आ सकता है चलने वाला ChatGPT Smart Speaker, बिना स्क्रीन मिलेगा AI असिस्टेंट का मजा
OpenAI इस साल अपने पहले ChatGPT-पावर्ड स्मार्ट स्पीकर की घोषणा कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह AI डिवाइस बिना स्क्रीन के आएगा और 2027 में बाजार में लॉन्च हो सकता है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही OpenAI अब केवल सॉफ्टवेयर तक सिमट कर नहीं रहना चाहती। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस साल अपने पहले AI हार्डवेयर प्रोडक्ट की घोषणा कर सकती है। कहा जा रहा है कि यह एक पहियों वाला ChatGPT-पावर्ड स्मार्ट स्पीकर होगा, जिसे Apple के पूर्व चीफ डिजाइनर जॉनी आइव (Jony Ive) की टीम के साथ मिलकर डिवेलप किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस डिवाइस की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI का यह स्मार्ट स्पीकर ट्रेडिशनल स्मार्ट स्पीकर से अलग होगा। इसमें स्क्रीन नहीं होगी, लेकिन यह ChatGPT के एडवांस वॉइस मॉडल की मदद से यूजर्स के साथ ज्यादा नेचुरल और इंसानों जैसी बातचीत कर सकेगा। डिवाइस को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यह केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित ना रहे, बल्कि यूजर के साथ लगातार बातचीत भी कर सके। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इसमें मोबिलिटी का विकल्प भी मिलेगा और स्पीकर एक से दूसरी जगह मूवमेंट कर पाएगा।
कैमरा और सेंसर से समझेगा आसपास का माहौल
लीक्स के मुताबिक, स्मार्ट स्पीकर में कैमरा और कई सेंसर दिए जा सकते हैं। इनकी मदद से डिवाइस अपने आसपास के माहौल को समझ सकेगा और उसी हिसाब से जवाब देगा। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि इसमें कुछ मैकेनिकल मूवमेंट हो सकते हैं, जिससे यह ज्यादा इंटरैक्टिव एक्सपीरियंस देगा।
स्मार्ट होम कंट्रोल से लेकर म्यूजिक तक
ChatGPT स्मार्ट स्पीकर से स्मार्ट होम डिवाइस कंट्रोल करने, म्यूजिक प्लेबैक, सामान्य सवालों के जवाब पाने, रिमाइंडर सेट करने और वॉइस बेस्ड कई अन्य काम किए जा सकेंगे। माना जा रहा है कि यह OpenAI के नए GPT-Live वॉइस सिस्टम का इस्तेमाल करेगा, जिससे बातचीत पहले की तुलना में ज्यादा सहज होगी।
बता दें, इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें Apple के पूर्व चीफ डिजाइनर जॉनी आइव की अहम भूमिका बताई जा रही है। OpenAI ने हाल ही में उनकी AI हार्डवेयर कंपनी io Products का एक्विजिशन किया था। इसके बाद से कंपनी के पहले AI डिवाइस को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
कब हो सकता है लॉन्च?
मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI इस साल इस डिवाइस की घोषणा कर सकता है। हालांकि, इसका कमर्शियल लॉन्च 2027 में होने की संभावना जताई जा रही है। कंपनी की ओर से फिलहाल लॉन्च डेट, कीमत या उपलब्धता से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है।
Amazon, Google और Apple को मिल सकती है चुनौती
अगर OpenAI का ChatGPT स्मार्ट स्पीकर मार्केट में आता है, तो यह Amazon Echo, Google Nest और Apple HomePod जैसे स्मार्ट स्पीकर्स को सीधी चुनौती दे सकता है। इसकी सबसे बड़ी ताकत ChatGPT की एडवांस AI क्षमताएं और इंसानों जैसी बातचीत करने का अनुभव हो सकता है। हालांकि, डिवाइस से जुड़ी ज्यादातर जानकारी अभी रिपोर्ट्स और लीक पर आधारित है, इसलिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना बेहतर होगा।


