काम की बात: अब दवा लेने की याद दिलाएगा फोन, बस एक बार सेट करें रिमाइंडर, यहां देखें सिंपल स्टेप्स
अब फोन केवल कॉलिंग या सोशल मीडिया पर रील्स देखने तक सीमित नहीं रह गया है। आप फोन के जरिए आपने हेल्थ डेटा चेक कर सकते हैं और दवा लेने का रिमाइंडर डाल सकते हैं। आप मेडिकल आईडी भी बना सकते हैं, जो इमरजेंसी में काम आएगी। चलिए बताते हैं कैसे

अगर आप अपने या फिर अपनों के हेल्थ और फिटनेस डेटा पर पैनी नजर रखना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। आपके फोन में ही कई ऐसे ऐप्स छिपे हुए हैं, जो आपके हेल्थ पैरामीटर्स को ट्रैक करने में मदद कर सकते हैं। अब स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग करने, फोटो खींचने या फिर सोशल मीडिया पर रील्स दिखने तक सीमित नहीं रह गया है, अब यह लोगों के हेल्थ डेटा को मैनेज करने का काम भी बखूबी निभा रहा है। इतना ही नहीं, यह लोगों को समय पर दवा लेने की याद दिलाती है। अगर आपके फोन में कोई हेल्थ ऐप प्री-इंस्टॉल नहीं है, तो आप इन्हें अलग से भी अपने फोन में इंस्टॉल कर सकते हैं, बस याद रखें कि कोई भी ऐप गूगल प्ले स्टोर या ऐप्पल के ऐप स्टोर से ही इंस्टॉल किया जाए।
किस फोन में कौनसा ऐप चलेगा:
Google Health: यह ऐस सभी एंड्रॉयड फोन के लिए है।
Samsung Health: यह ऐप सैमसंग फोन्स के लिए है, लेकिन आप इसे अन्य एंड्रॉयड फोन में भी इंस्टॉल कर सकते हैं।
Apple Health: यह फोन ऐप्पस आईफोन्स के लिए है।
दरअसल, आप अपने फोन में Apple Health, Google Health और Samsung Health जैसे ऐप्स को इंस्टॉल करके रख सकते हैं। ऐप्पल हेल्थ ऐप आईफोन यूजर्स के लिए बाकी के दोनों ऐप एंड्रॉयड डिवाइस के लिए हैं। अच्छी बात यह है कि इन हेल्थ ऐप्स की मदद से आप अपना मेडिकल रिपोर्ट कार्ड, दवाइयों की जानकारी और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स एक ही जगह पर सेव कर सकते हैं। इन ऐप्स का एक फायदा यह भी है कि अगर आप किसी इमरजेंसी कंडीशन में फंस जाते हैं तो फोन लॉक होने के बावजूद भी आपकी मेडिकल आईडी को फोन में देखा जा सकता है, जिससे डॉक्टर्स और रेस्क्यू टीम को इलाज शुरू करने में आसानी होगी। आइए बताते हैं क्या है मेडिकल आईडी, यह क्यों जरूरी है और आप कैसे फोन में दवा लेने का समय सेट कर सकते हैं।
दवा समय से लेने का याद दिलाएगा ऐप
यदि आपको या आपके बुजुर्ग माता-पिता को भूलने की बीमारी है और वे अक्सर दवा समय से लेना भूल जाते हैं, तो इन ऐप्स में मिलने वाले Medication Reminder फीचर काफी काम आने वाला है। आप इसे दवा का नाम और दवा लेने का समय सेट कर सकते हैं। तय समय पर यूजर को नोटिफिकेशन मिल जाए, जिससे दवा मिस होने का चांस भी कम हो जाएगा। यह फीचर डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और थायरॉयड जैसी बीमारियों से परेशान लोगों के काफी काम आ सकता है। अगर आपके घर में कोई ऐसा पेशेंट है, तो उसे तुरंत इस फीचर के बारे में बताएं।
Samsung Health ऐप में Medication Reminder सेट करने के स्टेप्स:
1. Samsung Health ऐप खोलें।
2. नीचे या होम स्क्रीन पर Medications (दवाइयाँ) विकल्प ढूंढें और टैप करें।
- अगर दिख नहीं रहा तो:
- ऊपर दाईं तरफ तीन डॉट्स (⋮) > Edit home (या Home settings) पर जाएं।
- + आइकन से Medications को ऐड करें।
3. Add medication या + बटन पर टैप करें।
4. दवा का नाम टाइप करें (या कैमरा से स्कैन करें अगर उपलब्ध हो)।
5. दवा की डिटेल्स भरें:
- डोज़ (Dosage)
- शेप और कलर (पहचानने के लिए)
- समय (Time)
- दिन (कितने दिन या कौन-कौन से दिन)
6. Reminder सेट करें:
- Reminder समय चुनें।
- Reminder प्रकार चुनें: Gentle (हल्का) या Strong (फुल स्क्रीन अलर्ट + लाउड टोन)।
7. Save या Done करें।
इमरजेंसी में जान बचाएगी मेडिकल आईडी
असल में इन हेल्थ ऐप्स में पाए जाने वाले मेडिकल आईडी फीचर किसी भी तरह की इमरजेंसी सिचुएशन में काफी काम आता है। मेडिकल आईडी फीचर में यूजर अपना नाम, ब्लड ग्रुप, उम्र, हाइट, वजन, एड्रेस, एलर्जी, पहले से किसी बीमारी, चल रही दवाइयों की जानकारी और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर्स को एड कर सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट हो जाए, तो उनके बेहोश हो जाने से मेडिकल आईडी फोन लॉक होने की कंडीशन में भी एक्सेस की जा सकती हैं। इससे डॉक्टर बिना समय गंवाए आपका जल्द ही इलाज शुरु कर देंगे।
आप अपने फोन में Medical ID बनाने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
1. अपने फोन की Settings खोलें।
2. Safety and emergency पर टैप करें।
3. Medical info पर टैप करें।
4. अपनी मेडिकल जानकारी भरें, जैसे:
- नाम, उम्र, ब्लड ग्रुप
- मेडिकल कंडीशन्स (जैसे डायबिटीज, हाई BP आदि)
- एलर्जी
- दवाइयां
- इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर
5. अब Save करें।
6. फिर Show on Lock screen का स्विच ON कर दें।
हमेशा साथ रहेंगी मेडिकल रिपोर्ट
इतना ही नहीं, इन हेल्थ ऐप्स में आप अपनी जरूरी हेल्थ रिपोर्ट्स भी अपलोड करके रख सकते हैं, जिससे इन्हें साथ लेकर चलने का झंझट खत्म हो जाता है। दरअसल, इन ऐप्स में ब्लड टेस्ट रिपोर्ट, एक्स-रे, प्रिस्क्रिप्शन, डिस्चार्ज समरी और वैक्सीनेशन रिकॉर्ड जैसे डॉक्यूमेंट्स को अपलोड करके रखा जा सकता है, ताकि कहीं भी काम पड़ने पर आप तुरंत इन्हें डॉक्टर को दिखा सकें। इससे यह फायदा भी है कि हॉस्पिटल या डॉक्टर के पास जाने पर आपको अपने साथ बार-बार पूरी फाइल ले जाने की जरुरत नहीं पड़ेगी।
आपके कदमों का और नींद का भी ख्याल रखेंगे ऐप
यह ऐप आपके दिनभर के स्टेप्स काउंट को भी रिकॉर्ड करते हैं। आप इन्हें आपने हेल्थ इंश्योंरेस ऐप से भी कनेक्ट कर सकते हैं, ताकि आप स्टेप्स काउंट का डेटा आपकी इंश्योरेंस कंपनी तक पहुंच जाए ताकि आपको हेल्थ रिवार्ड्स का लाभ मिल सके। कंपनी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियां अपने ग्राहकों को रोज 10 हजार कदम चलने पर पॉलिसी प्रीमियम में डिस्काउंट देती हैं। वैसे इन हेल्थ ऐप्स की मदद से आप मेडिकल रिकॉर्ड रखने तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसमें आप नियमित रुप से रोजाना की एक्टविटीज जैसे नींद, पानी पीने की मात्रा, वजन में बदलाव, मेंटल स्टेट और अन्य हेल्थ डेटा भी रिकॉर्ड कर सकते हैं।


