काम की बात: बारिश में फोन भीग गया? भूलकर भी न करें चावल में रखने, हेयर-ड्रायर से सुखाने जैसी ये 10 गलतियां, वरना फोन हो जाएगा खराब

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बारिश के मौसम में स्मार्टफोन का पानी में भीगना बहुत आम है लेकिन इसके बाद लोग कई गलती कर देते हैं जिससे फोन खराब हो जाता है। यहां जानिए फोन भीगने पर क्या करें, क्या नहीं करें।

Monsoon Phone Tips, Smartphone Water Damage, Rain Mobile Safety, Phone Water Protection, Mobile Care Tips, Smartphone Safety in Rain,

How to Protect Your Smartphone From Rain Damage: मानसून का मौसम राहत तो लेकर आता है, लेकिन यह आपके स्मार्टफोन के लिए परेशानी भी बन सकता है। हल्की बारिश, जेब में नमी या गलती से फोन का पानी में गिर जाना, ये सभी चीजें आपके मोबाइल को नुकसान पहुंचा सकती हैं। कई बार लोग घबराहट में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनकी वजह से फोन पूरी तरह खराब हो जाता है। अगर आपका फोन वॉटरप्रूफ नहीं है, तो बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी आपको नुकसान से बचा सकती है। वहीं, जिन फोन्स में IP67 या IP68 रेटिंग होती है, उन्हें भी लंबे समय तक पानी में रखना सुरक्षित नहीं माना जाता। ऐसे में जरूरी है कि आप पहले से कुछ आसान बातों का ध्यान रखें और अगर फोन भीग जाए, तो सही तरीके से उसे संभालें।

बारिश में फोन भीगने पर भूलकर भी न करें ये 10 गलतियां

1. फोन को चावल में रखने की गलती न करें

कई लोग मानते हैं कि भीगा हुआ फोन चावल में रखने से उसका सारा पानी निकल जाता है। लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह तरीका हमेशा काम नहीं करता। कई बार नमी फोन के अंदर ही रह जाती है और चावल की धूल चार्जिंग पोर्ट या स्पीकर में फंस सकती है। बेहतर होगा कि फोन को सूखी और हवादार जगह पर रखें और जरूरत पड़ने पर सर्विस सेंटर की मदद लें।

2. हेयर ड्रायर या हीटर से फोन सुखाने की कोशिश न करें

फोन को जल्दी सुखाने के लिए हेयर ड्रायर या हीटर का इस्तेमाल करना नुकसानदायक हो सकता है। तेज गर्म हवा बैटरी, स्क्रीन और फोन के अंदर लगे छोटे-छोटे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को खराब कर सकती है। फोन को हमेशा सामान्य तापमान पर अपने आप सूखने दें।

3. भीगे फोन को तुरंत चार्जिंग पर न लगाएं

अगर फोन में पानी चला गया है, तो उसे चार्ज करने की जल्दबाजी बिल्कुल न करें। चार्जिंग पोर्ट में नमी होने पर शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिससे फोन की बैटरी या मदरबोर्ड खराब होने का खतरा रहता है। पहले सुनिश्चित करें कि फोन पूरी तरह सूख चुका है, तभी उसे चार्ज करें।

4. बार-बार फोन ऑन करके चेक न करें

कई लोग यह देखने के लिए कि फोन चल रहा है या नहीं, उसे बार-बार ऑन-ऑफ करते रहते हैं। ऐसा करने से अगर अंदर नमी मौजूद है, तो इलेक्ट्रॉनिक सर्किट को नुकसान पहुंच सकता है। अगर फोन भीग गया है, तो उसे तुरंत बंद कर दें और पूरी तरह सूखने तक चालू न करें।

5. चार्जिंग पोर्ट या स्पीकर में कोई नुकीली चीज न डालें

पानी निकालने के लिए चार्जिंग पोर्ट या स्पीकर में पिन, सुई, टूथपिक या कॉटन बड डालना सही तरीका नहीं है। इससे पोर्ट, स्पीकर ग्रिल या अंदर के कनेक्टर खराब हो सकते हैं। फोन को हल्का झुकाकर रखें ताकि पानी अपने आप बाहर निकल सके।

बारिश में फोन भीगने पर नहीं करें ये काम

6. तेज धूप में फोन सुखाने की गलती न करें

कुछ लोग भीगे फोन को सीधी धूप में रख देते हैं ताकि वह जल्दी सूख जाए। लेकिन ज्यादा गर्मी की वजह से बैटरी, डिस्प्ले और फोन के दूसरे पार्ट्स पर बुरा असर पड़ सकता है। फोन को हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर सूखने दें।

7. फोन को जोर-जोर से झटकने से बचें

अगर फोन में पानी चला गया है, तो उसे तेजी से हिलाने या झटकने की कोशिश न करें। इससे पानी बाहर निकलने की बजाय फोन के अंदर दूसरे हिस्सों तक पहुंच सकता है और नुकसान बढ़ सकता है।

8. गीले हाथों से फोन इस्तेमाल या चार्ज न करें

बारिश में भीगे हाथों से फोन चलाना या चार्जर लगाना सुरक्षित नहीं है। इससे फोन के अंदर नमी जा सकती है और इलेक्ट्रिक शॉक या शॉर्ट सर्किट का भी खतरा बढ़ सकता है। पहले हाथ अच्छी तरह सुखाएं, फिर फोन का इस्तेमाल करें।

9. फोन पूरी तरह सूखे बिना बैक कवर न लगाएं

अगर फोन भीग गया है, तो उसे साफ करने के बाद तुरंत बैक कवर न लगाएं। कवर लगाने से नमी अंदर फंस सकती है, जिससे फोन को लंबे समय में नुकसान हो सकता है। पहले फोन को अच्छी तरह सूखने दें।

10. समस्या बनी रहे तो खुद फोन खोलने की कोशिश न करें

अगर फोन सूखने के बाद भी सही से चार्ज नहीं हो रहा, स्पीकर की आवाज कम आ रही है, कैमरे में धुंध दिख रही है या स्क्रीन में दिक्कत है, तो खुद उसे खोलने की कोशिश न करें। इससे वारंटी भी खत्म हो सकती है और नुकसान बढ़ सकता है। ऐसे में सर्विस सेंटर पर जाकर चेक कराएं।

Himani Gupta

लेखक के बारे में

Himani Gupta

हिमानी गुप्ता लाइव हिन्दुस्तान में गैजेट्स सेक्शन से जुड़ी हुई हैं और 2020 से इस संस्थान का हिस्सा हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 12 साल का अनुभव है। इससे पहले वह नेटवर्क 18 में गैजेट्स और बिजनेस सेक्शन देखती रही हैं, जहां बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नेटवर्क 18 से पहले भी हिमानी ने कई अन्य मीडिया संस्थानों में काम किया है। हिमानी स्मार्टफोन, कंज्यूमर गैजेट्स और AI से जुड़ी खबरों और फीचर्स पर लिखती हैं। लेटेस्ट गैजेट्स को एक्सप्लोर करना, उनकी टेस्टिंग करना और नए ऐप्स पर काम करना उनके काम का अहम हिस्सा है।

शिक्षा के क्षेत्र में हिमानी ने आईपी यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी (MJMC) की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने डिजिटल विद्या (Digital Vidya) से सोशल मीडिया मार्केटिंग का कोर्स भी किया है। एडिटोरियल के अलावा, हिमानी को गूगल एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की भी काफी जानकारी है और बतौर सोशल मीडिया मैनेजर भी काम कर चुकी हैं। काम के अलावा उन्हें टेक ट्रेंड्स को समझना और उन्हें कहानियों में ढालना पसंद है, ताकि पाठक बदलती डिजिटल दुनिया से हमेशा अपडेट रह सकें।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।