काम की बात: भीषण गर्मी से खराब हो सकता है आपका स्मार्टफोन, तुरंत बदल दो अपनी ये 5 आदतें
गर्मी में स्मार्टफोन का ज्यादा गर्म होना उसकी बैटरी और परफॉर्मेंस को नुकसान पहुंचा सकता है। कुछ आसान आदतें बदलकर आप अपने फोन को ओवरहीटिंग और खराब होने से बचा सकते हैं।

भीषण गर्मी सिर्फ इंसानों को ही नहीं, आपके स्मार्टफोन को भी नुकसान पहुंचा सकती है। कई लोग अनजाने में ऐसी आदतें अपनाते हैं, जिनकी वजह से फोन जल्दी गर्म होने लगता है। लगातार ओवरहीटिंग होने पर बैटरी कमजोर पड़ सकती है, फोन की परफॉर्मेंस घट सकती है और कुछ मामलों में ब्लास्ट हो सकता है या डिवाइस अचानक बंद भी हो सकता है। खासकर गर्मियों में फोन का सही इस्तेमाल बेहद जरूरी हो जाता है।
अगर आप चाहते हैं कि आपका स्मार्टफोन लंबे समय तक सही चले, तो आपको अपनी कुछ आदतें तुरंत बदलनी चाहिए। आइिए जानते हैं वे 5 गलतियां, जो आपके फोन को गर्मी में खराब कर सकती हैं।
1. धूप में फोन इस्तेमाल करना बंद करें
कई लोग बाहर धूप में खड़े होकर लंबे समय तक वीडियो देखते हैं, गेम खेलते हैं या कॉल करते रहते हैं। सीधी धूप फोन के तापमान को तेजी से बढ़ा देती है। इससे स्क्रीन, प्रोसेसर और बैटरी पर दबाव पड़ता है। कोशिश करें कि फोन को सीधे सूरज की रोशनी से बचाकर रखें। अगर बाहर हैं तो फोन को जेब या बैग में रखें।
2. चार्जिंग के दौरान फोन का ज्यादा इस्तेमाल ना करें
फोन चार्ज करते समय गेम खेलना, वीडियो स्ट्रीमिंग करना या भारी ऐप्स चलाना ओवरहीटिंग की बड़ी वजह बनता है। चार्जिंग के दौरान बैटरी पहले ही गर्म होती है, ऊपर से भारी इस्तेमाल तापमान और बढ़ा देता है। इससे बैटरी की लाइफ कम हो सकती है। बेहतर होगा कि चार्जिंग के दौरान फोन को आराम करने दें।
3. सस्ता या नकली चार्जर इस्तेमाल करने से बचें
लोकल या खराब क्वॉलिटी के चार्जर फोन को जरूरत से ज्यादा गर्म कर सकते हैं। ऐसे चार्जर सही तरीके से पावर कंट्रोल नहीं कर पाते, जिससे बैटरी और मदरबोर्ड को नुकसान हो सकता है। हमेशा कंपनी का ओरिजिनल चार्जर या भरोसेमंद ब्रैंड का ऑथराइज्ड चार्जर इस्तेमाल करें।
4. फोन में बेवजह ऐप्स खुले ना छोड़ें
कई ऐप्स बैकग्राउंड में लगातार चलते रहते हैं और प्रोसेसर पर लोड बढ़ाते हैं। इससे फोन धीरे-धीरे गर्म होने लगता है। खासकर सोशल मीडिया, लोकेशन और वीडियो ऐप्स ज्यादा बैटरी और प्रोसेसिंग इस्तेमाल करते हैं। समय-समय पर ऐप्स बंद करें और फोन को रीस्टार्ट भी करते रहें।
5. गर्म जगहों पर फोन छोड़ने की गलती ना करें
कार के अंदर, तकिए के नीचे या बंद कमरे में चार्जिंग पर फोन छोड़ना खतरनाक हो सकता है। ऐसी जगहों पर गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और डिवाइस का तापमान तेजी से बढ़ जाता है। फोन को हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें।
ओवरहीटिंग के ये संकेत नजरअंदाज ना करें
अगर आपका फोन बार-बार गर्म हो रहा है, हैंग कर रहा है, बैटरी तेजी से खत्म हो रही है या स्क्रीन की ब्राइटनेस अपने आप कम हो रही है, तो यह ओवरहीटिंग का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत फोन को कुछ देर के लिए बंद कर दें और भारी ऐप्स का इस्तेमाल कम करें।
गर्मी के मौसम में फोन को सेफ रखने के लिए कुछ सावधानियां काफी मदद कर सकती हैं। फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें, बैकग्राउंड ऐप्स लिमिट करें और जरूरत पड़ने पर बैटरी सेवर मोड इस्तेमाल करें। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके आप अपने स्मार्टफोन की लाइफ बढ़ा सकते हैं और महंगे रिपेयर खर्च से बच सकते हैं।
लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariप्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से
टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के
क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के
लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।
विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और
कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट
गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता,
रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।
अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में
सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार
संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की
प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।
उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के
अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को
खोजने का तरीका हैं।
चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही
होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


