
साल 2026 में आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकते हैं ये 5 स्कैम, अभी से हो जाओ अलर्ट
ऑनलाइन फ्रॉड के तरीके पहले से ज्यादा स्मार्ट और खतरनाक हो चुके हैं, जिनमें AI डीपफेक, फर्जी निवेश और KYC स्कैम तेजी से बढ़ रहे हैं। आइए बताएं कि खुद को बचाकर कैसे रखा जा सकता है।
साल 2026 में जैसे-जैसे डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन शॉपिंग और AI-बेस्ड सेवाएं बढ़ेंगी, वैसे-वैसे स्कैम के तरीके भी पहले से ज्यादा स्मार्ट और खतरनाक होने जा रहे हैं। साइबर अपराधी अब सिर्फ अनजान कॉल या फर्जी SMS तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सोशल मीडिया, AI-generated वीडियो, फर्जी ऐप्स और यहां तक कि सरकारी जैसी दिखने वाली वेबसाइट्स का सहारा लेकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। हम टॉप-5 स्कैम्स के बारे में बता रहे हैं, जिनसे इस साल बचकर रहना होगा।
AI वॉइस और डीपफेक स्कैम
साल 2026 का सबसे खतरनाक ट्रेंड AI-based वॉइस और वीडियो स्कैम हो सकता है। इसमें अटैकर्स किसी परिचित, बॉस या परिवार के सदस्य की आवाज और शक्ल की हूबहू नकल करके इमरजेंसी का बहाना बनाते हैं और तुरंत पैसे ट्रांसफर करने को कहते हैं। कई मामलों में लोग इमोशनल होकर बिना कन्फर्म किए पैसे भेज देते हैं।
फर्जी निवेश और क्रिप्टो स्कीम
गारंटीड रिटर्न, एक महीने में पैसा डबल या AI ट्रेडिंग बॉट जैसे ऑफर 2026 में भी लोगों को फंसाने का बड़ा जरिया बने हुए हैं। स्कैमर्स सोशल मीडिया ऐड्स और WhatsApp ग्रुप्स के जरिए फर्जी निवेश प्लान्स प्रमोट करते हैं। वे शुरुआत में थोड़ा मुनाफा दिखाकर भरोसा जीतते हैं और फिर बड़ी रकम लेकर गायब हो जाते हैं। याद रखें, कोई भी निवेश बिना जोखिम के भारी मुनाफा नहीं देता।
फर्जी सरकारी मैसेज और KYC स्कैम
PAN, Aadhaar, बैंक KYC या सब्सिडी से जुड़े फर्जी मैसेज और ईमेल अभी भी आम हैं। इनमें अकाउंट बंद होने या बेनिफिट्स रुकने की धमकी देकर लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है। लिंक पर जाते ही आपकी पर्सनल जानकारी या OTP चुरा लिया जाता है। सरकार या बैंक कभी भी SMS/WhatsApp पर OTP या पासवर्ड नहीं मांगते, यह बात हमेशा याद रखें।
ऑनलाइन शॉपिंग और डिलीवरी फ्रॉड
बीते एक साल में नकली ई-कॉमर्स वेबसाइट्स और फेक डिलीवरी कॉल्स भी तेजी से बढ़े हैं। सस्ते ऑफर दिखाकर पेमेंट करा लिया जाता है, लेकिन ना तो प्रोडक्ट आता है और ना ही पैसा वापस मिलता है। कई बार डिलीवरी के नाम पर APK फाइल भेजी जाती है, जिसे इंस्टॉल करते ही फोन का कंट्रोल ठगों के पास चला जाता है।
सोशल मीडिया इम्पर्सोनेशन स्कैम
Instagram, Facebook और X पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर स्कैमर्स खुद को सेलेब्रिटी, इंफ्लुएंसर या कंपनी रिप्रेजेंटेटिव बताते हैं। गिवअवे, लॉटरी या फ्री गिफ्ट के नाम पर लिंक भेजे जाते हैं और फिर बैंक डीटेल्स मांगी जाती हैं। किसी भी अनवेरिफाइड प्रोफाइल पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है।
खुद को सुरक्षित रखने के लिए ऐसा करें
आप ऐसे स्कैम्स से खुद को बचाकर रखना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। कोई भी इमरजेंसी बताकर पैसे मांगे तो तुरंत क्रॉस-वेरिफिकेशन करें। इसके अलावा अनजान लिंक, APK या QR कोड स्कैन करने से बचें। OTP, पिन और पासवर्ड किसी के साथ शेयर ना करें। किसी भी तरह के निवेश से पहले कंपनी की और ऑफर की अच्छे से जांच करें। साथ ही किसी भी तरह का शक या फ्रॉड होने की स्थिति में पुलिस में रिपोर्ट करें और तुरंत ऐक्शन लें।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




