IRCTC ने बनाया नया रिकॉर्ड 1 दिन में 20 लाख से ज्यादा लोगों ने बुक की ट्रेन टिकट, इन 15 मिनट में हुई सबसे ज्यादा बुकिंग
IRCTC पर फेस्टिव सीजन में टिकट बुकिंग का दबाव बढ़ गया है। एक दिन में 20 लाख से ज्यादा टिकट बुक हुए। जानें पहले 15 मिनट में इतनी भीड़ क्यों होती है और रेलवे ने सिस्टम में क्या बदलाव किए हैं।

त्योहारों का सीजन शुरू होते ही घर जाने वालों की सबसे बड़ी टेंशन ट्रेन टिकट को लेकर हो जाती है। कन्फर्म सीट पाने के लिए यात्री सुबह से ही IRCTC की वेबसाइट और ऐप पर जुट जाते हैं। टिकट खुलते ही कुछ ही मिनटों में सीटें भरने लगती हैं और कई बार लोगों को वेबसाइट पर लोड या दूसरी तकनीकी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ता है। इस बार रेलवे के ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम पर यात्रियों का दबाव इतना ज्यादा रहा कि IRCTC ने एक ही दिन में 20 लाख से ज्यादा टिकट बुकिंग का अपना अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा दर्ज किया।
IRCTC के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को कुल 20,06,353 टिकट बुक किए गए। इसके अगले दिन भी 19.50 लाख से ज्यादा टिकट बुक हुए। सबसे दिलचस्प बात यह है कि बुकिंग खुलने के बाद शुरुआती 15 मिनट में ही सबसे ज्यादा भीड़ दिखाई देती है। सुबह 8 बजे से 8:15 बजे का समय कन्फर्म टिकट चाहने वाले यात्रियों के लिए सबसे अहम रहता है।
सुबह 8 बजे के बाद के पहले 15 मिनट सबसे अहम
अगर आप त्योहारों में घर जाने के लिए कन्फर्म ट्रेन टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं तो आपने देखा होगा कि टिकट खुलते ही कुछ ही मिनट में सीटें गायब होने लगती हैं। IRCTC ने अब बताया है कि ऐसा क्यों होता है। IRCTC के अनुसार, सुबह 8 बजे से 8:15 बजे तक बुकिंग का दबाव सबसे ज्यादा रहता है। यानी रिजर्वेशन विंडो खुलते ही बड़ी संख्या में यात्री एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं। सुबह 8 से 9 बजे के बीच दिन की कुल बुकिंग का करीब 8.43 फीसदी से 14.14 फीसदी तक हिस्सा पूरा हो जाता है। हालांकि, दिन की 85 फीसदी से ज्यादा बुकिंग बाद के समय में होती है। इसलिए त्योहार के समय टिकट बुक करने वालों के लिए सुबह 8 बजे का समय काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।
टिकट बुकिंग वेबसाइट का नया इंटरफेस भी आया
IRCTC ने सिर्फ सर्वर ही नहीं बदले हैं, बल्कि टिकट बुकिंग वेबसाइट के डिजाइन में भी बदलाव किया है। 15 जुलाई 2026 को IRCTC ने अपनी वेबसाइट के नए इंटरफेस का बीटा वर्जन पेश किया था। इसमें जानकारी को पहले के मुकाबले ज्यादा व्यवस्थित तरीके से दिखाने की कोशिश की गई है। इसका एक बड़ा फायदा यह है कि यात्री एक ही स्क्रीन पर अलग-अलग क्लास की सीट उपलब्धता देख सकते हैं।
सुबह 8 बजे कौन टिकट बुक कर सकता है?
टिकट बुकिंग में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए IRCTC ने कुछ नियम भी लागू किए हैं। IRCTC के अनुसार, शुरुआती ARP यानी Advance Reservation Period में टिकट बुक करने के लिए Aadhaar-authenticated यूजर जरूरी है। यह नियम 12 अक्टूबर 2025 से लागू है। इसके अलावा अधिकृत टिकट एजेंटों को भी बुकिंग विंडो खुलने के शुरुआती 10 मिनट में ARP टिकट बुक करने की अनुमति नहीं है। यानी सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक Yatri Ticket Suvidha Kendra, Railway Ticketing Service Agents और IRCTC एजेंट टिकट बुक नहीं कर सकते।
3 करोड़ से ज्यादा यूजर ID पर बड़ा एक्शन
IRCTC ने टिकट बुकिंग सिस्टम के गलत इस्तेमाल के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई भी की है। IRCTC के अनुसार, 3.04 करोड़ यूजर ID को डीएक्टिवेट किया गया है। इसके अलावा 6.33 करोड़ ID को दोबारा जांच के लिए रखा गया है। साथ ही 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन को ब्लॉक किया गया है। IRCTC ने साइबर क्राइम पोर्टल पर 592 शिकायतें भी दर्ज की हैं, जिनमें करीब 4.21 लाख संदिग्ध PNR शामिल हैं।


