YouTube अचानक हुआ डाउन! लाखों यूजर्स परेशान; इसलिए ठप पड़ गई थीं सेवाएं

Feb 18, 2026 10:20 am ISTPranesh Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube पर हाल ही में एक दिक्कत आई, जिससे लाखों यूजर्स के लिए होमपेज और रिकमेंडेशन काम नहीं कर रहे थे। कुछ घंटों बाद कंपनी ने इस आउटेज को फिक्स कर दिया है। 

YouTube अचानक हुआ डाउन! लाखों यूजर्स परेशान; इसलिए ठप पड़ गई थीं सेवाएं

दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube पर हाल ही में आई टेक्निकल दिक्कत के चलते लाखों यूजर्स कुछ घंटों के लिए परेशान हो गए। बुधवार सुबह अचानक भारत समेत कई देशों में यूजर्स ने शिकायत की कि होमपेज पर वीडियो दिखाई नहीं दे रहे हैं, रिकमेंडेशंस गायब हैं और ऐप ठीक से लोड नहीं हो रहा। कुछ लोगों को ‘Something went wrong’ या ‘Come back later’ जैसे एरर मेसेज भी दिखे। यह आउटेज तेजी से सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और यूजर्स यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर प्लेटफॉर्म के साथ अचानक क्या हुआ है।

वेबसाइट्स का आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, पीक टाइम में 3 लाख से ज्यादा रिपोर्ट्स दर्ज की गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग भारत में सुबह 7 बजे के करीब शिकायतों की संख्या सबसे ज्यादा थी। अमेरिका, भारत, ब्रिटेन और अन्य देशों के यूजर्स भी इससे प्रभावित हुए। हालांकि कुछ घंटों बाद रिपोर्ट्स में गिरावट देखी गई, जिससे संकेत मिले कि दिक्कत धीरे-धीरे ठीक हो रही है।

कंपनी ने जारी किया आधिकारिक बयान

YouTube ने बाद में अपने ऑफीशियल हेल्प पेज पर साफ किया कि यह दिक्कत उसके ‘रिकमेंडेशन सिस्टम’ में आई गड़बड़ी के चलते सामने आई। यही सिस्टम यूजर्स की पसंद और व्यूइंग हिस्ट्री के आधार पर होमपेज पर वीडियोज के सुझाव देता है, ‘Up Next’ सेक्शन तैयार करता है और अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट दिखाता है। तकनीकी दिक्कत के चलते वीडियो अलग-अलग ‘सर्फेस’ जैसे वेबसाइट, मोबाइल ऐप, YouTube Music और YouTube Kids पर दिखाई नहीं दे रहे थे। हालांकि यह पूरी तरह सर्वर शटडाउन नहीं था, क्योंकि कुछ मामलों में डायरेक्ट लिंक से वीडियो चल रहे थे।

अब ठीक से काम कर रहा है Youtube

कंपनी ने अपने बयान में कहा कि रिकमेंडेशन सिस्टम से जुड़ी दिक्कत अब पूरी तरह ठीक हो गई है और सभी प्लेटफॉर्म्स सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। फिलहाल सेवा एकदम ठीक हो चुकी है और यूजर्स पहले की तरह वीडियो देख पा रहे हैं। अगर आपको अब भी किसी तरह की दिक्कत आ रही हो तो वेबसाइट रीफ्रेश करने या फिर ऐप को बंद करके री-ओपेन करने भर से ठीक हो जानी चाहिए। यूजर्स चाहें तो ऐसी किसी दिक्कत को सीधे प्लेटफॉर्म पर भी रिपोर्ट कर सकते हैं।

बता दें, इससे पहले हाल ही में माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X कुछ वक्त के लिए डाउन होने का मामला सामने आया था। मेटा और गूगल से जुड़े प्लेटफॉर्म्स भी कई बार सर्वर में किए जाने वाले बदलावों या किसी खामी के चलते डाउन हो जाते हैं लेकिन इन्हें फटाफट ठीक कर लिया जाता है, जिससे कम से कम यूजर्स ऐसे आउटेज के चलते प्रभावित हों।

Pranesh Tiwari

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश तिवारी पिछले चार साल से लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर टेक्नोलॉजी सेक्शन का हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश, आठ साल से ज्यादा वक्त से साइंस और टेक्नोलॉजी की दुनिया को शब्दों में ढाल रहे हैं। गैजेट्स इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उनकी एक्सपर्टीज हैं, जहां वह मुश्किल टेक्नोलॉजी को सरल और असरदार भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। लेटेस्ट गैजेट्स रिव्यू करना और नए ऐप्स पर वक्त बिताना उन्हें जॉब का पसंदीदा हिस्सा लगता है।
करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से करने वाले प्राणेश ने न्यूजबाइट्स में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में भी भूमिका निभाई। लॉकडाउन में 'सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां' लघुकथा संग्रह भी लिखा। IIMC, नई दिल्ली में PTI अवॉर्ड से सम्मानित प्राणेश ने स्मार्टफोन, AI, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन जैसे विषयों पर गहराई से तथ्यात्मक रिपोर्टिंग की है। काम के अलावा उन्हें लिखना और सफर करना पसंद है, दोनों ही उनके लिए दुनिया को समझने और कहानियों में बदलने का जरिया हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।