काम की बात: UPI से गलत व्यक्ति को कर दिया पेमेंट, क्या वापस मिल सकते हैं पैसे? यहां जानिए सबकुछ

Arpit Soni लाइव हिन्दुस्तान
share

कई बार हम गलती से गलत UPI ट्रांजैक्शन कर देते हैं। आज हम इसी मुद्दे पर बात कर रहे हैं कि क्या गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन के बाद पैसा वापस मिलता है या नहीं। मिलता है तो कैसे और नहीं मिलता, तो लोगों के पास पैसा वापस लेने के क्या उपाय हैं। डिटेल में जानिए सबकुछ..

UPI से गलत व्यक्ति को कर दिया पेमेंट, क्या वापस मिल सकते हैं पैसे? यहां जानिए सबकुछ

Can you reverse wrong UPI transactions: UPI ने भारत में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। NPCI ने 11 अप्रैल, 2016 को UPI (Unified Payments Interface) पेश किया। जब से UPI की सुविधा शुरू हुई है, तब से कई लोगों ने साथ में कैश लेकर चलने बंद कर दिया है। जहां भी पेमेंट करना हो, बस फोन निकाला, QR स्कैन किया और पेमेंट कर दिया। मोहल्ले के सब्जी वाले से लेकर मॉल के बड़े-बड़े शोरूम तक, आज आपगको लगभग हर छोटी-बड़ी दुकान पर UPI पेमेंट करने की सुविधा मिल जाएगी। लेकिन टेक्नोलॉजी के फायदे हैं, तो नुकसान भी हैं। कई बार हम जाने अनजाने में गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन कर देते हैं। गलती किसी से भी हो सकती है। आज यहां हम इसी मुद्दे पर बात करेंगे कि क्या गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन का पैसा वापस मिल सकता है।

UPI ने 22.64 अरब ट्रांजैक्शन का आंकड़ा पार किया

भारत में UPI तेजी से फल-फूल रहा है। लोगों ने यूपीआई को तेजी से अपनाया है और हर दिन करोड़ों यूपीआई ट्रांजैक्शन हो रहे हैं और दिनोंदिन यह संख्या तेजी से बढ़ रही है। लेकिन जैसा की हम बताया टेक्नोलॉजी के फायदे है तो कुछ नुकसान भी हैं। UPI ट्रांजैक्शन की संख्या बढ़ने के साथ-साथ, गलत UPI ट्रांजैक्शन होने की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा "यूपीआई ने मार्च 2026 में 22.64 अरब ट्रांजैक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है! भारत, डिजिटल पेमेंट्स को अपनाने और इस क्रांति को आगे बढ़ाने के लिए आपका धन्यवाद। आइए, लेन-देन के हमारे तरीकों को बदलने के इस सफर को जारी रखें!"

लेकिन मुद्दा यह है कि अगर आप गलती से यूपीआई के जरिए किसी गलत व्यक्ति को पैसे भेज दें, तो क्या होगा। दरअसल, यूपीआई पेमेंट्स अक्सर किसी लिंक्ड फोन नंबर का इस्तेमाल करके भेजे जाते हैं। आप या तो QR कोड स्कैन करके भुगतान करते हैं, या फिर सामने वाले से उसका यूपीआई लिंक्ड मोबाइल नंबर पूछते हैं। जब मोबाइल फोन के कीबोर्ड से नंबर टाइप करते है, तो गलती होने की गुंजाइश रहती है, क्योंकि एक भी नंबर गलत टाइप हुआ, तो दूसरे को पैसे पहुंच जाएंगे। लेकिन जब तक आपको अपनी गलती का एहसास होगा है, तब तक शायद पैसे गलत अकाउंट में जा चुके होंगे।

क्या गलत UPI ट्रांजैक्शन के बाद पैसे वापस मिल सकते हैं?

लाइव मिंट की रिपोर्ट के अनुसार, UPI ट्रांजैक्शन को वापस लेना मुमकिन नहीं है। यूपीआई एक वन-टाइम विंडो है और आप अपने पैसे वापस पाने के लिए 'Undo' बटन नहीं दबा सकते। पाने वाले की सहमति के बिना इन्हें बदला नहीं जा सकता।

अगर आप गलती से कोई गलत UPI ट्रांजैक्शन कर देते हैं, तो ये बातें जानना जरूरी हैं:

सबसे पहली चीज जो आपको करनी चाहिए, वह यह है कि यूपीआई से आपने गलती से जिस व्यक्ति को पैसे भेज दिए हैं, आप उसकी डिटेल्स पता कर उसे फोन कर संपर्क सकते हैं और सारी बात बता सकते हैं कि आपकी गलती से उन्हें पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं। अगर पाने वाला आपको पैसे वापस देने को तैयार हो जाता है, तब तो आपकी समस्या यहीं हल हो गई। अगर नहीं, तो अब आपको दूसरा रास्ता अपनाना होगा। यहां कुछ दूसरे विकल्प दिए गए हैं कि आपको क्या करना होगा...

- अपने बैंक को बताएं: अगर पैसे पाने वाला व्यक्ति मना कर देता है या जवाब नहीं देता, तो आपका पहला कदम यह होना चाहिए कि आप अपने बैंक को इस समस्या के बारे में बताएं। ज्यादातर यूपीआई और बैंक ऐप्स में "समस्या की रिपोर्ट करें" (report issue) का ऑप्शन होता है, और इस ट्रांजैक्शन को गलत के तौर पर दर्ज करने से आपको बाद में मदद मिलेगी।

- NPCI में शिकायत करें: आप BHIM ऐप या उनके पोर्टल के जरिए NPCI सिस्टम में भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इससे आपके मामले को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

- बैंक के ग्रीवांस डिपार्टमेंट से संपर्क करें: अगर कुछ नहीं होता है, तो आप बैंक के शिकायत निवारण विभाग से संपर्क कर सकते हैं, जिसे आमतौर पर कोई सीनियर अधिकारी संभालता है। अपनी समस्या को विस्तार से बताएं ताकि उसे ज्यादा गंभीरता से लिया जाए।

- RBI लोकपाल से संपर्क करें: अगर बैंक के अंदर का सिस्टम आपकी मदद नहीं करता है, तो आप शिकायत दर्ज करके RBI लोकपाल (Ombudsman) से संपर्क कर सकते हैं।

- सीमाओं को जानें: आपको यह पता होना चाहिए कि अगर पैसे पाने वाला व्यक्ति आपके पैसे वापस करने से मना कर देता है और उस लेन-देन में कोई धोखाधड़ी या घोटाला शामिल नहीं है, तो बैंक उस लेन-देन को वापस नहीं कर सकता है। इसलिए, इस बात की संभावना है कि आपको अपने पैसे बिल्कुल भी वापस न मिलें।

गलत UPI ट्रांजैक्शन से कैसे बचें?

यूपीआई, RBI के टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन नियम का पालन करते हुए, इस्तेमाल में आसानी के साथ-साथ मजबूत सुरक्षा भी देता है। इसका पहला फैक्टर यूजर के बैंक से जुड़ा मोबाइल नंबर होता है और दूसरा UPI PIN होता है, जिससे ट्रांजैक्शन तेज और बिना किसी की दखलंदाजी के सुरक्षित रहते हैं। आप चाहें तो, ट्रांजैक्शन के बारे में पूरी तरह कंफर्म होने के लिए, पैसे पाने वाले से उनका QR कोड भेजने के लिए कह सकते हैं।

गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन से बचने के लिए, सावधानी बरतना ही सबसे अच्छा तरीका है। पैसे पाने वाले की जानकारी को दोबारा जांचने के लिए कुछ और सेकंड का समय निकालें। अगर आपको कोई कंफ्यूजन है, तो सामने वाले से दोबारा बात कर लें। अगर आप कोई बड़ी रकम भेज रहे हैं, तो पहले एक छोटी रकम (जैसे 1 रुपये) भेजकर कंफर्म कर लें कि उन्हें यह पैसे मिला या नहीं, ताकि गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन से बचा जा सके। अगर सामने वाला कह दें कि हां 1 रुपये आ गए हैं, तो उसके बाद बड़ा अमाउंट भेजिए। आपको हमेशा यह याद रखना चाहिए कि यूपीआई ट्रांजैक्शन को वापस नहीं किया जा सकता। इसलिए, थोड़ा संभल कर इसे तकनीक को इस्तेमाल करने में ही समझदारी है। जल्दबाजी भारी पड़ सकती है।

Arpit Soni

लेखक के बारे में

Arpit Soni

अर्पित सोनी को शुरुआत से ही नए-नए गैजेट्स को एक्सप्लोर करने और उन्हें आजमाने का शौक रहा है। अब अर्पित ने अपनी इस हॉबी को ही अपना पेशा बना लिया है। भोपाल के रहने वाले अर्पित को नए-नए गैजेट्स का रिव्यू करना और उनके बारे में लिखना काफी पसंद है। टेक्नोलॉजी, रोबोट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इनसे जुड़ी खबरें लिखना भी इन्हें काफी भाता है। लाइव हिन्दुस्तान में अर्पित पिछले चार साल से बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 9 साल का अनुभव है। अर्पित ने मीडिया जगत में शुरुआत एक रीजनल चैनल से की थी। इससे बाद उन्होंने नवभारत टाइम्स और दैनिक भास्कर की गैजेट्स बीट में काम किया। अर्पित की स्कूलिंग भोपाल से हुई है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की है। मीडिया में झुकाव के चलते उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से पोस्ट ग्रेजुएशन करके मीडिया जगत में एंट्री की। मीडिया में इन्हें आठ साल से ज्यादा समय हो चुके हैं और सफर अभी जारी है। गैजेट्स के अलावा, इन्हें नई-नई जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने का भी बहुत शौक है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।