होली खेलने के बाद ऐसे करना अपने फोन की सफाई! गलती कर दी तो होगा बड़ा नुकसान

Mar 03, 2026 01:23 pm ISTPranesh Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

होली की मस्ती कुछ घंटों की होती है, लेकिन एक छोटी-सी लापरवाही आपके हजारों रुपये के स्मार्टफोन को नुकसान पहुंचा सकती है। यही वजह है कि रंग खेलने के बाद अपने फोन की सफाई को अनदेखा ना करें।

होली खेलने के बाद ऐसे करना अपने फोन की सफाई! गलती कर दी तो होगा बड़ा नुकसान

होली रंगों, पानी और मस्ती का त्योहार है लेकिन यह आपके स्मार्टफोन के लिए किसी ‘टेस्ट’ से कम नहीं होता। गीले हाथों से कॉल उठाना, रंग लगे उंगलियों से स्क्रीन स्क्रॉल करना या पानी की बौछार के बीच वीडियोज बनाना- ये सब मिलकर आपके फोन को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई लोग यह सोचकर टेंशन-फ्री हो जाते हैं कि उनका फोन वॉटरप्रूफ है लेकिन सच यह है कि कलर्स में मौजूद केमिकल, महीन पाउडर और गंदगी फोन के स्पीकर, माइक्रोफोन, चार्जिंग पोर्ट और बटन में फंसकर धीरे-धीरे दिक्कत पैदा कर सकते हैं। यही वजह है कि होली खेलने के बाद फोन की सही तरीके से सफाई करना बेहद जरूरी है।

सबसे पहला और अहम कदम है- फोन को स्विच ऑफ करना। अगर फोन पर पानी या रंग लगा है तो उसे तुरंत बंद कर दें। गीले फोन को ऑन होने पर में साफ करने या चार्जिंग पर लगाने से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। अगर फोन में रिमूवेबल कवर है तो उसे अलग कर लें। कवर में अक्सर रंग और पानी ज्यादा जमा होता है, जिसे अलग से साफ किया जा सकता है।

माइक्रोफाइबर की मदद से करें सफाई

फोन की स्क्रीन और बैक पैनल को साफ करने के लिए मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़ा इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि कपड़ा सूखा और साफ हो। हल्के हाथ से पोंछें, जिससे रंग फैलने के बजाय हट जाए। अगर कलर नहीं निकल रहे हैं तो 70 प्रतिशत आइसोप्रोपाइल अल्कोहल (Isopropyl Alcohol) में हल्का-सा कपड़ा भिगोकर फोन को साफ कर सकते हैं। लिक्विड सीधे फोन पर ना डालें, हमेशा कपड़े पर लगाकर ही इस्तेमाल करें।

ऐसे साफ कर सकते हैं स्पीकर ग्रिल

चार्जिंग पोर्ट और स्पीकर ग्रिल की सफाई में खास सावधानी बरतना जरूरी है। यहां रंग या धूल फंस जाने से आवाज धीमी हो सकती है या चार्जिंग में दिक्कत आ सकती है। सफाई के लिए लकड़ी की टूथपिक या सॉफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें। मेटल की पिन या नुकीली चीजों से छेड़छाड़ करने पर अंदरूनी पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है। अगर फोन में पानी चला गया हो, तो उसे धूप में रखने के बजाय कमरे के तापमान पर सूखने दें। ध्यान रहे, हेयर ड्रायर की गर्म हवा भी नुकसानदायक हो सकती है।

सिम ट्रे निकालकर उसके आसपास जमी गंदगी को भी साफ करें। कई बार रंग के कण सिम स्लॉट में जाकर नेटवर्क की दिक्कत पैदा कर सकते हैं। सफाई के बाद फोन को कम से कम कुछ घंटों तक खुली हवा में सूखने दें, फिर ही उसे ऑन करें और चार्जिंग पर लगाएं।

पहले से ही बरतें ये सावधानियां

नुकसान से बचने के लिए होली खेलने से पहले कुछ सावधानियां जरूर अपनाएं। फोन को वॉटरप्रूफ पाउच में रखें या प्लास्टिक कवर से कवर कर लें। कोशिश करें कि होली के दौरान फोन का इस्तेमाल कम से कम करें। अगर वीडियोज बनाना या फोटो क्लिक करना जरूरी हो, तो सूखे हाथों से ही ऐसा करें।

Pranesh Tiwari

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश तिवारी पिछले चार साल से लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर टेक्नोलॉजी सेक्शन का हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश, आठ साल से ज्यादा वक्त से साइंस और टेक्नोलॉजी की दुनिया को शब्दों में ढाल रहे हैं। गैजेट्स इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उनकी एक्सपर्टीज हैं, जहां वह मुश्किल टेक्नोलॉजी को सरल और असरदार भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। लेटेस्ट गैजेट्स रिव्यू करना और नए ऐप्स पर वक्त बिताना उन्हें जॉब का पसंदीदा हिस्सा लगता है।
करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से करने वाले प्राणेश ने न्यूजबाइट्स में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में भी भूमिका निभाई। लॉकडाउन में 'सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां' लघुकथा संग्रह भी लिखा। IIMC, नई दिल्ली में PTI अवॉर्ड से सम्मानित प्राणेश ने स्मार्टफोन, AI, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन जैसे विषयों पर गहराई से तथ्यात्मक रिपोर्टिंग की है। काम के अलावा उन्हें लिखना और सफर करना पसंद है, दोनों ही उनके लिए दुनिया को समझने और कहानियों में बदलने का जरिया हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।