काम की बात: Google Chrome चला रहे हैं तो सावधान, सरकार की चेतावनी- हैक हो सकता है सिस्टम; ऐसे रहें सेफ

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अगर आप भी Google Chrome का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। ब्राइजर के करोड़ों यूजर्स पर हैकिंग का खतरा मंडरा रहा है। खुद सरकार की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने लोगों को अलर्ट किया है और सुरक्षित रहने का उपाय भी बताया है। देखें आप सेफ है या नहीं।

google chrome at risk

Google Chrome के करोड़ों यूजर्स पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। यदि आप अपने लैपटॉप या डेस्कटॉप पर Google Chrome का उपयोग करते हैं, तो आपके ब्राउजर को अपडेट करने का समय आ गया है। कई महत्वपूर्ण सुरक्षा कमजोरियों का पता चलने के बाद कंपनी अब भारत में अपने करोड़ों क्रोम यूजर्स से लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल करने का आग्रह कर रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, ये खामियां, जिन्हें सरकारी साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने भी चिह्नित किया है, हैकर्स को संवेदनशील जानकारी चुराने, सिक्योरिटी प्रोटेक्शन्स को बायपास करने, मलिशियस कोड एग्जीक्यूट करने, या यहां तक ​​कि टारगेट डिवाइस का पूरा कंट्रोल अपने हाथों में लेने की अनुमति दे सकती हैं। क्या है पूरा मामला, आइए जानते हैं...

क्रोम यूजर्स पर हैकिंग का खतरा

भारत सरकार के अंतर्गत काम करने वाली इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) साइबर सिक्योरिटी एजेंसी की ओर से जारी की गई नई एडवाइजरी के अनुसार, Windows, Mac या Linux कंप्यूटर पर Google Chrome इस्तेमाल करने वाले लोगों को हैकिंग का ज्यादा खतरा है।

पुराने वर्जन पर चलने वाले सिस्टम खतरे में

एजेंसी ने कहा, “गूगल क्रोम में कई कमजोरियों का पता चला है, जिनका फायदा उठाकर कोई दूर बैठा हमलावर टारगेट सिस्टम में मनमाना कोड चला सकता है, सुरक्षा पाबंदियों को बायपास कर सकता है, संवेदनशील जानकारी जाहिर कर सकता है और टारगेट किए गए सिस्टम पर 'डिनायल ऑफ सर्विस' (DoS) की स्थिति पैदा कर सकता है।”

एजेंसी की हालिया रिपोर्ट से पता चला है कि ये कमियां Windows और macOS पर Google Chrome के 150.0.7871.114/.115 से पुराने वर्जन और Linux पर 150.0.7871.114 से पुराने वर्जन को प्रभावित करती हैं।

सरकारी साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने इन कमियों को 'क्रिटिकल' (गंभीर) रेटिंग दी है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि हमलावर इन कमियों का फायदा उठाकर मलिशियस कोड चला सकते हैं, सिक्योरिटी सुरक्षा को बायपास कर सकते हैं, संवेदनशील जानकारी चुरा सकते हैं या ब्राउजर को क्रैश भी कर सकते हैं।

एजेंसी ने कहा कि खामियां ओजोन, WebRTC, एक्सटेंशन, ऑटोफिल, पेमेंट्स, फॉर्म, IndexedDB, V8, ANGLE, WebGL, नेविगेशन, पासवर्ड और कोडेक्स सहित कई क्रोम कंपोनेंट्स से जुड़ी हैं।

सिस्टम का पूरो कंट्रोल भी ले सकता है हैकर

एक हैकर किसी विशेष रूप से तैयार किए गए मलिशियस वेबपेज को खोलने के लिए यूजर को धोखा देकर इन खामियों का फायदा उठा सकता है। यदि हमला सफल होता है, तो वे यूजर के सिस्टम तक अनऑथराइज्ड एक्सेस प्राप्त कर सकते हैं, संवेदनशील डेटा से समझौता कर सकते हैं, ब्राउजर सुरक्षा प्रतिबंधों को बायपास कर सकते हैं, या सर्विस को बाधित कर सकते हैं।

सेफ रहने के लिए तुरंत करें ये काम

सुरक्षित रहने के लिए, साइबर सिक्योरिटी एजेंसी ने सभी Google Chrome यूजर्स को गूगल द्वारा जारी लेटेस्ट ब्राउजर अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है। क्रोम को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करने से ये सुरक्षा खामियां ठीक हो जाती हैं और आपके डिवाइस को संभावित साइबर हमलों से बचाने में मदद मिलती है। आप मैनुअली भी लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल कर सकते हैं। इसके लिए ब्राउजर खोलकर, टॉप-राइड कॉर्नर में मौजूद तीन-डॉट वाले मेनू पर क्लिक करके, 'हेल्प -> अबाउट गूगल क्रोम' चुनकर और ब्राउजर को रीस्टार्ट करने से पहले उपलब्ध अपडेट्स को इंस्टॉल करके गूगल क्रोम को अपडेट कर सकते हैं।

Arpit Soni

लेखक के बारे में

Arpit Soni

अर्पित सोनी को शुरुआत से ही नए-नए गैजेट्स को एक्सप्लोर करने और उन्हें आजमाने का शौक रहा है। अब अर्पित ने अपनी इस हॉबी को ही अपना पेशा बना लिया है। भोपाल के रहने वाले अर्पित को नए-नए गैजेट्स का रिव्यू करना और उनके बारे में लिखना काफी पसंद है। टेक्नोलॉजी, रोबोट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इनसे जुड़ी खबरें लिखना भी इन्हें काफी भाता है। लाइव हिन्दुस्तान में अर्पित पिछले चार साल से बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 9 साल का अनुभव है। अर्पित ने मीडिया जगत में शुरुआत एक रीजनल चैनल से की थी। इससे बाद उन्होंने नवभारत टाइम्स और दैनिक भास्कर की गैजेट्स बीट में काम किया। अर्पित की स्कूलिंग भोपाल से हुई है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग की है। मीडिया में झुकाव के चलते उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से पोस्ट ग्रेजुएशन करके मीडिया जगत में एंट्री की। मीडिया में इन्हें आठ साल से ज्यादा समय हो चुके हैं और सफर अभी जारी है। गैजेट्स के अलावा, इन्हें नई-नई जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने का भी बहुत शौक है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।