
आपके होटल रूम में छुपे तो नहीं कोई सीक्रेट कैमरे, ये है पता लगाने की आसान ट्रिक
संक्षेप: होटल रूम में छिपे कैमरे आपकी प्राइवेसी के लिए खतरा हो सकते हैं। कुछ आसान ट्रिक्स जैसे टॉर्च टेस्ट, मोबाइल कैमरा IR चेक और मिरर इंस्पेक्शन से मिनटों में आप इनका पता लगा सकते हैं।
होटल रूम में ठहरते समय हम सब यही मान लेते हैं कि हम पूरी तरह सेफ हैं, लेकिन कई बार ऐसा भी हुआ है कि किसी ने सीक्रेट कैमरा लगाकर लोगों की प्राइवेसी को नुकसान पहुंचाया है। आज के दौर में जब टेक्नोलॉजी बहुत एडवांस हो चुकी है, तो ऐसे कैमरे बेहद छोटे आकार के चलते आसानी से छुपाए जा सकते हैं। हालांकि, अगर आप कुछ आसान ट्रिक्स जानते हैं, तो सिर्फ कुछ ही मिनटों में आप ऐसे कैमरों का पता लगा सकते हैं।
सबसे पहले करें कमरे का विजुअल स्कैन
कमरे में एंटर करते ही एक बार हर ओर (360 डिग्री) नजर दौड़ाएं। ध्यान दें कि कहीं कोई असामान्य ऑब्जेक्ट या नई फिटिंग तो नहीं दिख रही। जैसे- दीवार पर नया पिक्चर फ्रेम, अलार्म क्लॉक, स्मोक डिटेक्टर या एयर-कंडीशनर ग्रिल वगैरह। कैमरे अक्सर इन्हीं जगहों पर छिपाए जाते हैं क्योंकि यहां से पूरा कमरा साफ दिखता है।
टॉर्च या मोबाइल फ्लैशलाइट से करें ग्लेयर टेस्ट
फोन की फ्लैशलाइट या टॉर्च को ऑन करें और कमरे के हर कोने में चमक डालें। कैमरा लेंस पर रोशनी पड़ने से एक छोटी-सी ‘ग्लिंट’ यानी चमक दिखाई देती है। यह तरीका खास तौर पर उन कैमरों पर काम करता है जो कांच या प्लास्टिक लेंस से ढके होते हैं। शक हो तो वहां पास जाकर ध्यान से देखें।
मोबाइल कैमरे से करें इंफ्रारेड चेक
कई हिडन कैमरे नाइट विजन के लिए इंफ्रारेड लाइट का इस्तेमाल करते हैं, जो नंगी आंखों से दिखाई नहीं देती, लेकिन मोबाइल कैमरा इसे पकड़ सकता है। लाइट बंद करके मोबाइल कैमरे को शक वाली जगह की ओर करें। अगर स्क्रीन पर हल्की लाल या बैंगनी चमक दिखे, तो वहां IR लाइट हो सकती है। यह किसी कैमरे का संकेत हो सकता है।
शीशे की जांच करना ना भूलें
होटल रूम में लगे शीशे (mirrors) पर भी ध्यान दें। अगर आपको शक हो कि यह टू-वे मिरर है, तो अपनी उंगली शीशे पर लगाइए। अगर आपकी उंगली और उसका रिफ्लेक्शन एक-दूसरे से सटा हुआ दिखता है, तो अलर्ट हो जाइए। सामान्य मिरर में उंगली और उसके रिफ्लेक्शन के बीच थोड़ा गैप होता है।
WiFi नेटवर्क से पकड़िए छिपे कैमरे
अगर कैमरा वायरलेस है, तो वह किसी WiFi नेटवर्क से जुड़ा होगा। अपने फोन की WiFi सेटिंग में जाकर Available Networks की लिस्ट देखें। अगर वहां किसी अजीब नाम वाले डिवाइस जैसे ‘IPCAM’, ‘Cam123’, या ‘Device_xx’ जैसा कुछ दिखे, तो यह संदिग्ध हो सकता है। कई ऐप्स भी हैं जो नेटवर्क में जुड़े अनजान डिवाइस को पहचानने में मदद करते हैं।
ध्यान रहे, अगर आपको कोई संदिग्ध डिवाइस या कैमरा दिखे तो उसे छुएं नहीं। पहले उसकी फोटो क्लिक करें या वीडियो बनाएं और होटल मैनेजमेंट को जानकारी दें। अगर स्थिति गंभीर लगे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और सबूत अपने पास रखें। किसी भी हालत में अपनी सुरक्षा को लेकर लापरवाही ना करें।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




