
रेलवे ने दी सफाई: मोबाइल टिकट दिखाकर कर सकते हैं यात्रा, प्रिंटआउट जरूरी नहीं
बीते दिनों कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि अनरिजर्व्ड क्लास के रेल यात्रियों को सफर के दौरान टिकट का प्रिंटआउट साथ रखना होगा। अब रेलवे ने साफ किया है कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ और मोबाइल टिकट मान्य रहेंगे।
भारतीय रेलवे ने अनारक्षित (अनरिजर्व्ड) श्रेणी में सफर करने वाले यात्रितों के लिए बन रही भ्रम की स्थिति को देखते हुए सफाई दी है। बीते दिनों रिपोर्ट्स में कहा गया था कि यात्रियों के पास उनके टिकट का प्रिंटआउट होना अनिवार्य है और डिजिटल टिकट से काम नहीं चलेगा। रेलवे ने साफ किया है कि अनरिजर्व्ड क्लास में यात्री अपने मोबाइल पर डिजिटल टिकट दिखाकर सफर कर सकते हैं और प्रिंटआउट साथ रखना अनिवार्य नहीं है।
बीते दिनों सामने आईं रिपोर्ट्स के बाद यात्रियों के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति बन गई थी क्योंकि डिजिटल बुकिंग करने के बाद हर टिकट का प्रिंट निकलवाना सभी के लिए आसान और सुविधाजनक नहीं था। यही वजह है कि रेलवे अधिकारियों ने इन रिपोर्ट्स को झुठलाते हुए बताया है कि ऐसा कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया था और मोबाइल फोन पर दिख रहे डिजिटल टिकट्स पहले की तरह ही वैलिड रहेंगे।
मौजूदा रेलवे नियम क्या कहते हैं?
रेलवे के नियम साफ करते हैं कि जो लोग डिजिटली अपना टिकट बुक करते हैं और उसका प्रिंटआउट नहीं लेते, वे मोबाइल स्क्रीन पर टिकट दिखाकर वेरिफिकेशन कर सकते हैं और यह प्रक्रिया पूरी तरह वैध है। हालांकि, अगर आपने बुकिंग काउंटर से टिकट लिया है या फिर डिजिटल बुकिंग के बाद प्रिंटेड टिकट लेने का विकल्प चुना है तो आपको सफर के दौरान टिकट की प्रिंटेड फिजिकल कॉपी साथ रखनी होगी।
डिजिटल टिकटिंग को मिला बढ़ावा
संसद के विंटर सेशन के दौरान इस महीने लोकसभा में लिखित जवाब देते हुए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि भारतीय रेलवे में बुक किए जा रहे रिजर्व्ड् टिकट्स में से 87 प्रतिशत ई-टिकट के तौर पर जारी किए जा रहे हैं। साफ है कि देश में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन बुकिंग को अपनाया गया है। ऐसे में रेलवे डिजिटल टिकट्स को अमान्य घोषित कर प्रिंटआउट की मांग करे, यह सवाल ही नहीं उठता।
कुल मिलाकर, नियमों में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है और आप पहले की तरह ही रेल यात्रा कर सकते हैं।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




