
अपने परिवार को स्कैम से बचा सकते हैं आप, आ गया नया Truecaller फीचर
Truecaller ने एक नया फैमिली सेफ्टी हब लॉन्च किया है, जिसमें परिवार के लोग मिलकर एक-दूसरे को स्कैम कॉल्स और फ्रॉड से बचा सकते हैं। Android पर एडमिन रियल-टाइम में स्पैम कॉल की पहचान कर उसे दूर बैठे ही काट भी सकता है।
डिजिटल दुनिया में स्कैम कॉल्स और फ्रॉड के तरीके हर दिन बदल रहे हैं। ऐसे माहौल में Truecaller ने एक नया कदम उठाया है जो परिवार की सुरक्षा को एक साझा जिम्मेदारी बनाने की कोशिश करता है। कंपनी ने अपने ऐप में एक नया फीचर शामिल किया है, जिसे एक फैमिली सेफ्टी हब की तरह डिजाइन किया गया है- जहां परिवार के लोग मिलकर एक-दूसरे को स्कैम कॉल्स से बचा सकें।
नए फीचर का मकसद यह है कि परिवार का हर सदस्य दूसरे की सुरक्षा में सहायक बने। इस हब में पांच लोग तक जोड़े जा सकते हैं, जहां एक फैमिली लीडर पूरे सिस्टम को मैनेज करता है, जैसे कॉल ब्लॉकिंग सेटिंग्स, ब्लैकलिस्ट अपडेट और अनवांटेड कॉल्स के लिए हैंडलिंग रूल्स। आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
ऐसे काम करेगा नया Truecaller फीचर
Android यूजर्स के लिए यह फीचर और भी ज्यादा पावरफुल है। अगर किसी सदस्य को स्कैम कॉल आती है तो लीडर को तुरंत एक अलर्ट भेजा जाता है और जरूरत पड़ने पर वह दूर बैठे ही उस कॉल को काट भी सकता है। यानी परिवार का कोई भी सदस्य मुश्किल में पड़े, तो बाकी लोग रियल-टाइम में उसकी हेल्प कर सकते हैं।
रियल-टाइम डिजिटल वेलबीइंग भी
फैमिली एडमिन सिर्फ कॉल्स ही नहीं, बल्कि सदस्यों के फोन बैटरी लेवल, एक्टिविटी स्टेटस और उपलब्धता भी देख सकता है। यह खास तौर पर उन परिवारों के लिए उपयोगी है जिनमें बुजुर्ग, बच्चे या कम टेक-सेवी सदस्य हों। जरूरत पड़ने पर किसी को समय पर अलर्ट भेजना या कॉल बंद करवाना काफी फर्क डाल सकता है।
कंपनी ने इस फीचर को पूरी तरह फ्री रखा है, पर इसके पीछे एक बिजनेस स्ट्रेटजी भी छिपी है। अगर कोई परिवार और एडवांस्ड सुरक्षा चाहता है, तो वे Premium Family Plan चुन सकते हैं- जहां हाई-रिस्क नंबर्स के ऑटो-रिजेक्शन, एडवांस्ड स्पैम ब्लॉकिंग और ऐड-फ्री एक्सपीरियंस दिया जाता है। यह Truecaller के लिए यूजर रिटेंशन और सब्सक्रिप्शन ग्रोथ दोनों बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है।
अभी चुनिंदा मार्केट्स में उपलब्ध
Truecaller ने इसे फिलहाल चार देशों- स्वीडन, चिली, मलेशिया और केन्या में शुरू किया है। कंपनी इसका वाइड रोलआउट 2026 की पहली तिमाही में भारत जैसे बड़े मार्केट्स में करेगी। पहले सीमित लॉन्च का मकसद शुरुआती फीडबैक लेकर फीचर को और बेहतर बनाना है।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




