
Tap and Pay Scam: एक टैप में उड़ सकते हैं आपके पैसे, जानिए कैसे बचें इस नए डिजिटल फ्रॉड से
हाल ही में सामने आए Tap and Pay Scam में ठग NFC का इस्तेमाल कर बिना PIN डाले आपके कार्ड या फोन से रकम निकाल लेते हैं। थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर इस नए डिजिटल फ्रॉड से बचा जा सकता है।
डिजिटल पेमेंट ने रोजमर्रा की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। अब जेब में कैश रखने की जरूरत नहीं होती, बस कार्ड या स्मार्टफोन से टैप करें और पेमेंट हो जाता है। Tap and Pay टेक तेज और सुविधाजनक है, लेकिन इसी का फायदा उठाकर साइबर अटैकर्स एक नया फ्रॉड कर रहे हैं, जिसे Tap and Pay Scam कहा जाता है। इसमें यूजर को पता भी नहीं चलता और उसके अकाउंट से पैसे कट जाते हैं।
Tap and Pay Scam असल में NFC यानी Near Field Communication टेक्नोलॉजी पर काम करता है। इस टेक्नोलॉजी के साथ कार्ड या फोन को मशीन के पास लाने भर से ट्रांजैक्शन पूरा हो जाता है। कई मामलों में छोटी रकम के लिए PIN भी नहीं मांगा जाता। अटैकर्स इसी कमजोरी का फायदा उठाते हैं और बिना आपकी परमिशन के पैसे निकाल लेते हैं।
ऐसे दिया जाता है स्कैम को अंजाम
Tap and Pay स्कैम अक्सर भीड़भाड़ वाली जगहों पर होते हैं। मेट्रो, बस, मार्केट या मॉल जैसी जगहों पर अटैकर्स अपने पास पोर्टेबल POS मशीन या NFC रीडर रखते हैं। वे लोगों के बेहद करीब आकर मशीन को उनकी जेब या बैग के पास ले जाते हैं। अगर आपका कार्ड या फोन NFC-enabled है, तो कुछ सेकेंड में पेमेंट हो सकता है।
स्मार्टफोन यूजर्स इस स्कैम के आसान शिकार बनते जा रहे हैं। कई लोग Google Pay या Apple Pay जैसी ऐप्स के चलते NFC हमेशा ऑन रखते हैं। कुछ लोग कार्ड को मोबाइल कवर के पीछे भी रखते हैं। ऐसे में अटैकर्स के लिए बिना आपकी जानकारी के ट्रांजैक्शन करना आसान हो जाता है।
स्कैम की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसकी पहचान देर से होती है। अटैकर्स आमतौर पर एक बार में बड़ी रकम नहीं निकालते। वे 200 रुपये, 500 रुपये या 1000 रुपये जैसी छोटी रकम काटते हैं, जिससे यूजर को शक ना हो। कई लोग बैंक मैसेज को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे नुकसान बढ़ जाता है।
सावधान रहना है बेहद जरूरी
Tap and Pay Scam से बचने के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। NFC फीचर को हमेशा ऑन ना रखें और जरूरत पड़ने पर ही इनेबल करें। कार्ड को RFID ब्लॉकिंग वॉलेट में रखें और फोन को हमेशा लॉक रखें। बैंक के SMS और ऐप नोटिफिकेशन जरूर ऑन रखें। वहीं, अगर बिना जानकारी के पैसे कट जाएं, तो तुरंत बैंक से संपर्क करें और कार्ड ब्लॉक करवाएं। इसके साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




