Nothing Phone 4a Review: जबरदस्त मिडरेंज फोन, कैमरा-बैटरी दोनों दमदार, सॉलिड है फोन का परफॉर्मेंस

Apr 08, 2026 12:15 am ISTVishnu Soni लाइव हिन्दुस्तान
share

Nothing Phone (4a) चार कलर ऑप्शन और तीन स्टोरेज वैरिएंट्स में आया है। फोन की शुरुआती कीमत 31,999 रुपये है। कंपनी ने नथिंग फोन (4a) हमें रिव्यू के लिए भेजा। हमने करीब 15 दिन इसे यूज किया, तो आइए जानते हैं कि कैसा रहा इसका परफॉर्मेंस...

Nothing Phone 4a Review: जबरदस्त मिडरेंज फोन, कैमरा-बैटरी दोनों दमदार, सॉलिड है फोन का परफॉर्मेंस

नथिंग ने पिछले दिनों भारत और दूसरे ग्लोबल मार्केट्स में अपने दो नए स्मार्टफोन Nothing Phone (4a) और Nothing Phone (4a) Pro लॉन्च किए हैं। Nothing Phone (4a) चार कलर ऑप्शन और तीन स्टोरेज वैरिएंट्स में आया है। इस स्मार्टफोन की शुरुआती कीमत 31,999 रुपये है। वहीं, टॉप वैरिएंट के दाम 37,999 रुपये हैं। कंपनी ने Nothing Phone (4a) हमें रिव्यू के लिए भेजा। नथिंग ने फोन का व्हाइट कलर ऑप्शन और 12GB रैम+256GB स्टोरेज वाला वैरिएंट हमें भेजा। हमने करीब 15 दिन Nothing Phone (4a) का इस्तेमाल किया। तो आइए जानते हैं कि लुक-डिजाइन, कैमरा, बैटरी और परफॉर्मेंस के मामले में कैसा है नथिंग का यह स्मार्टफोन...

लुक और डिजाइन
Nothing Phone (4a) के बॉक्स में आपको स्मार्टफोन के अलावा USB-C केबल, सिम इजेक्टर टूल और एक प्रोटेक्टिव केस मिलता है। बॉक्स खोलने के साथ ही लुक और डिजाइन के मामले में यह स्मार्टफोन आपको अपना मुरीद बना लेगा। नथिंग का यह स्मार्टफोन यूनीक डिजाइन के साथ आता है और इसके बैक में ट्रांसपैरेंट ग्लास दिया गया है, जो इसके लुक को और प्रीमियम बनाता है। हमने इस फोन को बिना प्रोटेक्टिव केस के इस्तेमाल किया और इसके बैक पैनल पर अब तक विजिबल स्क्रैच नहीं आए हैं। लेकिन, फोन को प्रोटेक्टिव केस के साथ यूज करना कहीं ज्यादा बेहतर विकल्प है। Nothing Phone (4a) के बैक में हॉरिजॉन्टल कैमरा सेटअप दिया गया है। कैमरा सेटअप को चारों तरफ से एक कैप्सूलनुमा डिजाइन देते हुए प्लास्टिक से घेरा गया है। नथिंग फोन (3a) के मुकाबले नथिंग फोन (4a) में कैमरा बंप को घटाया गया है।

Nothing Phone (4a) Review

खास है फोन में दिया गया ग्लिफ बार
नथिंग के इस फोन में नया ग्लिफ (Glyph) इंटरफेस दिया गया है, जो सिंगल ग्लिफ बार (Glyph Bar) के रूप में आता है। इसमें 63 मिनी LED हैं, जो कि 6 सेगमेंट में हैं। इसके नीचे वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए एक रेड टैली लाइट भी है। नथिंग का यह फोन 8.55mm मोटा है और इसका वजन 204.5 ग्राम है। इस फोन के वेट मैनेजमेंट पर काफी मेहनत की गई है, क्योंकि 200 ग्राम से ज्यादा का होने के बावजूद फोन को लंबे समय तक होल्ड करने में भी कोई परेशानी नहीं होती है। नथिंग फोन (4a) को IP64 रेटिंग मिली हुई है, यह बूंदाबांदी और हल्की-फुल्की बारिश को आसानी से झेल सकता है।

Nothing Phone (4a) Review

जबरदस्त है फोन का डिस्प्ले
Nothing Phone (4a) में 6.78 इंच का एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉलूशन 1224X2720 पिक्सेल है। नथिंग फोन (4a) में डिस्प्ले को अपग्रेड किया गया है, नथिंग फोन (3a) में फुल एचडी पैनल दिया गया था। डिस्प्ले की ब्राइटनेस के मामले में भी सुधार देखने को मिला है। टिपिकल यह 800 निट्स, आउटडोर में 1600 निट्स और पीक ब्राइटनेस 4500 निट्स पहुंचती है। अगर डिस्प्ले व्यूइंग की बात करें तो इनडोर और आउटडोर दोनों जगह इसका परफॉर्मेंस शानदार रहा है। हमने इस स्मार्टफोन पर YouTube चलाया, गेम खेले और सोशल मीडिया ब्राउजिंग के साथ जनरल पर्पज में इसका यूज किया, डिस्प्ले के मामले में हमारा एक्सपीरियंस बेहतरीन रहा। डिस्प्ले का कलर रिप्रॉडक्शन बहुत ही नेचुरल है।

Nothing Phone (4a) Review

फोन में दिया गया है ऑप्टिकल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर
आउटडोर में इस फोन को यूज करते समय डिस्प्ले व्यूइंग को लेकर हमें कोई परेशानी नहीं आई। आउटडोर में दोपहर के समय भी फोन की विजिबिलिटी बहुत अच्छी रही। नथिंग का इस फोन में 30-120Hz रिफ्रेश रेट डिस्प्ले है, जो कि कंटेंट के मुताबिक 30, 60, 90 और 120Hz के बीच स्विच कर सकता है। गेमिंग में भी डिस्प्ले का एक्सपीरियंस बेहद स्मूद रहा है। Nothing Phone (4a) कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i प्रोटेक्शन के साथ आता है। पावर बटन फोन के दाएं साइड में वॉल्यूम रॉकर्स के साथ दिया गया है। वहीं, असेन्शल की अब बाएं तरफ है। ड्यूल सिम स्लॉट, प्राइमरी माइक्रोफोन, USB टाइप-C पोर्ट और लाउडस्पीकर ग्रिल फोन के बॉटम में हैं। वहीं, सेकेंडरी माइक्रोफोन टॉप पर दिया गया है। नथिंग फोन (4a) में पॉलीकॉर्बोनेट का फ्रेम है और इसमें मैटे फिनिश दी गई है। नथिंग फोन (4a) में एक छोटा सेंटर पंचहोल दिया गया है, जिसमें 32 मेगापिक्सेल का कैमरा है। फोन में ऑप्टिकल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है।

Nothing Phone (4a) Review

कुछ ऐसा रहा फोन का परफॉर्मेंस
नथिंग फोन (4a) एंड्रॉयड बेस्ड Nothing OS 4.1 पर चलता है। लंदन बेस्ड कंपनी नथिंग ने अपने इस स्मार्टफोन के साथ 3 एंड्रॉयड ओएस अपडेट्स और 6 साल के सिक्योरिटी पैचेज का वायदा किया है। Nothing Phone (4a), क्वॉलकॉम के 4nm ओक्टा कोर स्नैपड्रैगन 7s Gen 4 चिपसेट से पावर्ड है। प्रोसेसर 2.7 GHz की पीक स्पीड डिलीवर करने का दावा करता है। हमने इस स्मार्टफोन में नॉर्मल और वीडियो कॉलिंग के साथ बिंज वॉचिंग और गेमिंग के लंबे सेशंस खेले हैं। फोन का परफॉर्मेंस हमारी उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरा है। गेमिंग के लंबे सेशन और बिंज वॉचिंग में भी हमारा एक्सपीरियंस बेहतरीन रहा। लंबे समय तक चलने के बाद भी फोन के हीट होने की प्रॉब्लम नहीं हुई।

Nothing Phone (4a) Review

ऐप्स (Apps) को लेकर भी हमारा यूजर एक्सपीरियंस अच्छा रहा है। एक ऐप से दूसरे ऐप में जाते वक्त कोई लैगिंग नहीं होती है। गूगल ऐप्स के अलावा फोन में फेसबुक और इंस्टाग्राम ऐप्स प्री-इंस्टाल्ड हैं। नई ग्लिफ लाइट्स एक सीधी लाइन में हैं, यह पहले जैसा ही इफेक्ट्स देती हैं। 6 छोटे-छोटे सेगमेंट्स के बाद एक रेड इंडीकेटर दिया गया है। फोन में दिए गए इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक फीचर का परफॉर्मेंस भी जबरदस्त है। जैसे ही आप सेंसर पर उंगली रखते हैं, फोन तुरंत अनलॉक हो जाता है। फोन अनलॉक फीचर भी सेकेंड्स में आपका फोन अनलॉक कर देता है।

फोन का कैमरा परफॉर्मेंस
Nothing Phone (4a) के रियर में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है। रियर कैमरा यूनिट में 50 मेगापिक्सेल का सैमसंग G9 मेन सेंसर है, जो कि ऑप्टिकल इमेज स्टैबलाइजेशन (OIS) के साथ आता है। स्मार्टफोन के बैक में 50 मेगापिक्सेल पेरिस्कोप कैमरा है, यह सैमसंग JN5 1/2.75 इंच सेंसर के साथ आता है। इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टैबलाइजेशन और 70 गुना तक अल्ट्रा जूम कैपबिलिटीज हैं। इसके अलावा, फोन के बैक में 8 मेगापिक्सेल का अल्ट्रावाइड कैमरा है, यह Sony IMX335 सेंसर है, जो कि 120 डिग्री के फील्ड ऑफ व्यू के साथ आता है। अगर सेल्फी कैमरे की बात करें तो फोन के फ्रंट में 32 मेगापिक्सेल का कैमरा दिया गया है। हमने दिन और रात के समय में, इनडोर और आउटडोर दोनों जगह फोटोग्राफी और वीडियो बनाए हैं, कैमरे का परफॉर्मेंस जबरदस्त है। ली गई इमेज में कलर और ब्राइटनेस का कॉम्बिनेशन शानदार रहा है। वीडियो की क्वॉलिटी भी परफेक्ट रही है।

पावरफुल बैटरी से लैस है नथिंग का यह फोन
नथिंग फोन (4a) में दमदार बैटरी दी गई है। यह स्मार्टफोन 5400 mAh की बैटरी के साथ आता है। इससे पहले आए नथिंग फोन (3a) में 5000 mAh की बैटरी थी। नथिंग फोन (4a) की बैटरी 50W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। हेवी यूजेस के साथ Nothing Phone (4a) की बैटरी आराम से एक दिन से कुछ ज्यादा चल जाती है। कंपनी का दावा है कि इस स्मार्टफोन की बैटरी करीब 64 मिनट में 1 पर्सेंट से 100 पर्सेंट पहुंच जाती है। यानी, यह फोन फुल चार्ज हो जाता है। हमने इसकी चार्जिंग स्पीड को टेस्ट किया तो पाया कि 15 मिनट में यह फोन करीब 35 पर्सेंट चार्ज होता है। वहीं, 30 मिनट में इसकी चार्जिंग बढ़कर 63 पर्सेंट पहुंच जाती है। फुल चार्ज में इसे एक घंटे से कुछ ज्यादा का वक्त लगता है।

फोन खरीदें या नहीं
Nothing Phone (4a) पिंक, ब्लैक, ब्लू और व्हाइट इन 4 कलर ऑप्शंस में आता है। नथिंग के इस फोन का लुक-डिजाइन और परफॉर्मेंस जबरदस्त है। डिस्प्ले का व्यूइंग एक्सपीरियंस भी शानदार है। फोन में दिया ग्लिफ बार आपके यूजर एक्सपीरियंस और स्टाइल दोनों को बढ़ाता है। कैमरा और बैटरी दोनों के परफॉर्मेंस से आप निराश नहीं होंगे। कुल मिलाकर, अगर आप एक बेहतरीन मिड रेंज फोन खरीदने की तैयारी में हैं तो Nothing Phone (4a) एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है।

Vishnu Soni

लेखक के बारे में

Vishnu Soni

विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।

पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।