
कांग्रेस छोड़ नई पार्टी बनाना चाहते हैं अहमद पटेल के बेटे, AIMIM ने दिया ऑफर
फैजल पटेल के बयान ने गुजरात कांग्रेस में नई उथल-पुथल की संभावना पैदा कर दी है। वहीं, इस बीच एआईएमआईएम ने उन्हें अपनी पार्टी से जुड़ने का ऑफर दिया है।
दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल ने सोशल मीडिया पर एक नया राजनीतिक दल बनाने की संभावना जताकर गुजरात और राष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। फैजल ने फेसबुक पर लोगों से पूछा है कि क्या वह कांग्रेस से अलग होकर “कांग्रेस (AP)” नाम से नया संगठन शुरू करें? वहीं, एआईएमआईएम ने उन्हें अपनी पार्टी से जुड़ने का ऑफर दिया है।
फैजल का बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उनके पिता अहमद पटेल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, खासकर सोनिया गांधी के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकारों में से एक थे। ऐसे में पिता की विरासत वाले परिवार से ये राजनीतिक हलचल कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
फैजल पटेल ने सोशल मीडिया पर लोगों से राय मांगी है। उन्होंने लिखा, “मेरी बहन मुमताज पटेल भी मेरे साथ जुड़ सकती है। मैं कांग्रेस पार्टी को तोड़ने का सोच रहा हूं। इसका नाम कांग्रेस (AP) रखूंगा। क्या राय है सबकी?”
बहन मुमताज का खंडन
फैजल की पोस्ट पर बढ़ती चर्चा के बीच उनकी बहन मुमताज पटेल ने तुरंत साफ किया कि उनकी किसी नए राजनीतिक दल में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “स्पष्ट कर दूं… मैं किसी नए राजनीतिक दल या पहल का हिस्सा नहीं बनने वाली। मेरे भाई की राय और फैसले पूरी तरह उनके अपने हैं, कृपया मुझे इससे न जोड़ें।”
AIIM का ऑफर
इस पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली एआईएमआईएम अध्यक्ष डॉ. शोएब जमई ने सोशल मीडिया पर लिखा, "जिस अहमद पटेल साहब ने 90 के दशक में डूबती हुई कांग्रेस को किनारे लगाने का काम किया था उनके परिवार के साथ कांग्रेस का यह रवैया उसके अहंकार को दर्शाता है. फैसल पटेल साहब को अलग ग्रुप बनाने की जरूरत नहीं बल्कि वह AIMIM में शामिल हो जाएं! खूब इज्जत सम्मान मिलेगा जैसे उनके जैसे उनके वालिद की थी।"
कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर पुरानी नाराजगी
कुछ हफ्ते पहले मुमताज पटेल ने बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व पर खुलकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर जमीनी हकीकत से कटे होने और पार्टी के लगातार कमजोर पड़ने का आरोप लगाया था। उन्होंने लिखा था कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता सालों से सफलता के इंतजार में हैं, लेकिन सत्ता कुछ लोगों के हाथों में होने से स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
फैजल पटेल की कांग्रेस नेतृत्व पर खुली आलोचना
फैजल पटेल भी हाल के महीनों में कांग्रेस नेतृत्व से दूरी के संकेत देते रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पीछे हटकर मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर जैसे नेताओं को आगे आने देना चाहिए। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने ये भी दावा किया था कि वे पार्टी छोड़ने पर विचार कर रहे हैं और इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत हुई है।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




