Vi ने लॉन्च किया नया प्रीपेड फैमिली फीचर, 4 लोग शेयर कर सकेंगे डेटा; रिचार्ज पर मिलेगी 10% तक छूट

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Vodafone Idea (Vi) ने प्रीपेड यूजर्स के लिए नया फैमिली फीचर लॉन्च किया है। इसमें एक ग्रुप में 4 नंबर जुड़ सकते हैं, परिवार के सदस्य देश में कहीं भी 500MB डेटा शेयर कर सकते हैं। जानें इसे शुरू करने का तरीका और जरूरी नियम।

Vi
Vi के नए प्लान में परिवार के 4 लोग होंगे शामिल

मोबाइल डेटा खत्म होने पर अगर परिवार के किसी सदस्य को इंटरनेट की जरूरत पड़ जाए, तो अब Vi यूजर्स के पास एक नया ऑप्शन है। Vodafone Idea (Vi) ने प्रीपेड ग्राहकों के लिए फैमिली फीचर लॉन्च किया है। इसकी मदद से परिवार के सदस्य एक ग्रुप बनाकर आपस में मोबाइल डेटा शेयर कर सकेंगे। खास बात यह है कि डेटा शेयर करने के लिए सभी का एक ही शहर में होना जरूरी नहीं है। परिवार का कोई सदस्य दिल्ली में है और दूसरा मुंबई या किसी अन्य शहर में, तब भी इस सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Vi के इस नए फीचर में एक फैमिली ग्रुप में अधिकतम चार सदस्य शामिल हो सकते हैं। इसमें एक प्राइमरी मेंबर और तीन अन्य सदस्य होंगे। जरूरत पड़ने पर एक सदस्य दूसरे को 500MB डेटा भेज सकेगा। इसके अलावा, Vi ऐप से रिचार्ज करने पर परिवार के सदस्यों को 10% तक की छूट भी मिल जाएगी।

Vi के फैमिली फीचर में क्या-क्या मिलेगा?

- एक ग्रुप में 4 नंबर: एक प्राइमरी मेंबर और तीन अन्य सदस्य शामिल हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप ग्रुप बनाते हैं, तो उसमें अपना, मम्मी, पापा और भाई का नंबर जोड़ सकते हैं। इस तरह चारों एक ही फैमिली ग्रुप का हिस्सा होंगे और तय नियमों के मुताबिक एक-दूसरे के साथ डेटा शेयर कर सकेंगे।

- 500MB डेटा शेयरिंग: जरूरत पड़ने पर एक सदस्य दूसरे को एक बार में 500MB डेटा भेज सकता है।

- देशभर में डेटा शेयरिंग: परिवार के सदस्य अलग-अलग राज्यों और टेलीकॉम सर्किल में होने पर भी डेटा शेयर कर सकते हैं।

- रिचार्ज पर 10% तक छूट: रिचार्ज पर Vi ऐप के जरिए छूट मिल सकती है।

डेटा शेयर करने के लिए मानने होंगे ये नियम

Vi के इस फीचर में डेटा शेयर करने की सुविधा है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। कंपनी के नियमों के मुताबिक, एक सदस्य एक बार में 500MB डेटा ट्रांसफर कर सकता है। डेटा शेयरिंग दिन में एक बार, सप्ताह में अधिकतम दो बार और एक कैलेंडर महीने में कुल चार बार की जा सकती है। डेटा भेजने वाले सदस्य के डेटा बैलेंस में कम से कम 600MB उपलब्ध होना चाहिए। इसके अलावा, डेटा भेजने और पाने वाले दोनों नंबरों पर वैलिडिटी वाला एक्टिव प्लान होना जरूरी है।

एक और जरूरी बात यह है कि शेयर किया गया डेटा उसी दिन रात 11:59 बजे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी इसे अगले दिन के लिए बचाकर नहीं रखा जा सकता। इसलिए डेटा भेजते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि सामने वाला सदस्य उसका इस्तेमाल उसी दिन कर सके।

रिचार्ज पर भी मिलेगी 10% तक की छूट

Vi के नए फैमिली फीचर का दूसरा फायदा रिचार्ज से जुड़ा है। कंपनी के मुताबिक, फैमिली ग्रुप के सदस्य Vi ऐप से रिचार्ज करने पर 10% तक की छूट पा सकते हैं। हालांकि, यह छूट हर रिचार्ज पर मिलना जरूरी नहीं है। छूट लेने के लिए रिचार्ज Vi ऐप से करना होगा और चेकआउट के समय उपलब्ध फैमिली ऑफर लागू करना होगा। इसलिए रिचार्ज करने से पहले ऐप पर दिखाई जा रही कीमत और डिस्काउंट जरूर चेक कर लें।

Himani Gupta

लेखक के बारे में

Himani Gupta

हिमानी गुप्ता लाइव हिन्दुस्तान में गैजेट्स सेक्शन से जुड़ी हुई हैं और 2020 से इस संस्थान का हिस्सा हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 12 साल का अनुभव है। इससे पहले वह नेटवर्क 18 में गैजेट्स और बिजनेस सेक्शन देखती रही हैं, जहां बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नेटवर्क 18 से पहले भी हिमानी ने कई अन्य मीडिया संस्थानों में काम किया है। हिमानी स्मार्टफोन, कंज्यूमर गैजेट्स और AI से जुड़ी खबरों और फीचर्स पर लिखती हैं। लेटेस्ट गैजेट्स को एक्सप्लोर करना, उनकी टेस्टिंग करना और नए ऐप्स पर काम करना उनके काम का अहम हिस्सा है।

शिक्षा के क्षेत्र में हिमानी ने आईपी यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी (MJMC) की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने डिजिटल विद्या (Digital Vidya) से सोशल मीडिया मार्केटिंग का कोर्स भी किया है। एडिटोरियल के अलावा, हिमानी को गूगल एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की भी काफी जानकारी है और बतौर सोशल मीडिया मैनेजर भी काम कर चुकी हैं। काम के अलावा उन्हें टेक ट्रेंड्स को समझना और उन्हें कहानियों में ढालना पसंद है, ताकि पाठक बदलती डिजिटल दुनिया से हमेशा अपडेट रह सकें।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsगैजेट्स न्यूज़Vi ने लॉन्च किया नया प्रीपेड फैमिली फीचर, 4 लोग शेयर कर सकेंगे डेटा