
Samsung फोन से बनेगी Mahindra कार की चाबी, लेकर आए कमाल का फीचर
साउथ कोरियन टेक कंपनी Samsung की ओर से Mahindra कार ओनर्स के लिए नया Digital Car Keys फीचर पेश किया गया है। इस फीचर के साथ यूजर्स अपनी कार फोन से लॉक और स्टार्ट कर सकेंगे।
अब वक्त आ गया है जब आपकी गाड़ी की चाबी आपकी जेब में नहीं, बल्कि आपके फोन में होगी। साउथ कोरियन कंपनी Samsung ने भारत में Mahindra की इलेक्ट्रिक SUVs के लिए नया Digital Car Key फीचर शुरू किया है। इस फीचर की मदद से अब Galaxy स्मार्टफोन यूजर्स अपनी कार को बिना फिजिकल चाबी के लॉक, अनलॉक और स्टार्ट कर सकेंगे। यानी बस फोन निकालिए, एक टैप कीजिए और गाड़ी सफर के लिए तैयार हो जाएगी।
Mahindra बनी पहली भारतीय कंपनी
Mahindra इस टेक्नोलॉजी को अपनाने वाली भारत की पहली ऑटोमोबाइल कंपनी बन गई है। यह फीचर फिलहाल कंपनी की XEV 9e और BE 6 इलेक्ट्रिक SUVs के लिए उपलब्ध कराया गया है। इन गाड़ियों के मालिक अब Samsung Wallet ऐप के जरिए अपने Galaxy डिवाइस से गाड़ी को कंट्रोल कर पाएंगे। इससे यूजर्स को हर वक्त फिजिकल चाबी साथ लेकर घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कैसे काम करेगी यह डिजिटल चाबी?
नए फीचर का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। यूजर को बस अपनी Mahindra EV को Samsung Wallet में लिंक करना होगा। इसके बाद फोन NFC या Ultra-Wideband (UWB) तकनीक से कार से कनेक्ट हो जाएगा। जब यूजर कार के पास पहुंचेगा, तो सिर्फ फोन पास लाने पर ही गाड़ी अपने आप अनलॉक हो जाएगी। अंदर बैठने पर एक टैप से इंजन स्टार्ट किया जा सकता है।
बाकियों के साथ शेयर की जा सकेगी चाबी
डिजिटल कार-की की सबसे खास बात यह है कि इसे यूजर अपने परिवार या दोस्तों के साथ भी शेयर कर सकता है। मान लीजिए आपको कुछ समय के लिए किसी को गाड़ी देनी है तो आप Samsung Wallet से लिमिटेड टाइम के लिए डिजिटल-की शेयर कर सकते हैं। समय खत्म होने पर एक्सेस अपने आप रिवोक हो जाएगा।
सिक्योरिटी फीचर्स भी हैं जबरदस्त
अच्छी बात यह है कि अगर फोन खो जाए, तो चिंता की कोई बात नहीं। Samsung Find सर्विस की मदद से यूजर अपना डिवाइस रिमोटली लॉक कर सकता है, डाटा डिलीट कर सकता है और साथ ही डिजिटल की को भी डिसेबल कर सकता है। इसके अलावा, बायोमीट्रिक ऑथेंटिकेशन और PIN वेरिफिकेशन से यह तय किया गया है कि कोई भी अनऑथराइज्ड यूजर आपकी कार को एक्सेस ना कर सके।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




