर आईं तो कई जगहों पर जाम दिखा।
गुजरात के अहमदाबाद शहर में एक घंटे के अंदर हुई भारी बारिश से हाहाकार मच गया। मौसम विभाग ने भारी बारिश और गरज के साथ तूफान की आशंका को देखते हुए 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया था। शहर में मेघ इतना बरसे कि सड़कें नदियां बन गईं और कई इलाकों में जाम देखने को मिला। सड़कों पर घुटनों तक पानी नजर आया। दो अंडरपास बंद किए गए और ज्यादा बारिश वाली जगहों पर एनडीआरएफ और नगर निगम की आपातकालीन टीमें तैनात की गई हैं।
आज सुबह 11 बजे से पूर्वी क्षेत्र में राबारी कॉलोनी, वस्त्राल और सीटीएम समेत शहर के अधिकांश इलाकों के साथ-साथ एसजी हाईवे, बोडकदेव, सैटेलाइट और इस्कॉन में भारी बारिश हुई है। भारी बारिश से कई प्रमुख सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए। एसजी हाईवे, जोधपुर क्रॉस रोड और पश्चिमी इलाकों में लंबा जाम लगा है। दो अंडरपास बंद कर दिए गए हैं।
एक घंटे की बारिश से हाहाकार
अहमदाबाद में सोमवार को तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह 11 बजे तक शहर में औसतन 32 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जोधपुर जोनल में सबसे ज्यादा 71.50 मिमी, दुधेश्वर में 69.50 मिमी, जोधपुर में 69 मिमी और सरखेज में 67.50 मिमी बारिश हुई।
रिकॉर्डतोड़ बारिश
अहमदाबाद में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच भारी बारिश का दौर तेज रहा। एक घंटे के भीतर शहर में औसतन 13.94 मिमी बारिश दर्ज की गई। सरखेज, वस्त्रापुर और वासणा में सबसे ज्यादा 16-16 मिमी बारिश हुई। मनिनगर और वस्त्राल में 14.5-14.5 मिमी, जोधपुर जोनल में 14 मिमी, विराटनगर में 13.5 मिमी और बोदकदेव व मनको में 13-13 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले सुबह मौसम विभाग ने अहमदाबाद और 19 अन्य जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था।
कई इलाकों में घुटनों तक पानी
लगातार बारिश के कारण पश्चिमी और दक्षिणी अहमदाबाद के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया। एसजी हाईवे, जोधपुर क्रॉस रोड और कई अंडरपास में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई जगह वाहन पानी में फंस गए और लोगों को जलभराव के बीच से निकलना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर तैनात की गईं।
दो अंडरपास बंद
भारी जलभराव के बाद मकरबा रोड अंडरपास को सुबह 11:43 बजे बंद कर दिया गया। वहीं अखबारनगर अंडरपास भी पानी भरने के कारण बंद रहा। अहमदाबाद में इस सीजन अब तक 728.22 मिमी (28.68 इंच) बारिश हो चुकी है। यह पिछले पांच वर्षों की औसत बारिश का करीब 79.67 फीसदी है।


