अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट में मारे गए थे 56 लोग; SC में अहमद बरेलवी की फांसी पर रोक, क्या हुआ था
2008 अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट में 56 लोग मारे गए थे और 200 से ज्यादा घायल हुए थे। सुप्रीम कोर्ट ने मामले के दोषी अहमद बरेलवी की फांसी पर रोक लगा दी है। गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया।

2008 Ahmedabad Serial Blasts: सुप्रीम कोर्ट ने 2008 के अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले में मौत की सजा पाए दोषी अहमद बावा अब्बू अबुबकर बरेलवी की फांसी पर रोक लगा दी। बरेलवी उन 38 दोषियों में शामिल है, जिन्हें इस मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। इस मामले में 49 आरोपियों को दोषी ठहराया था। इनमें से 38 को मौत की सजा और 11 को उम्रकैद सुनाई गई थी। 28 अन्य आरोपी बरी हो चुके हैं।
गुरुवार को जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ बरेलवी की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उसने गुजरात हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उसकी सजा और दोषसिद्धि को बरकरार रखा गया था।
गुजरात सरकार को नोटिस
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान बरेलवी की तरफ से दलील दी गई कि, "मुझे पूरी तरह साजिश के आधार पर दोषी ठहराया गया है।" इस पर पीठ ने याचिकाकर्ता की दलील को स्वीकार करते हुए फांसी की सजा पर रोक लगा दी। अदालत ने मामले में गुजरात सरकार को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।
2008 अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट
26 जुलाई 2008 को अहमदाबाद के अलग-अलग हिस्सों में सिलसिलेवार धमाके हुए थे। इन धमाकों में 56 लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। गुजरात की विशेष अदालत ने फरवरी 2022 में मामले में 49 आरोपियों को दोषी ठहराया था। इनमें से 38 को मौत की सजा और 11 को उम्रकैद सुनाई गई थी। वहीं, 28 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था।
गुजरात हाई कोर्ट ने सजा बरकार रखी थी
इसके बाद दोषियों की सजा के खिलाफ अपील और मौत की सजा की पुष्टि से जुड़ी याचिकाओं पर गुजरात हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जुलाई 2026 में हाईकोर्ट ने 38 दोषियों की मौत की सजा और 11 दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। इसके बाद बरेलवी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।


