काम की बात: पूरी Train की बोगी हो जाएगी आपकी! शादी और ग्रुप टूर के लिए ऐसे बुक करें पूरी ट्रेन या कोच

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

How to book entire train coach for weddings: अगर आप शादी, यात्रा या ग्रुप टूर के लिए पूरी ट्रेन या पूरा कोच बुक करना चाहते हैं, तो यहां हम आपको इसका सिंपल तरीका बता रहे हैं। कितना आएगा खर्च और कैंसिल करने पर कितना रिफंड मिलेगा, जानिए हर सवाल का जवाब

How_to_book_a_train_coach_for_wedding

Indian Railways coach booking rules: घर में शादी है और बारात लेकर कहीं दूर जाना है तो आप मेहमानों को ले जाने के लिए पूरी ट्रेन या एक पूरा कोच (बोगी) बुक कर सकते हैं। भारतीय रेलवे यात्रियों को अपने फुल टैरिफ रेट (FTR) सर्विस के माध्यम से शादी, ट्रैवल और ग्रुप टूर जैसे विशेष अवसरों के लिए पूरी ट्रेन या एक पूरा कोच बुक करने की सुविधा देता है। यह काम IRCTC के जरिए मैनेज किया जाता है। यह कोई नई सुविधा नहीं है। रेलवे काफी समय से लोगों को यह सुविधा दे रहा है लेकिन अभी भी कई लोगों को इस प्रोसेस के बारे में जानकारी नहीं है। चलिए आज इसी बारे में बात करते हैं और जानते हैं इसका प्रोसेस क्या है...

शादियों, टूर और ग्रुप ट्रिप के लिए ट्रेन का कोच कैसे बुक करें

इंडियन रेलवे के नियमों के मुताबिक, सभी रेलवे जोन के स्टेशनों से शुरू होने वाली यात्राओं के लिए FTR (फुल टैरिफ रेट) ट्रेनों की ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। हालांकि, चार्टर्ड कोच सिर्फ उन्हीं स्टेशनों पर जोड़े या हटाए जा सकते हैं जहां ट्रेन का तय स्टॉपेज 10 मिनट या उससे ज्यादा का हो। सभी ट्रेनों में कोच नहीं जोड़े जा सकते। आप मेहमानों की संख्या के आधार पर कोच बुक कर सकते हैं। एक कोच में आमतौर पर 50-80+ यात्री (कोच टाइप के हिसाब से) आ सकते हैं।

- इंडियन रेलवे की पूरी ट्रेन या कोच की बुकिंग का समय

नियमों के अनुसार, FTR रजिस्ट्रेशन यात्रा की तारीख से ज्यादा से ज्यादा छह महीने पहले और कम से कम 30 दिन पहले किया जा सकता है। FTR बुकिंग के तहत, यात्री एक ट्रेन में कम से कम एक और ज्यादा से ज्यादा दो कोच बुक कर सकते हैं, बशर्ते तकनीकी रूप से ऐसा करना संभव हो। अगर पूरे ट्रेन बुक करनी है तो, नियमों के अनुसार, कोई पार्टी कम से कम 18 कोच ((2 SLR सहित) बुक कर सकते हैं और ज्यादा से ज्यादा 24 कोच ((2 SLR/GEN सहित) बुक कर सकती है। अगर आप कम कोच चाहते हैं तब भी मिनिमम 18 कोच का डिपोजिट देना पड़ता है।

इसके लिए IRCTC FTR पोर्टल (https://www.ftr.irctc.co.in/) पर जाएं। ईमेल और मोबाइल नंबर से रजिस्टर करें। नियमों के अनुसार, पार्टी को ऑनलाइन फॉर्म के जरिए बुकिंग का टाइप (शादी, यात्रा), यात्रा की जानकारी (ओरिजन, डेस्टिनेशन, तारिख, कोच टाइप जैसे Sleeper, 3AC, 2AC आदि), कोच की जरूरतें, रूट और दूसरी जानकारी देनी होती है।

- इंडियन रेलवे में कोच या ट्रेन बुक करने के लिए कितने सिक्योरिटी डिपॉजिट की जरूरत होती है?

बुकिंग के समय प्रति कोच 50,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन-कम-सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होता है। अगर कोई पार्टी 18 से कम कोच वाली पूरी ट्रेन भी बुक करती है, तो भी कम से कम 18 कोच के हिसाब से सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करना होगा, जो 9 लाख रुपये है। पेमेंट सफल होने के बाद, एक ऑटोमैटिक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिसका इस्तेमाल बुकिंग से जुड़ी आगे की सभी बातचीत के लिए किया जा सकता है।

- इंडियन रेलवे में कोच या ट्रेन बुक करने के लिए किराए का भुगतान

IRCTC द्वारा बताए गए किराए की पूरी रकम यात्रा की तारीख से कम से कम सात वर्किंग डे पहले या IRCTC द्वारा बताई गई तारीख तक (जो भी पहले हो) जमा करनी होगी। इसमें कहा गया है, "IRCTC को सभी भुगतान केवल ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए ही किए जाने चाहिए।"

- इंडियन रेलवे FTR बुकिंग: सिक्योरिटी डिपॉजिट रिफंड के नियम

नियमों के अनुसार, रेलवे की सलाह के मुताबिक लागू होने वाले किसी भी कम चार्ज (undercharges) को एडजस्ट करने के बाद IRCTC सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस कर देगा। रिफंड की प्रक्रिया तभी शुरू होगी जब पार्टी रेलवे द्वारा जारी 'नो ड्यूज सर्टिफिकेट' के साथ पूरा ट्रेन फोल्डर जमा कर देगी।

यात्रा पूरी होने के बाद, टूर फोल्डर/रसीद (ओरिजिनल), सर्टिफाइड पैसेंजर नेम लिस्ट, 'नो डैमेज सर्टिफिकेट' और दूसरे जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ 21 दिनों के अंदर IRCTC ऑफिस में जमा करने होंगे। बयान में कहा गया है, "21 दिनों के बाद कोई फोल्डर जमा नहीं किया जाएगा और इसलिए RMSD का रिफंड प्रोसेस नहीं किया जा सकेगा।"

- इंडियन रेलवे FTR बुकिंग कैंसिलेशन नियम: चार्ज के बारे में जानें

रेलवे के FTR बुकिंग नियमों के अनुसार, कैंसिलेशन चार्ज इस बात पर निर्भर करते हैं कि बुकिंग कब कैंसिल की गई है।

1. अगर स्पेशल ट्रेन या कोच के लिए बुकिंग रिक्वेस्ट तय यात्रा की तारीख से दो दिन पहले या उससे भी पहले कैंसिल की जाती है, तो सिक्योरिटी डिपॉजिट का 10% हिस्सा कैंसिलेशन चार्ज के तौर पर काटा जाएगा।

2. अगर यात्रा की तारीख से एक दिन पहले (यात्रा वाले दिन को छोड़कर) ट्रेन के तय समय से चार घंटे पहले तक बुकिंग कैंसिल की जाती है, तो लागू किराए का 25% हिस्सा काटा जाएगा।

3. अगर ट्रेन के तय समय से चार घंटे के अंदर या ट्रेन के निकलने के बाद बुकिंग कैंसिल की जाती है, तो लागू किराए का 50% हिस्सा कैंसिलेशन फीस के तौर पर लिया जाएगा।

4. हालांकि, अगर IRCTC/रेलवे की तरफ से FTR रिक्वेस्ट को मुमकिन न होने के कारण कैंसिल कर दिया जाता है, तो कोई चार्ज नहीं लगेगा। ऐसे मामलों में पूरा डिपॉजिट वापस कर दिया जाएगा।

रेलवे ने कहा, "कोच/ट्रेन के रजिस्ट्रेशन से कोच/ट्रेन मिलने की गारंटी नहीं मिलती है। यह कोच की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। ट्रेन के निकलने से 48 घंटे पहले पूरा पेमेंट करना होगा। प्राथमिकता IRCTC को रजिस्ट्रेशन की रकम मिलने के समय और सफल FTR नंबर जनरेशन पर आधारित होगी।"

Arpit Soni

लेखक के बारे में

Arpit Soni

अर्पित सोनी को शुरुआत से ही नए-नए गैजेट्स को एक्सप्लोर करने और उन्हें आजमाने का शौक रहा है। अब अर्पित ने अपनी इस हॉबी को ही अपना पेशा बना लिया है। भोपाल के रहने वाले अर्पित को नए-नए गैजेट्स का रिव्यू करना और उनके बारे में लिखना काफी पसंद है। टेक्नोलॉजी, रोबोट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इनसे जुड़ी खबरें लिखना भी इन्हें काफी भाता है। लाइव हिन्दुस्तान में अर्पित पिछले चार साल से बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 9 साल का अनुभव है। अर्पित ने मीडिया जगत में शुरुआत एक रीजनल चैनल से की थी। इससे बाद उन्होंने नवभारत टाइम्स और दैनिक भास्कर की गैजेट्स बीट में काम किया। अर्पित की स्कूलिंग भोपाल से हुई है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की है। मीडिया में झुकाव के चलते उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से पोस्ट ग्रेजुएशन करके मीडिया जगत में एंट्री की। मीडिया में इन्हें आठ साल से ज्यादा समय हो चुके हैं और सफर अभी जारी है। गैजेट्स के अलावा, इन्हें नई-नई जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने का भी बहुत शौक है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।