
WhatsApp में GIFs का बड़ा बदलाव: नया होने वाला है आपका चैटिंग एक्सपीरियंस
WhatsApp जुलाई 2026 से अपने GIF प्रोवाइडर Tenor की जगह Klipy को शामिल करने जा रहा है, जिससे GIF शेयरिंग बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी। इसके साथ ही GIF कीबोर्ड को तीन कॉलम में दिखाने की टेस्टिंग चल रही है।
WhatsApp यूजर्स के लिए आने वाले समय में चैटिंग का एक्सपीरियंस थोड़ा बदलने वाला है। Meta की ओनरशिप वाला यह इंस्टेंट मेसेजिंग प्लेटफॉर्म GIF शेयर करने के तरीके में बड़े बदलाव कर रहा है। कंपनी अपने GIF प्रोवाइडर को बदल रही है, जिसका असर जुलाई 2026 से दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स पर पड़ेगा। हालांकि, GIF भेजने का प्रोसेस पहले जैसा ही रहेगा लेकिन GIFs का सोर्स और उनकी प्रेजेंटेशन में बदलाव देखने को मिलेगा।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp अपने मौजूदा डिफॉल्ट GIF प्रोवाइडर Tenor को हटाकर Klipy को नया पार्टनर बना रहा है। यह बदलाव WhatsApp Beta for iOS के वर्जन 26.2.10.70 में देखा गया है, जो फिलहाल TestFlight बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इससे साफ है कि कंपनी जुलाई 2026 की डेडलाइन से पहले बड़े रोलआउट की तैयारी कर रही है।
इसलिए हटाया जा रहा है Tenor
Tenor को हटाने की वजह डिजाइन से जुड़ी नहीं, बल्कि तकनीकी मजबूरी है। Tenor ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह अपनी API सेवाएं सिर्फ 30 जून 2026 तक ही उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा, Tenor ने नए डिवलपर्स के लिए रजिस्ट्रेशन भी बंद कर दिया है। ऐसे में WhatsApp के पास विकल्प के तौर पर नए GIF प्रोवाइडर को अपनाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। यूजर्स के एक्सपीरियंस में किसी तरह की रुकावट ना आए, इसके लिए WhatsApp ने समय रहते Klipy के साथ इंटीग्रेशन शुरू कर दिया है।
आखिर क्या है Klipy प्लेटफॉर्म?
Klipy एक ऑटोमैटिक GIF, स्टिकर और मीम प्लेटफॉर्म है, जो API सर्विस भी देता है। WhatsApp में Klipy के जुड़ने के बाद यूजर्स GIFs को उसी तरह सर्च और शेयर कर पाएंगे, जैसे अभी करते हैं। यूजर के लिए सबसे बड़ा फर्क सिर्फ इतना होगा कि GIFs पर अब Tenor की जगह Klipy का लेबल दिखाई देगा। साथ ही WhatsApp GIF सर्च एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने पर भी काम कर रहा है।
कंपनी GIF कीबोर्ड लेआउट को दो कॉलम से बढ़ाकर तीन कॉलम करने की टेस्टिंग कर रही है। नए लेआउट में स्क्रीन पर करीब 50 प्रतिशत ज्यादा GIFs एक साथ दिखेंगे, जिससे सही GIF ढूंढना तेज और आसान हो जाएगा। कुल मिलाकर, ये बदलाव WhatsApp चैटिंग को ज्यादा स्मूद और विजुअली रिच बनाने की दिशा में बड़े कदम माने जा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




