Nothing फोन यूज करने वालों के लिए बड़ी खबर! मिलेंगे 80 से ज्यादा नए फीचर्स

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

Nothing OS 5.0 Android 17 पर बेस्ड है और इसमें नए डिजाइन, पर्सनालाइजेशन, परफॉर्मेंस और AI से जुड़े 80 से ज्यादा फीचर्स मिलेंगे। इसका Open Beta 26 अगस्त 2026 से सबसे पहले Nothing Phone (3) के लिए शुरू होगा।

Nothing OS 5.0
Nothing यूजर्स को अपडेट के बाद 80 से ज्यादा नए फीचर्स मिलेंगे।

स्मार्टफोन कंपनी Nothing ने अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम Nothing OS 5.0 को रिलीज कर दिया है। कंपनी का यह नया सॉफ्टवेयर Android 17 पर बेस्ड है और इसमें डिजाइन, पर्सनालाइजेशन, परफॉर्मेंस, कनेक्टिविटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े 80 से ज्यादा नए फीचर्स और सुधार शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि Nothing OS 5.0 की Open Beta टेस्टिंग 26 अगस्त 2026 से कंपनी के फ्लैगशिप स्मार्टफोन Nothing Phone (3) पर शुरू होगी।

Nothing OS 5.0 में यूजर इंटरफेस को पहले से ज्यादा साफ और लेयर्ड लुक दिया गया है। होम स्क्रीन पर ट्रांसपेरेंट विजेट्स और नया सर्च बार देखने को मिलेगा। इसके अलावा कंपनी ने Adaptive Color System पेश किया है, जो यूजर के वॉलपेपर के आधार पर ऐप आइकन्स, विजेट्स और Quick Settings के रंगों को अपने आप बदल सकता है। पूरे सिस्टम में Geist Typeface का इस्तेमाल किया गया है।

स्टेटस बार, सेटिंग्स, कैमरा और गैलरी समेत कई हिस्सों के आइकन्स और एनिमेशन को भी नया फील दिया गया है। गैलरी ऐप में भी बदलाव किए गए हैं, जहां नए एल्बम व्यू और सॉर्टिंग ऑप्शंस के जरिए फोटोज को ढूंढना पहले से आसान होगा।

लॉक स्क्रीन और विजेट्स में भी बड़े बदलाव

Nothing OS 5.0 यूजर्स को पर्सनालाइजेशन के ज्यादा विकल्प देने वाला है। नए अपडेट में दो नए लॉक स्क्रीन क्लॉक फेस Gooey और Micrographics शामिल किए गए हैं। Gooey क्लॉक फ्लुइड शेप्स के साथ अलग तरह का विजुअल एक्सपीरियंस देता है, जबकि Micrographics में समय के साथ तारीख, मौसम और मीटिंग्स जैसी जानकारी एक ही जगह दिखाई जा सकती है।

कंपनी ने दो नए विजेट भी पेश किए हैं। Collector Widget की मदद से यूजर कैमरा या गैलरी से अपनी पसंदीदा चीजों को कलेक्ट करके उन्हें होम स्क्रीन या लॉक स्क्रीन पर दिखा सकता है। वहीं Away Time Widget यह बताता है कि यूजर ने कितनी देर तक फोन से दूरी बनाए रखी। यह फीचर डिजिटल वेलबीइंग और स्क्रीन टाइम को कम करने में मददगार हो सकता है।

Glyph Interface को मिला अलग ऐप

Nothing के स्मार्टफोन्स की पहचान माने जाने वाले Glyph Interface को भी Nothing OS 5.0 में ज्यादा काम का बनाने की कोशिश की गई है। इसके लिए कंपनी ने Glyph लाइटिंग, साउंड्स और शेड्यूल्स को मैनेज करने के लिए एक डेडिकेटेड ऐप दिया है। इसके अलावा नया Glyph Timer Widget भी पेश किया गया है। इसके जरिए बैक पैनल पर मौजूद Glyph लाइट्स के जरिए टाइमर का स्टेटस देखा जा सकेगा।

बेहतर परफॉर्मेंस और मेमोरी मैनेजमेंट

Nothing OS 5.0 में परफॉर्मेंस पर भी खास ध्यान दिया गया है। कंपनी ने टच रिस्पॉन्स और बैकग्राउंड ऐप रिटेंशन को बेहतर किया है। ऑन-डिवाइस AI यूजर के ऐप इस्तेमाल करने के पैटर्न को समझने की कोशिश करता है, जिससे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ऐप्स तेजी से लॉन्च हो सकें। Quick Settings में Bluetooth कंट्रोल को भी आसान बनाया गया है। कैमरा QR कोड को पहचानने के बाद उसे स्क्रीन पर फिक्स रख सकता है, जिससे यूजर को दोबारा कैमरा स्कैन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और QR कोड पर आसानी से टैप किया जा सकेगा।

Nothing OS 5.0

AI फीचर्स पर Nothing का बड़ा दांव

Nothing OS 5.0 की सबसे मजेदार खूबियों में इसके Essential AI Tools शामिल हैं। इनमें Essential Voice को ज्यादा तेज और सटीक बनाया गया है। यह वॉइस ट्रांसक्रिप्शन के दौरान यह समझ सकता है कि यूजर की बात को पैराग्राफ के रूप में रखना है या लिस्ट के रूप में। कंपनी ने Ear (3) के SuperMic से सीधे ऑडियो कैप्चर करने का ऑप्शन भी जोड़ा है। इससे मीटिंग, नोट्स या दूसरे वॉइस इनपुट को रिकॉर्ड करने में फायदा मिल सकता है।

Android 17 के फीचर्स भी मिलेंगे

Nothing OS 5.0 Android 17 पर बेस्ड है, इसलिए इसमें नए Android फीचर्स और सिक्योरिटी अपडेट्स भी देखने को मिलेंगे। नए इंटरफेस में स्क्रीन के बाईं ओर से स्वाइप करने पर Notifications और दाईं ओर से स्वाइप करने पर Quick Settings पैनल खोलने का विकल्प दिया गया है। Cross-platform Quick Share भी इस अपडेट का अहम हिस्सा है। QR कोड की मदद से बिना किसी एक्सट्रा ऐप के iPhone और दूसरे Android डिवाइसेज के बीच फाइल शेयर की जा सकेगी।

Nothing Phone (3) पर होगा बीटा रोलआउट

Nothing OS 5.0 का Open Beta 26 अगस्त 2026 से सबसे पहले Nothing Phone (3) के लिए उपलब्ध होगा। यह फिलहाल बीटा टेस्टिंग होगी, इसलिए शुरुआती बिल्ड में कुछ बग या स्थिरता से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। कंपनी आने वाले समय में अपने दूसरे डिवाइसेज के लिए भी Nothing OS 5.0 का रोलआउट करेगी। यानी फिलहाल Phone (3) यूजर्स को नए Nothing OS का एक्सपीरियंस सबसे पहले मिलेगा।

Pranesh Tiwari

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।

विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता, रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।

अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।

लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।

चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsगैजेट्स न्यूज़Nothing यूजर्स के लिए बड़ी खबर! जानें आपके फोन को कब मिलेगा Nothing OS 5.0