
Twitter (X) नहीं रहेगा फ्री.. यूज करने के लिए देने होंगे पैसे, एलन मस्क ने दिए संकेत
एलन मस्क ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही यूजर्स को X (पहले Twitter) माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने के लिए भुगतान करना होगा। ऐसा फेक या बॉट अकाउंट्स पर लगाम लगाने के लिए किया जा सकता है।
अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने पिछले साल लोकप्रिय माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter खरीदने के बाद इसमें कई बड़े बदलाव किए हैं और अब इसका नाम X हो गया है। अब मस्क ने संकेत दिए हैं कि X प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को हर महीने भुगतान करना पड़ सकता है। मस्क ने इस बदलाव के पीछे फेक अकाउंट्स और बॉट्स को वजह बताया है।
एलन मस्क का मानना है कि अगर मंथली फीस का भुगतान करना पड़ेगा तो केवल असली यूजर्स X इस्तेमाल करेंगे और फेक या बॉट अकाउंट्स इस प्लेटफॉर्म को प्रभावित नहीं कर पाएंगे। CNBC रिपोर्ट में प्लेटफॉर्म में होने वाले इस संभावित बदलाव की जानकारी दी गई है लेकिन मस्क ने यह नहीं बताया कि यूजर्स को इसके लिए कितना भुगतान करना होगा।
यह भी पढ़ें: X पर अपलोड हो जाएंगी पूरी-पूरी फिल्में, ये यूजर्स शेयर कर सकते हैं 3 घंटे लंबे वीडियोज
55 करोड़ से ज्यादा का यूजरबेस
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बात करते हुए एलन मस्क ने X से जुड़े कुछ आंकड़े शेयर किए हैं। उन्होंने बताया कि X का मौजूदा यूजरबेस करीब 55 करोड़ यूजर्स का है, जो हर महीने प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने बताया कि माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर रोज 10 से 20 करोड़ तक पोस्ट्स किए जाते हैं। हालांकि, इनमें से कितने यूजर्स रियल हैं इसपर मस्क ने कुछ नहीं कहा है।
AI रेग्युलेशन पर हो रही थी बात
एलन मस्क और इजराइली PM के बीच बात का मुख्य मुद्दा तेजी से एडवांस हो रही टेक्नोलॉजी और आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) के संभावित खतरों पर चर्चा करना था। इसके अलावा दोनों ने यह भी समझना चाहा कि इनपर लगाम कैसे लगाई जा सकती है। मस्क ने इस मौके पर X पर लगने वाले उन आरोपों पर भी बात की, जिनमें कहा जाता है कि प्लेटफॉर्म हेट स्पीच को बढ़ावा दे रहा है।
बॉट अकाउंट्स हटाने का वादा
ट्विटर खरीदते वक्त भी मस्क ने वादा किया था कि इस प्लेटफॉर्म से फेक अकाउंट्स और बॉट अकाउंट्स की पूरी तरह छुट्टी कर दी जाएगी। उन्होंने कंपनी से असली और बॉट अकाउंट्स के आंकड़े भी मांगे थे। हालांकि, अब तक फेक अकाउंट्स को पूरी तरह रोकने के लिए कोई तरीका कारगर नहीं रहा है। इतना जरूर है कि X के लिए भुगतान करने की स्थिति में इसका यूजरबेस जरूर कम होगा।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariप्राणेश तिवारी पिछले चार साल से लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर टेक्नोलॉजी सेक्शन का हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश, आठ साल से ज्यादा वक्त से साइंस और टेक्नोलॉजी की दुनिया को शब्दों में ढाल रहे हैं। गैजेट्स इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उनकी एक्सपर्टीज हैं, जहां वह मुश्किल टेक्नोलॉजी को सरल और असरदार भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। लेटेस्ट गैजेट्स रिव्यू करना और नए ऐप्स पर वक्त बिताना उन्हें जॉब का पसंदीदा हिस्सा लगता है।
करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से करने वाले प्राणेश ने न्यूजबाइट्स में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में भी भूमिका निभाई। लॉकडाउन में 'सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां' लघुकथा संग्रह भी लिखा। IIMC, नई दिल्ली में PTI अवॉर्ड से सम्मानित प्राणेश ने स्मार्टफोन, AI, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन जैसे विषयों पर गहराई से तथ्यात्मक रिपोर्टिंग की है। काम के अलावा उन्हें लिखना और सफर करना पसंद है, दोनों ही उनके लिए दुनिया को समझने और कहानियों में बदलने का जरिया हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




