
पुराना फोन बेचने से पहले जरूर करें ये 10 काम, वरना बाद में पछताएंगे
अगर आप नया फोन खरीदते वक्त पुराना फोन एक्सचेंज करना चाहते हैं या फिर कोई पुराना फोन बेचना चाहते हैं तो सारा डाटा डिलीट करना जरूरी है। ये 10 जरूरी काम आपको फोन बेचने से पहले कर लेने चाहिए।
नया स्मार्टफोन खरीदने के बाद पुराना बेकार पड़ा है और आप इसे बेचना चाहते हैं? या फिर नया फोन खरीदते वक्त इसे एक्सचेंज करना है? दोनों ही स्थितियों में जरा सी लापरवाही आप पर भारी पड़ सकती है। ऐसे कई जरूरी काम हैं, जो आपको पुराना फोन बेचने से पहले पूरे करने चाहिए और हम इनकी लिस्ट आपके लिए लेकर आए हैं। बाद में पछताना ना पड़े इसलिए जरूरी है कि फोन बेचने से पहले ये 10 जरूरी काम किए जाएं।
बैंकिंग और UPI ऐप्स करें डिलीट
सबसे पहले अपने पुराने फोन से बैंकिंग और UPI ऐप्स डिलीट कर दें। वैसे तो ये ऐप्स मोबाइल नंबर से लिंक होते हैं और OTP नहीं आएगा लेकिन किसी भी तरह का डाटा फोन में छोड़ने में समझदारी नहीं है।
कॉल रिकॉर्ड्स और मेसेजेस साफ करना जरूरी
कॉन्टैक्ट्स का बैकअप लेने के बाद उन्हें तो डिलीट कर ही दें, साथ ही कॉल रिकॉर्ड्स डिलीट करना भी जरूरी है। इसके अलावा आपको फोन का इनबॉक्स और उसमें रिसीव हुए सभी मेसेजेस भी डिलीट कर देने चाहिए।
मल्टीमीडिया कंटेंट का ऐसे लें बैकअप
फोन में मौजूद फोटोज, वीडियोज और मल्टीमीडिया फाइल्स का बैकअप लेने का बेहद आसान तरीका क्लाउड स्टोरेज इस्तेमाल करना है। आप गूगल फोटोज, गूगल ड्राइव, माइक्रोसॉफ्ट वनड्राइव, ड्रॉपबॉक्स और ऐसी अन्य सेवाओं की मदद ले सकते हैं।
एक्सटर्नल ड्राइव पर भी बैकआप का विकल्प
क्लाउड स्टोरेज के अलावा आप एक्सटर्नल ड्राइव की मदद से या फिर डाटा केबल के साथ कंप्यूटर और अन्य डिवाइसेज में भी फोन के डाटा का बैकअप ले सकते हैं। इस तरीके के लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं है।
माइक्रोSD कार्ड निकालना ना भूलें
पुराने फोन में अगर आपने माइक्रोSD कार्ड लगा रखा था तो जल्दबाजी या लापरवाही में इसे फोन में लगा ना छोड़ दें। SIM कार्ड के अलावा फोन से मेमोरी कार्ड भी जरूर निकाल लें।
सभी अकाउंट्स से करें लॉग-आउट
फोन में गूगल से लेकर अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स की मदद से लॉगिन करना पड़ता है और इनमें से कुछ अकाउंट सीधे आपके फोन से लिंक होते हैं। इन सभी अकाउंट्स से लॉग-आउट कर दें और सेटिंग्स में जाकर गूगल अकाउंट भी डिवाइस से अनलिंक कर दें।
मिटाएं SIM कार्ड और eSIM से जुड़ा डाटा
फिजिकल सिम कार्ड निकालने के अलावा फोन से eSIM का डाटा डिलीट करना भी बेहद जरूरी है। अगर आपने eSIM इस्तेमाल किया था तो इसे दूसरे फोन में ट्रांसफर कर लें और पुराने फोन से इसका डाटा वाइप कर दें।
वॉट्सऐप का मैन्युअल बैकअप जरूर लें
अन्य ऐप्स के मुकाबले वॉट्सऐप का बैकअप लेना बेहद जरूरी होता है। इस प्लेटफॉर्म का डाटा वैसे तो क्लाउड स्टोरेज पर बैकअप होता है लेकिन आप मैन्युअल बैकअप लेकर नए डिवाइस पर मेसेजेस आसानी से रीस्टोर कर सकते हैं।
फोन रीसेट करने से पहले एनक्रिप्शन जरूरी
फैक्ट्री रीसेट करने से पहले चेक कर लें कि एंड्रॉयड फोन एनक्रिप्टेड है या नहीं। एनक्रिप्शन इनेबल ना होने पर इसे मैन्युअल तरीके से ऑन किया जा सकता है। इसका फायदा यह होता है कि नया यूजर पिछला डाटा रीस्टोर करने की कोशिश नहीं कर सकता। ज्यादातर नए डिवाइसेज में एनक्रिप्शन बाय-डिफॉल्ट इनेबल होता है।
फैक्ट्री रीसेट करना आखिरी कदम
पिछले सभी स्टेप्स पूरे होने के बाद आपको फोन फैक्ट्री रीसेट करना चाहिए। सेटिंग्स में मिलने वाले इस विकल्प के साथ आपका सारा डाटा डिलीट कर दिया जाता है और फोन बिल्कुल नए डिवाइस की तरह ऑन होता है।
रीसेल के लिए तैयार करें फोन
अपने फोन को एक्सचेंज या रीसेल के लिए तैयार करने के लिए तैयार करने का मतलब है कि इसे अच्छे से क्लीन कर दें। अगर आपके पास ओरिजनल बॉक्स या बिल है तो इसे भी फोन के साथ रखना बेहतर होगा।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariप्राणेश तिवारी पिछले चार साल से लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर टेक्नोलॉजी सेक्शन का हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश, आठ साल से ज्यादा वक्त से साइंस और टेक्नोलॉजी की दुनिया को शब्दों में ढाल रहे हैं। गैजेट्स इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उनकी एक्सपर्टीज हैं, जहां वह मुश्किल टेक्नोलॉजी को सरल और असरदार भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। लेटेस्ट गैजेट्स रिव्यू करना और नए ऐप्स पर वक्त बिताना उन्हें जॉब का पसंदीदा हिस्सा लगता है।
करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से करने वाले प्राणेश ने न्यूजबाइट्स में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में भी भूमिका निभाई। लॉकडाउन में 'सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां' लघुकथा संग्रह भी लिखा। IIMC, नई दिल्ली में PTI अवॉर्ड से सम्मानित प्राणेश ने स्मार्टफोन, AI, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन जैसे विषयों पर गहराई से तथ्यात्मक रिपोर्टिंग की है। काम के अलावा उन्हें लिखना और सफर करना पसंद है, दोनों ही उनके लिए दुनिया को समझने और कहानियों में बदलने का जरिया हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




